शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. सेहत
  3. यूँ रहें स्वस्थ
  4. 7 Tips For white patches On Skin
Written By WD

क्या आपको सफेद दाग है? जानें कारण और 7 घरेलू उपाय

क्या आपको सफेद दाग है? जानें कारण और 7 घरेलू उपाय - 7 Tips For white patches On Skin
क्या आपको सफेद दाग है? अगर इसका सही समय पर इलाज न किया जाए तो शरीर पर होने वाला एक छोटा सा सफेद दाग भी भविष्य में आपकी पूरी त्वचा को प्रभावित कर सकता है। सफेद दाग के अलग-अलग कारण हो सकते हैं, लेकिन इसका उपाय बेहद आवश्यक है। जानें इसके कारण और जरूरी उपाय -  

कारण - मेलेनिन बनाने वाली कोशि‍काओं पर प्रतिरोधकता का प्रभाव, अनुवांशि‍कता, पराबैंगनी किरणों का प्रभाव, अत्यधि‍क तनाव, विटामिन बी 12 की कमी, त्वचा पर किसी प्रकार का संक्रमण होना आदि सफेद दाग के लिए जि‍म्मेदार कारण हो सकते हैं। कुछ घरेलू प्रयोग त्वचा की इस असमानता को मिटाने में आपकी मदद कर सकते हैं - 
1 हल्दी - सरसों के तेल के साथ हल्दी पाउडर का लेप बनाकर लगाना फायदेमंद है। इसके लिए 1 कप या लगभग 250 मिलीलीटर सरसों के तेल में 5 बड़े चम्मच हल्दी पाउडर डालकर मिलाएं और इस लेप को दिन में दो बार प्रभावित त्वचा पर लगाएं। 1 साल तक इस प्रयोग को लगातार करें। इसके अलावा आप हल्दी पाउडर और नीम की पत्ति‍यों का लेप भी कर सकते हैं।
2 नारियल तेल - यह त्वचा को पुन: वर्णकता प्रदान करने में सहायक है साथ ही त्वचा के लि‍ए बेहतर। इसमें जीवाणुरोधी और संक्रमण विरोधी गुण भी पाए जाते हैं। प्रभावित त्वचा पर दिन में 2 से 3 बार नारियल तेल से मसाज करना फायदेमंद साबित हो सकता है।

3 तांबा - तांबा तत्व, त्वचा में मेलेनिन के निर्माण के लिए बेहद आवश्यक है। इसके लिए तांबे के बर्तन में रातभर पानी भरकर रखें और सुबह खाली पेट पिएं। बरसों पुराना यह तरीका मेलेनिन निर्माण में सहायक है।


4 नीम - नीम एक बेहतरीन रक्तशोधक और संक्रमण विरोधी तत्वों से भरपूर औषधि‍ है। नीम के पत्त‍ियों को छाछ के साथ पीसकर इसका लेप बनाकर त्वचा पर लगाएं। जब यह पूरी तरह सूख जाए तो इसे धो लें। इसके अलावा आप नीम के तेल का प्रयोग भी कर सकते हैं और नीम के जूस का सेवन भी कर सकते हैं।

5 लाल मिट्टी - लाल मिट्टी में प्रचुर मात्रा में तांबा पाया जाता है, जो मेलेनिन के निर्माण और त्वचा के रंग का पुन: निर्माण करने में मददगार है। इसे अदरक के रस के साथ मिलाकर भी प्रभावित स्थान पर लगाना फायदेमंद होगा।

6 अदरक - रक्तसंचार को बेहतर बनाने और मेलेनिन के निर्माण में अदरक काफी फायदेमंद है। इसके रस को पानी में मिलाकर पिएं और प्रभावित त्वचा पर भी लगाएं।

7 सेब का सिरका - सेब के सिरके को पानी के साथ मिक्स करके प्रभावित त्वचा पर लगाएं। 1 गिलास पानी में 1 चम्मच सेब का सिरका मिलाकर पीना भी फायदेमंद होगा।