शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Indian women team, world record
Written By
Last Updated : सोमवार, 15 मई 2017 (21:57 IST)

दीप्ति दोहरे शतक से चूकीं, भारत ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

दीप्ति दोहरे शतक से चूकीं, भारत ने बनाया विश्व रिकॉर्ड - Indian women team, world record
पोचेफस्ट्रूम। ओपनर दीप्ति शर्मा (188) एकदिवसीय इतिहास में दोहरा शतक बनाने वाली पहली भारतीय बल्लेबाज बनने से चूक गईं लेकिन उन्होंने साथी ओपनर पूनम राउत (109) के साथ महिला वनडे क्रिकेट में साझेदारी का नया विश्व रिकॉर्ड कायम कर दिया।
        
दीप्ति और पूनम के शानदार शतकों तथा उनके बीच पहले विकेट के लिए 320 रन की विश्व रिकार्ड साझेदारी की बदौलत भारत ने चार देशों के टूर्नामेंट में सोमवार को आयरलैंड के खिलाफ 50 ओवर में तीन विकेट पर 358 रन का विशाल स्कोर बना दिया। यह भारत का महिला वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक स्कोर भी है। 
           
इसके जवाब में आयरलैंड की टीम 40 ओवर में 109 रन पर ढेर हो गई और उसे 249 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा। भारत के इस जीत के बाद 19 अंक हो गए हैं और उसने फाइनल में भी जगह बना ली है।  
          
19 वर्षीय दीप्ति ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलते हुए 160 गेंदों पर 188 रन में 27 चौके और 2 छक्के लगाए। यह उनका पहला वनडे शतक भी था। वह मात्र 12 रन से वनडे में दोहरा शतक बनाने वाली पहली भारतीय बल्लेबाज बनने से चूक गईं लेकिन उन्होंने एकदिवसीय इतिहास में दूसरा व्यक्तिगत स्कोर बना दिया। ऑस्ट्रेलिया की बेलिंडा क्लार्क के नाम नाबाद 229 रन का विश्व रिकॉर्ड है।
          
दीप्ति ने पूनम के साथ पहले विकेट के लिए 45.3 ओवर में 320 रन की साझेदारी की जो महिला क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए साझेदारी का नया विश्व रिकार्ड है। आज तक किसी भी विकेट के लिए महिला क्रिकेट में 300 रन नहीं बने थे लेकिन इन दो भारतीय बल्लेबाजों ने यह कारनामा कर दिखाया। 
      
पूनम ने 116 गेंदों पर 109 रन में 11 चौके लगाए। 27 वर्षीय पूनम का यह पहला वनडे शतक है और इसके साथ ही उन्होंने वनडे क्रिकेट में 1000 रन भी पूरे कर लिए हैं।
          
महिला और पुरुष क्रिकेट दोनों में यह वनडे की तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और मार्लोन सैमुअल्स ने फरवरी 2015 में जिम्बाब्वे के खिलाफ कैनबरा में दूसरे विकेट के लिए 372 रन की साझेदारी की थी जबकि भारत के सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ ने नवंबर 1999 में हैदराबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे विकेट के लिए 331 रन की साझेदारी की थी। उसके बाद अब यह 320 रन की साझेदारी हुई है।
             
भारतीय ओपनिंग जोड़ी में 100 रन 22.3 ओवर में, 200 रन 35.3 ओवर में और 300 रन 43.3 ओवर में पूरे किए। दीप्ति ने इससे पहले अपने 18 वनडे में 478 रन बनाए थे लेकिन इस बार उन्होंने 188 रन ठोंक डाले। दीप्ति के 50 रन 82 गेंदों में , 100 रन 126 गेंदों में और 150 रन 144 गेंदों में पूरे हुए। पूनम ने 50 रन 68 गेंदों में और 100 रन 109 गेंदों में पूरे किए। दीप्ति का थोड़ा दुर्भाग्य रहा कि वह 200 रन पूरे करने से 12 रन से चूक गईं। रेचल डिलानी ने उन्हें बोल्ड किया। 
 
दीप्ति का विकेट 320 के स्कोर पर गिरा। पूनम 109 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुईं। शिखा पांडे ने 27 रन बनाकर भारत को 358 तक पहुंचाया। यह भारत का महिला वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक स्कोर भी है। इससे पहले भारत का सर्वाधिक स्कोर दो विकेट पर 298 रन था, जो उसने धनबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ फरवरी 2004 में बनाया था।
           
विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरलैंड की तरफ से मैरी वाल्ड्रोन ने सर्वाधिक 35 रन बनाए। राजेश्वरी गायकवाड़ ने मात्र 18 रन देकर चार विकेट और शिखा पांडेय ने 16 रन पर तीन विकेट लिए।