• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Nawaz Sharif, Pakistan's parliament
Written By
Last Updated : बुधवार, 5 अक्टूबर 2016 (21:20 IST)

बौखलाए नवाज, फिर बताया बुरहान वानी को हीरो

Nawaz Sharif
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा कि उनका देश भारत के साथ युद्ध नहीं चाहता लेकिन भारत की किसी भी चुनौती, दबाव और युद्ध का सामना करने को तैयार है। शरीफ ने संसद के दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि पाकिस्तान भारत से युद्ध नहीं चाहता लेकिन यदि उसे कोई चुनौती दी जाती है तो पाकिस्तान इसके लिए तैयार है। उन्होंने कश्मीर का मुद्दा एक बार फिर उठाते हुए कहा कि पाकिस्तान कश्मीरी जनता के संघर्ष को अपना समर्थन देना जारी रखेगा। 
उन्होंने आतंकवादी बुरहान वानी का उल्लेख कर उसे हीरो और आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन का कमांडर करार दिया। उन्होंने कश्मीर के उरी में भारतीय सैन्य शिविर पर हमले में अपने देश का हाथ होने से साफ इंकार किया और कहा कि भारत के पास इस बात कोई सबूत नहीं हैं।
      
शरीफ ने संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से कश्मीरी लोगों को आत्मनिर्णय करने का अधिकार देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पिछले 70 वर्षों से कश्मीरी लोगों को उनकी इच्छा से वंचित रखा जा रहा है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय भी उनके अधिकार को दिलाने में विफल रहा है।
       
संयुक्त राष्ट्र में हाल में दिए अपने संबोधन का जिक्र करते हुए शरीफ ने कहा कि उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा था कि घाटी की स्थिति की स्वतंत्र जांच कराई जानी चाहिए और कश्मीरी लोगों को तत्काल मदद उपलब्ध कराई जाए। (वार्ता)