शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. नन्ही दुनिया
  3. कविता
  4. The Village Child

बाल गीत : किससे अब उपचार कराएं?

बाल गीत : किससे अब उपचार कराएं? - The Village Child
अब लगती है कथा-कहानी,
है सच्ची पर बात पुरानी।


 
नदी भरी थी नीले जल से,
झरनों के स्वर थे कल-कल के।
 
पर्वत-जंगल हरियाली थी,
सभी ओर बस खुशहाली थी।
 
वह दिन कैसे वापस आएं,
किससे अब उपचार कराएं?
 
लोग खुले दिलवाले थे तब,
मन के भोले-भाले थे तब।
 
जैसे भीतर, वैसे बाहर,
खुशी बांटते मुट्ठी भर-भर।
 
मन के भीतर द्वेष नहीं था,
घृणाभाव भी शेष नहीं था।
 
रोते चेहरे फिर हंस पाएं,
किससे अब उपचार कराएं?
 
बहुत हुई छल-छंद बनावट,
झूठी मुस्कानों की जमघट।
 
रिश्ते-नाते सिर्फ दिखावा,
हुई जिंदगी एक तमाशा।
 
पैसे फेंको काम कराओ,
पैसे से ही इज्जत पाओ।
 
कैसे मिथ्याचार हटाएं,
किससे अब उपचार कराएं?