Last Modified: वॉशिंगटन ,
शनिवार, 14 अप्रैल 2012 (15:18 IST)
शाहरुख को नस्लीय कारणों से नहीं रोका
PTI
अमेरिका ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान को हवाई अड्डे पर रोके जाने के पीछे किसी भी तरह के नस्लीय भेदभाव या किसी खास पूर्वाग्रह के होने का खंडन किया है।
भारत द्वारा इसकी कड़ी आलोचना किए जाने के बाद अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मार्क टोनर ने कहा कि मैं इसे किसी खास तरह का पूर्वाग्रह नहीं मानूंगा। यह दोनों ही अलग-अलग घटनाएं हैं।
किंग खान को शुक्रवार को न्यूयॉर्क हवाई अड्डे पर आव्रजन अधिकारियों द्वारा दो घंटे तक रोक लिया गया था। खान भारत से एक निजी विमान में सवार होकर येल विश्वविद्यालय के छात्रों को संबोधित करने गए थे।
सुपरस्टार खान के साथ ऐसा दूसरी बार हुआ है। उन्हें 2009 में भी न्यूजर्सी के नेवार्क हवाई अड्डे पर रोका गया था। मार्क टोनर का कहना था कि ऐसे हालातों से बचने के लिए भारतीय लोगों को नई दिल्ली में अमेरिकी दूतावास को अपने कार्यक्रम की जानकारी पहले ही दे देनी चाहिए।
टोनर ने इस मामले को नस्लीय भेदभाव का मामला मामले से इनकार किया। उन्होंने कहा कि जो सबको लगता है मामला वैसा नहीं है। अमेरिका में दसियों हजार मुस्लिम रोज आते-जाते हैं। उन्हें रोका नहीं जाता। (भाषा)