गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. साहित्य
  3. आलेख
  4. Funny Article On Shoes
Written By WD

व्यंग्य : बिना जूते ओलंपि‍क पदक

व्यंग्य : बिना जूते ओलंपि‍क पदक - Funny Article On Shoes
एम.एम.चंद्रा
एक फिल्मी गाना शादी-विवाह में आज तक चलाया जाता है - “जूते दे दो, पैसे ले लो”। लगता था यह जूते वाला खेल बस घर तक ही सीमित है, लेकिन जब एक फिल्म आई “भाग मिल्खा भाग”, तो यह जूता घर से बाहर निकल कर खेल के मैदान तक पहुंच गया। उसे देखकर लगता था कि मिल्खा सिंह बिना जूते दौड़ा और अपना पैर घायल करवा लिया। हमें तो यही लगा कि शायद उस समय भारत एक गरीब देश होगा, जिसके पास अपने खिलाड़ियों को देने के लिए जूते तक नहीं थे।

 
कुछ दिनों बाद जूते की महिमा चारों तरफ गाई जाने लगी और वह घर और खेल की दुनिया से निकल कर राजनीति तक पहुंच गया। यह इसका गुणात्मक विस्तार और गहराई में बहुत से लोग डूब रहे थे। जूते का राजनीति में आना और उसका भरपूर प्रयोग होना यह कोई अकस्मात घटना नहीं है। पहले से ही जूते का प्रयोग होता रहा है। अब बहुत से लोगों को अपनी राजनीति चमकाने का बहुत अच्छा हथियार मिल चुका है। कम से कम अब छर्रे वाली बंदूक का इस्तेमाल करके राजनीति तो नहीं करनी पड़ेगी।
 
पूरी दुनिया में जूते फेंकने की परंपरा थोड़ी-सी नई जरूर है, लेकिन समय, देश-काल के अनुसार यह अपने में परिवर्तन जरूर कर रही है। आज पूरी दुनिया में इसका प्रचलन बड़े पैमाने पर शुरू हो गया है, जिसका प्रारंभ अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश की प्रेस कांफ्रेंस से हुआ। यहां एक इराकी पत्रकार ने उन पर एक के बाद एक दो जूते फेंके। पहला जूता फेंकते ही जैदी ने बुश से कहा कि - “ये इराकी लोगों की ओर से आपको आखरी सलाम है”,  अर्थात सलाम करने के काम भी जूता काम आ रहा था। उसने तुरंत ही दूसरा जूता फेंकते हुए कहा कि “ये ईराक की विधवाओं, अनाथों और मारे गए सभी लोगों के लिए है”, अर्थात शोक सन्देश देने के का भी काम जूता ही करने लगा। जार्ज बुश मुस्कराए! लेकिन इस घटना को गंभीरता से नहीं लिया। वे अच्छी तरह से जानते थे कि ये उनके सम्मान में फेंका गया अनमोल तोहफा है। अब कोई भी इस तोफे से बचने वाला नहीं है।
 
चीन ने देखा की जूते फेंकने की परंपरा बहुत तेजी से विकसित हो रही है, तो उसने तुरंत ही पूरी दुनिया का बाजार सस्ते जूतों से पाट दिया। जूते फेंकने का विस्तार हो ही रहा था। एक साल बाद ही चीनी प्रधानमंत्री वेन जिया बाओ लंदन गए और उन्होंने जैसे ही कैंब्रिज विश्वविद्यालय में भाषण देना शुरू किया। अचानक एक व्यक्ति उठ खड़ा हुआ और चिल्लाया कि इस तानाशाह को और इसके झूठ के पुलिंदों को आप लोग कैसे बर्दाश्त कर पा रहे हैं। अर्थात तानाशाह को जूते मारने और जूठ बोलने वाले का भी स्वागत जूतों से किया जा सकता है। 
 
ये बहुत अच्छी खबर थी कि कम से कम भारत में तो कोई तानाशाह नहीं है न ही यहां जूते फेंकने की नौबत आती थी, क्योंकि यहां के नेता तो फेंकने में विश्वगुरु है ही। भारत में जूते फेंकने की परंपरा नहीं है, सीधे जूते मारने की परंपरा रही है। जूते फेंकने की इस परंपरा ने भारत की प्राचीन संस्कृति को चुनौती दे डाली।
 
