शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. India A, Sri Lanka
Written By
Last Modified: मुंबई , गुरुवार, 30 अक्टूबर 2014 (23:10 IST)

रोहित और पांडे के शतक, भारत 'ए' ने श्रीलंका को हराया

रोहित और पांडे के शतक, भारत 'ए' ने श्रीलंका को हराया - India A, Sri Lanka
मुंबई। चोट से उबरकर वापसी करने वाले रोहित शर्मा और मनीष पांडे के शतकों की मदद से भारत ए ने गुरुवार को यहां श्रीलंका के औसत दर्जे के आक्रमण की धज्जियां उड़ाकर अभ्यास क्रिकेट मैच में 88 रन की बड़ी जीत दर्ज की। 
 
अंगुली में फ्रैक्चर और कंधे की चोट से उबरने के बाद अपना पहला मैच खेल रहे रोहित ने रन आउट होने से पहले 111 गेंद में 142 रन बनाए जबकि पांडे ने 113 गेंद में 135 रन की नाबाद पारी खेली। इन दोनों की बेहतरीन पारियों से भारत ए ने यहां ब्रेबोर्न स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर छह विकेट पर 382 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
 
इसके जवाब में श्रीलंका की टीम नौ विकेट पर 294 रन ही बना पाई। उसकी तरफ से उपुल थरांगा ने सर्वाधिक 76 रन बनाए जबकि भारत ए के लिए लेग स्पिनर कर्ण शर्मा ने 47 रन देकर चार विकेट लिए। 
 
धवल कुलकर्णी और परवेज रसूल ने दो-दो विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया। रोहित और उन्मुक्त चंद (54) ने पहले विकेट के लिए 12.5 ओवर में 96 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई।
 
रोहित ने शुरू में दबदबा बनाया लेकिन उन्मुक्त ने भी लय में आने के बाद आकर्षक शॉट खेले। भारत की अंडर 19 विश्व चैम्पियन टीम के कप्तान उन्मुक्त ने इससे पहले इसी महीने की शुरुआत में वेस्टइंडीज के खिलाफ अभ्यास मैचों में भी नाबाद 79 और 101 रन की पारियां खेली थी।
 
उन्मुक्त ने लाहिरू गमागे की गेंद पर विकेटकीपर कुमार संगकारा को कैच थमाया। उन्होंने 39 गेंद का सामना करते हुए आठ चौके और एक छक्का मारा। रोहित ने इसके बाद पांडे के साथ दूसरे विकेट के लिए 214 रन की साझेदारी की। दोनों ने श्रीलंका की गेंदबाजी के खिलाफ आसानी से रन जुटाए।
 
पांडे ने हालांकि एक छोर संभाले रखा और वह अंत तक नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 15 चौके और एक छक्का मारा। कप्तान मनोज तिवारी ने भी 26 गेंद में दो छक्कों और दो चौकों की मदद से 36 रन की पारी खेली। भारत ए ने 49वें ओवर में तीन विकेट चटकाए लेकिन तब तक टीम विशाल स्कोर खड़ा कर चुकी थी।
 
श्रीलंका ने अपनी 15 सदस्यीय टीम के सभी सदस्यों को खिलाने का विकल्प चुना और उसने 10 खिलाड़ियों से गेंदबाजी कराई। मेहमान टीम ने 26 ओवर के बाद संगकारा को बदल दिया और कुशाल परेरा ने विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली। श्रीलंका की ओर से धम्मिका प्रसाद ने 57 रन देकर तीन विकेट चटकाए जबकि गमागे ने 41 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
 
बड़े लक्ष्य का पीछा करने के लिए उतरे श्रीलंका ने पहले ओवर में कुशाल परेरा (4) का विकेट गंवा दिया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने धवल कुलकर्णी के ओवर की आखिरी गेंद पर विकेट के पीछे कैच दिया। भारत ए को जल्द ही दूसरा विकेट भी मिल गया। 
 
कर्ण शर्मा ने तिलकरत्ने दिलशान को अपने स्पैल की पहली गेंद पर पगबाधा आउट किया। इस 38 वर्षीय बल्लेबाज ने 24 गेंदों पर केवल 14 रन बनाए। उनके आउट होने से श्रीलंका का स्कोर 8.1 ओवर में दो विकेट पर 42 रन हो गया। 
 
नियमित अंतराल में विकेट गिर रहे थे और 32वें ओवर तक श्रीलंका की आधी टीम पैवेलियन लौट चुकी थी। महेला जयवर्धने ने कर्ण की गेंद पर बोल्ड होने से पहले 31 गेंदों पर 33 रन बनाए, जिससे श्रीलंका का स्कोर छह विकेट पर 173 रन हो गया। 
निरोशन डिकवेला (29) और अशान प्रियरंजन (23) ने सातवें विकेट के लिए 51 रन जोड़े। 
 
कुलकर्णी ने डिकवेला को बोल्ड करके यह साझेदारी तोड़ी। सीकुगे प्रसन्ना (नाबाद 21) और चतुरंगा डि सिल्वा (नाबाद 26) ने आखिर में कुछ शॉट लगाए लेकिन इससे वे हार का अंतर ही कम कर पाए। श्रीलंका को भारत के खिलाफ दो नवंबर से शुरू होने वाली पांच एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला से पहले यह एकमात्र अभ्यास मैच खेलना था। (भाषा)