• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. आईटी
  4. »
  5. लर्निंग जोन
Written By ND

अब साइबर कब्र और ई-श्रद्धांजलि भी

आईटी
बीजिंग। चीन में लोगों ने अपनी व्यस्तता को देखते हुए दिवंगत परिजनों को ऑनलाइन श्रद्धांजलि देने का रिवाज बना लिया है । लोग वक्त की कमी के चलते दिवंगत परिजनों की कब्र तक नहीं पहुंच पाते इसलिए ये लोग 'साइबर कब्र' बनाते हैं और माउस क्लिक करके श्रद्धांजलि अर्पित कर देते हैं।

समाचार पत्र 'चाइना डेली' के अनुसार यह प्रचलन चीन में मनाए जाने वाले 'क्विंगमिंग' के मौके पर कुछ ज्यादा ही बढ़ जाता है। इस परंपरागत त्योहार में लोग अपने दिवंगत परिजनों की कब्र पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं। छुट्टियों की कमी के चलते कई बार लोग इस मौके पर अपने गृहनगर नहीं पहुँच पाते हैं। इस तरह की दिक्कत का सामना करने वालों के लिए यह एक नायाब तरीका है।

बीजिंग के एक वकील सोंग किन ने अपने दादा-दादी की ऑनलाइन कब्र बनाई हुई है। इस कब्र पर उन्होंने अपने दादा-दादी के चित्र लगा रखे हैं। साथ ही उनकी याद में काफी कुछ लिखा भी है।

इस सेवा की शुरुआत चीन अंतिम संस्कार संघ द्वारा की गई है। संघ का दावा है कि 14000 से ज्यादा ऑनलाइन कब्रों की स्थापना हो चुकी है। ऑनलाइन कब्र का निर्माण करने वाले वेबसाइट पर जाकर मानचित्र में कब्रिस्तान के लिए जगह चुनते हैं।