लेकिन भारत तो भारत है, वो हर चीज का जुगाड़ कर लेता है। यहां के लोगों ने भी पश्चिम वालों की तरह जूता फेंकने की परंपरा को स्वीकार कर लिया और जूते फेंकने में विश्व गुरु बनने की रह पार चल पड़ा, जिसमें पहला सम्मान चिदंबरम पर जूता उछाल कर किया गया। पत्रकार जरनैल सिख विरोधी दंगों के मामले में दोषी जल्दी न्याय मिलने की खुशी सबको बता रहा था। अर्थात जब किसी को न्याय मिले या न मिले सबको जूता फेंकने की आजादी है। 
 
मनमोहन सिंह, नीतीश कुमार, अरविन्द केजरी वाल जैसे न जाने कितने नेता इस सम्मान का हक प्राप्त कर चुके अब जूतों की भारत में कोई कमी नहीं है। बड़ी से बड़ी कंपनी छोटी से छोटी कंपनी का व्यापार अचानक बढ़ गया है। यह सब जूते का राजनीति में आने से हुआ है, वरना जूते की औकात सबको पता थी। पैर की जूती किसको समझा जाता है, ये भी सबको पता है। खैर सबके दिन फिरते है अब सिर्फ जूते वालो के दिन है। 
 
लेकिन बुनकर की बेटी दुती चंद ने अपने लिए रियो ओलंपिक में दौड़ने के लिए अच्छे जूते मांग कर भारतीय राजनीति और लोकतंत्र का अपमान किया है। उसे अपने फटे जूतों से ही गोल्ड मेडल प्राप्त करके देश का नाम रोशन करना चाहिए था। मेडल कोई याद नहीं रखता लेकिन 'प्रेमचंद के फटे जूते' आज भी सबको याद है। 
 
खेल मंत्रालय इस बार क्या नहीं कर रहा है, कोई देखे तो सही? इस बार भारत अपना सबसे बड़ा दल ओलंपि‍क भेज रहा है। मेडल के लिए प्रचार भी बहुत खूब हो रहा। करोड़ों रुपए “लहरा तिरंगा” स्लोगन में लगाया जा चूका है। इन सब कामों से लगता है कि इस बार सारे पदक भारत की झोली में ही आने वाले हैं। सबसे ज्यादा उम्मीद हमें उन खिलाड़ियों से है, जो बिना संसाधन के खेलने वाले है। 
 
यह दुःख की बात है कि ओडिशा के बुनकर दंपत्ति की बेटी ने तमाम प्रतिबंधों को झेलते हुए दुती चंद, जिसने 100 मीटर की दौड़ के लिए रियो ओलंपिक में स्थान बना लिया, वह जूते की मांग करे। जूते की जरूरत सबसे ज्यादा किसको है? उन खिलाड़ियों को, जो रोज करोड़ों पैसा कमाते है या उन खिलाड़ियों को जो मात्र कई दशकों बाद कोई बड़ा काम करे। फिर यह कोई अनोखी घटना तो है नहीं, इससे पहले भी पीटी उषा यह काम कर चुकी है। 
 
दुती चंद खुशी को तो खुशी होनी चाहिए कि यह पल उसकी जिंदगी का यादगार पल है। वह 36 साल बाद भारतीय महिला ओलंपिक खेलों की 100 मी. फर्राटा दौड़ के लिए क्वालिफाय करने में सफल रही है, यह एक बड़ी उपलब्धि है। अच्छे जूते मांग कर अपने को दुःख न पहुंचाए। उसे सिर्फ ओलंपि‍क पर ध्यान केंद्रि‍त करना चाहिए।
 
दुती चंद रियो ओलंपिक में देश की उम्मीद को जिंदा रखने के लिए प्रार्थना और दुआ जरूरत है, न कि दौड़ लिए अच्छे जूतों की। दुती चंद को सिर्फ दुनिया की सबसे कमजोर धाविकाओं से ही तो मुकाबला करना है। उसके लिए उसके फटे जूते ही बहुत हैं, उसे नये जूते की क्या जरूरत है।
 
दुती चंद को आगाह किया जाता है कि राज्य सरकार से निवेदन न करे, कि मुझे ट्रैक सूट और एक जोड़ी दौड़ने वाले जूते दिए जाएं। देश के लिए अपमान की बात है कि वह भिखारियों की तरह सरकार से जूते मांगे। वैसे सरकार को इस तरफ ध्यान ही नहीं रखना चाहिए। किसी को भी समय से जूते चपल नहीं मिलने चाहिए वरना राजनीति में जूतों का प्रयोग बंद हो जाएगा। तमाम नेताओं की तरह मुख्यमंत्री ने उसे शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया है, अब उसके पदक जितने की संभावना बढ़ गई है।
ये भी पढ़ें
कम उम्र में शादी करने वाली महिला के बच्चे भी करते हैं जल्दी शादी