• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. India Newzealand test
Written By
Last Updated : रविवार, 2 अक्टूबर 2016 (19:55 IST)

दूसरे टेस्ट मैच में भारत को 339 रनों की बढ़त

दूसरे टेस्ट मैच में भारत को 339 रनों की बढ़त - India Newzealand test
कोलकाता। रोहित शर्मा (82) के शानदार अर्द्धशतक और उनकी विकेटकीपर रिद्धिमान साहा (नाबाद 39) के साथ सातवें विकेट के लिए 103 रन की बहुमूल्य साझेदारी की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन रविवार को आठ विकेट पर 227 रन बनाकर 339 रन की मजबूत बढ़त हासिल कर ली।  

रोहित और साहा ने भारत को छह विकेट पर 106 रन की नाजुक स्थिति से उबारा और दिन की समाप्ति तक मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। रोहित ने 132 गेंदों पर 82 रन की बेहतरीन पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाए जबकि पहली पारी में नाबाद अर्द्धशतक बनाने वाले साहा ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए 87 गेंदों पर नबाद 39 रन में तीन चौके लगाए।
 
पहली पारी में मात्र दो रन बनाने वाले रोहित ने दूसरी पारी में खुद को सार्थक साबित करते हुए 82 रन बनाए जो उनके करियर का छठा टेस्ट अर्द्धशतक है। उनकी इस पारी के बदौलत भारत ने अपनी बढ़त 339 रन पहुंचाकर अपनी स्थिति काफी मजबूत कर ली है। इस मैदान पर चौथी पारी में किसी विदेशी टीम द्वारा बनाया गया सर्वाधिक स्‍कोर 233 रन का है जो इंग्लैंड ने 1961-62 में बनाया था। 






 
पहली पारी में 112 रन की बड़ी बढ़त हासिल करने के बाद भारत की दूसरी पारी में शुरुआत खराब रही। ओपनर मुरली विजय दूसरी पारी में भी सस्ते में ही आउट हो गए। विजय ने सात रन बनाए। वे पहली पारी में नौ रन ही बना सके थे। हालांकि कानपुर में पहले टेस्ट में उन्होंने दोनों पारियों में अर्द्धशतक जड़े थे।
          
फ्लू से पीड़ित चेतेश्वर पुजारा चार रन ही बना सके कि मैट हेनरी ने उन्हें पगबाधा कर दिया। हेनरी ने विजय का भी विकेट लिया था। भारत के दो विकेट 24 रन पर गिर गए। शिखर धवन दूसरी पारी में 32 गेंद तक टिके। उन्होंने 17 रन में चार चौके लगाए लेकिन ट्रेंट बोल्ट ने उन्हें पगबाधा कर दिया। भारत का तीसरा विकेट 34 के स्कोर पर गिरा। शिखर ने पहली पारी में मात्र एक रन बनाया था।
          
अजिंक्य रहाणे भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक पाए और एक रन बनाकर हेनरी का तीसरा शिकार बन गए। इस तरह पहली पारी में अर्द्धशतक बनाने वाले पुजारा और रहाणे दूसरी पारी में सस्ते में निपट गए। कप्तान विराट कोहली ने सीरीज में पहली बार डटकर खेलते हुए 65 गेंदों में सात चौकों की मदद से 45 रन बनाए।
          
विराट सीरीज के अपने पहले अर्द्धशतक की तरफ अग्रसर थे लेकिन बोल्ट ने उन्हें पगबाधा कर दिया। रविचंद्रन अश्विन पांच रन बनाने के बाद लेफ्ट आर्म स्पिनर मिशेल सेंटनर की गेंद पर पगबाधा हो गए। भारत ने 31वें ओवर तक अपने छह विकेट मात्र 106 रन पर गंवा दिए।
 
रोहित ने चायकाल के बाद डटकर खेलते हुए 89 गेंदों में अपना अर्द्धशतक चार चौकों और दो छक्कों की मदद से पूरा कर लिया। उन्हें साहा ने अच्छा साथ दिया और भारतीय पारी की हालत सुधरती चली गई। रोहित अपने शतक से 18 रन दूर थे कि सेंटनर ने उन्हें ल्यूक रोंची के हाथों कैच करा दिया। रोहित हालांकि शतक से वंचित रह गए, लेकिन उनकी शानदार पारी ने भारत को दिन की समाप्ति तक ड्राइवर सीट पर पहुंचा दिया।
          
रोहित का विकेट गिरने के बाद ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा मैदान पर उतरे और उन्होंने सेंटनर की गेंद पर डीप मिडविकेट पर छक्का मारा, लेकिन इस ओवर की आखिरी गेंद पर वे कैच थमा बैठे। भारत का आठवां विकेट 215 के स्कोर पर गिरा। दिन की समाप्ति पर भारत का स्कोर आठ विकेट पर 227 रन पहुंच चुका था। साहा के साथ भुवनेश्वर कुमार आठ रन बनाकर क्रीज पर हैं। 
          
न्यूजीलैंड की तरफ से हेनरी ने 15.2 ओवर में 44 रन पर तीन विकेट, सेंटनर ने 13 ओवर में 51 रन पर तीन विकेट और बोल्ट ने 14 ओवर में 28 रन पर दो विकेट लिए। 
 
इससे पहले सुबह न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में सात विकेट पर 128 रन से आगे खेलना शुरू किया और उसकी पहली पारी 204 रन पर दोनों बल्लेबाज टीम के स्‍कोर को 182 तक ले गए। ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने पटेल को मोहम्मद शमी के हाथों कैच कराकर साझेदारी को तोड़ा।
          
पटेल ने 47 गेंदों में 47 रन पर नौ चौके लगाए। पटेल का विकेट गिरने के पांच रन बाद ही शमी ने वाटलिंग को पगबाधा कर दिया। उन्होंने 67 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 25 रन बनाए। शमी ने नील वैगनर को भी पगबाधा कर न्यूजीलैंड की पहली पारी 204 रन पर समेट दी।
          
भुवनेश्वर कुमार ने 15 ओवर में 48 रन पर पांच विकेट, शमी ने 18 ओवर में 70 रन पर तीन विकेट, अश्विन ने आठ ओवर में 33 रन पर एक विकेट और रवींद्र जडेजा ने 12 ओवर में 40 रन पर एक विकेट लिया। (वार्ता)