सोमवार, 28 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. आईपीएल 2017
  4. IPL-10, Virat Kohli, Royal Challengers Bangalore
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 28 अप्रैल 2017 (19:16 IST)

IPL-10 में क्यों गायब हो गई विराट कोहली की शेर जैसी दहाड़?

IPL-10 में क्यों गायब हो गई विराट कोहली की शेर जैसी दहाड़? - IPL-10, Virat Kohli, Royal Challengers Bangalore
नई दिल्ली। कोई महीने भर पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में कंधा तुड़वा बैठे भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे खतरनाक बल्लेबाज और कप्तान विराट कोहली की आईपीएल के दसवें संस्करण में शेर जैसी दहाड़ एक बार भी सुनाई नहीं दी। बल्ले से निकलने वाला रनों का झरना भी सूख सा गया है। कोहली की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंसर्स बेंगलुरु की हालत बेहद खस्ता है और अब तो वह आईपीएल से बाहर होने की कगार पर खड़ा है।
 
विराट कोहली का लगातार फ्लॉप प्रदर्शन और टीम की करारी शिकस्त से बेंगलुरु की कहानी इस आईपीएल में लगातार बिगड़ती ही ची जा रही है। यही नहीं कप्तान विराट का प्रदर्शन इंग्लैंड में होने वाली चैम्पियंस ट्रॉफी से पहले टीम इंडिया की धड़कनें भी बढ़ा रहा है।
         
भारत के तीनों फार्मेट के कप्तान विराट के प्रदर्शन में भी आईपीएल में गिरावट देखने को आ रही है और इंग्लैंड में जून में होने वाली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर टीम इंडिया की चिंताएं भी बढ़ने लगी हैं। विराट आईपीएल के पिछले दो मैचों में कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ शून्य और गुजरात लायंस के खिलाफ 10 रन ही बना पाए।
         
इन दोनों ही मैचों में बेंगलुरु की टीम ऑल आउट हो गई। आईपीएल इतिहास में यह पहली बार है जब बेंगलुरु की टीम लगातार दो मैचों में ऑल आउट हुई है। इनमें से कोलकाता के खिलाफ मात्र 49 रन पर लुढ़क जाना विराट की टीम के लिए सबसे निराशाजनक था। यह आईपीएल का सबसे न्यूनतम स्कोर भी था। 
         
28 वर्षीय विराट फिलहाल टूर्नामेंट में अपनी टीम को उस तरह प्रेरित नहीं कर पा रहे हैं, जिस तरह उन्होंने गत वर्ष किया था और अपनी टीम को फाइनल तक पहुंचाया था। विराट का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में प्रदर्शन निराशाजनक रहा था और कंधे की चोट के कारण वह चौथे तथा अंतिम टेस्ट में नहीं खेल पाए थे। इसी चोट के कारण विराट आईपीएल 10 के शुरूआती तीन मैचों से भी बाहर रहे थे। 
                 
टेस्ट सीरीज में विराट ने पुणे में शून्य और 13, बेंगलुरु में 12 और 15 तथा रांची में तीसरे टेस्ट में मात्र 6 रन बनाए थे। इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ ट्वंटी 20 सीरीज में विराट ने 29, 21 और दो के स्कोर बनाए। हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्होंने 122, आठ और 55 के स्कोर किए।    
                
आईपीएल 10 में उतरने के बाद उन्होंने अपने पहले ही मैच में मुंबई इंडियन्स के खिलाफ 62 रन की अच्छी पारी खेली। उन्होंने फिर राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के खिलाफ 28 और गुजरात लायंस के खिलाफ 64 रन बनाए लेकिन अगले दो मैचों में वह शून्य और 10 रन ही बना पाए।
                  
विराट के इस प्रदर्शन का सीधा असर बेंगलुरु के प्रदर्शन पर भी दिखाई दे रहा है। टीम अब तक नौ मैचों में सिर्फ दो ही जीत पाई है और इसके अलावा उसे एक अंक मैच सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच बारिश के कारण रद्द हो जाने से मिला। 
                 
भारतीय कप्तान ने आईपीएल नौ के पिछले सत्र में 16 मैचों में चार शतकों और सात अर्धशतकों की मदद से रिकॉर्ड 973 रन बनाए थे। लेकिन विराट का बल्ला इस बार वैसी आग नहीं उगल पा रहा है। विराट के साथ साथ क्रिस गेल और एबी डीविलियर्स जैसे दिग्गज बल्लेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन टीम को डुबोने का पूरा काम कर रहा है। इस तिकड़ी ने गुजरात के खिलाफ पिछले मैच में 35 गेंदों में कुल मिलाकर मात्र 23 रन बनाए थे।
        
आईपीएल में बेंगलुरु का हश्र चाहे जो भी हो लेकिन विराट की फॉर्म में गिरावट ने टीम इंडिया की चिंता बढ़ा दी है। अपने सबसे बड़े बल्लेबाज का यह प्रदर्शन इंग्लैंड में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के खिताब बचाओ अभियान पर असर डाल सकता है।
                  
विराट का वैसे भी इंग्लैंड में प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा है। विराट ने 2014 में इंग्लैंड में वनडे सीरीज में चार मैचों में शून्य, 40, नाबाद एक और 13 के स्कोर बनाए। इंग्लैंड में हुई पिछली चैंपियंस ट्रॉफी में विराट ने 31, 22, नाबाद 22, नाबाद 58 अौर 43 के स्कोर बनाए। वर्ष 2014 के इंग्लैंड दौरे में विराट ने एक, आठ, 25, शून्य, 39, 28, 0, 7, 6 और 20 के स्कोर बनाए थे।
                  
भारतीय कप्तान का इंग्लैंड की जमीन पर यह रिकॉर्ड वैसे ही टीम इंडिया के लिए खतरे की घंटी है और आईपीएल में उनकी टीम की लगातार पराजय ने भारत की चिंताएं और बढ़ा दी हैं। (वेबदुनिया/वार्ता)
ये भी पढ़ें
अजलान शाह में जीत से करेंगे शुरुआत : श्रीजेश