• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. आईपीएल 2009
  4. »
  5. समाचार
  6. डेक्कन चार्जर्स की लगातार तीसरी जीत
Written By भाषा

डेक्कन चार्जर्स की लगातार तीसरी जीत

मुंबई इंडियंस को 12 रनों से हराया

मुंबई इंडियंस डेक्कन चार्जर्स इंडियन प्रीमियर लीग आईपीएल
हर्शल गिब्स की 58 रन की आक्रामक पारी के बाद प्रज्ञान ओझा की फिरकी के जाल के दम पर डेक्कन चार्जर्स हैदराबाद ने शनिवार को मुंबई इंडियंस को 12 रन से हराकर इंडियन प्रीमियर लीग में लगातार तीसरी जीत दर्ज की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए चार्जर्स ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 168 रन बनाए जिसमें गिब्स के 44 गेंद में 58 कप्तान, एडम गिलक्रिस्ट के 20 गेंद में 35 और डेवोन स्मिथ के 22 गेंद में 35 रन शामिल थे। जवाब में सचिन तेंडुलकर की अगुआई वाली मुंबई की टीम सात विकेट पर 156 रन ही बना सकी।

बारिश के कारण रद्द हुए पिछले मैच में राजस्थान रायल्स से अंक बाँटने वाली मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ही ओवर में सनत जयसूर्या को आरपी सिंह ने पैवेलियन भेज दिया जब स्कोर बोर्ड पर चार ही रन टंगे थे। इसके बाद तेंडुलकर और डुमिनी ने 82 रन की साझेदारी की।

कल अपना 36वाँ जन्मदिन मनाने वाले तेंडुलकर ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए 27 गेंद में 36 रन की अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए। उन्हें स्पिनर प्रज्ञान ओझा ने गिब्स के हाथों लपकवाकर इस साझेदारी को तोड़ा। मैन ऑफ द मैच ओझा ने चार ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट लिए।

उनका दूसरा शिकार शिखर धवन बने जिसे मुंबई ने दिल्ली डेयरडेविल्स से खरीदा है। डुमिनी के रूप में तीसरा विकेट लेकर उन्होंने मुंबई की जीत की उम्मीदों पर लगभग पानी फेर दिया। डुमिनी ने 40 गेंद में चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 47 रन बनाए।

पहले मैच में आक्रामक बल्लेबाजी करने वाले अभिषेक नायर ने आते ही छक्का लगाकर कुछ उम्मीद बँधाई लेकिन ज्यादा देर टिक नहीं सके। उन्हें एडवर्ड्स ने विकेट के पीछे गिलक्रिस्ट के हाथों लपकवाया। वेस्टइंडीज के इस गेंदबाज का अगला शिकार उनके हमवतन ब्रावो बने जो 18 गेंद में 21 रन बनाकर पगबाधा आउट हुए।

इस समय मुंबई का स्कोर 19वें ओवर में छह विकेट पर 144 रन था और हार लगभग तय हो चुकी थी। हरभजन सिंह ने दो छक्के और एक चौका जड़कर आठ गेंद में 20 रन बनाए लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

इससे पहले गिब्स ने 44 गेंद में 58 रन बनाकर चार्जर्स को अच्छी शुरुआत दी लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाजों के नाकाम रहने से यह टीम मुंबई को 169 रन का लक्ष्य ही दे सकी। गिब्स ने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के लगाए।

डेक्कन चार्जर्स के लिए गिलक्रिस्ट (35) और हर्शल गिब्स ने बेहतरीन शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़े। गिब्स ने चमकीला अर्धशतक लगाया। वे 44 गेंदों में 58 रन बनाकर रन आउट हुए। ड्वान स्मिथ ने भी 22 गेंदों में 35 रनों की तेज पारी खेली।

मुंबई इंडियंस टीम सचिन तेंडुलकर (36), जेपी डुमिनी (47), हरभजनसिंह (20) के प्रयासों की बदौलत मुकाबले में नजर आई लेकिन अंत में वह लक्ष्य से 12 रन दूर रह गई।