• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. लोकसभा चुनाव 2014
  4. »
  5. आप फैक्टर
Written By भाषा
Last Modified: जालंधर , शनिवार, 12 अप्रैल 2014 (17:24 IST)

जालंधर से गुजरे केजरीवाल, मीडिया से नहीं की बातचीत

लोकसभा चुनाव 2014
FILE
जालंधर। पंजाब में रोड शो के दूसरे दिन आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल शनिवार को पठानकोट से खटकडकलां जाने के क्रम में जालंधर से गुजरे लेकिन यहां मीडिया को देखकर उनकी गाड़ी और तेज हो गई और वे सीधे आगे के लिए निकल गए।

जालंधर के पीएपी चौक के निकट कुछ मीडियाकर्मी केजरीवाल से बातचीत करने के लिए मौजूद थे, लेकिन पठानकोट की ओर से केजरीवाल की गाड़ी जब मौके पर पहुंची तो मीडियाकर्मियों को देखकर वह खटकडकलां जाने के लिए तेजी से फगवाड़ा की ओर निकल गए।

इस पर चुटकी लेते हुए भाजपा नेता रजत कुमार मोहिंद्रू ने कहा, केजरीवाल सत्य और ईमानदारी की राजनीति कर रहे हैं तो उन्होंने यह स्पष्ट करना चाहिए कि जालंधर शहर में आने के बावजूद उन्होंने मीडिया से बातचीत क्यों नहीं की।

उन्होंने बताया, जालंधर मीडिया हब है। इसकी जानकारी केजरीवाल को भी है तो यहां आने के बाद वे क्यों नहीं रूके। उन्होंने मीडिया तथा आम लोगों के सवालों का जवाब क्यों नहीं दिया।

मोहिंद्रू ने आरोप लगाया, दरअसल उन्होंने अपनी गलती स्वीकार कर ली है कि उन्होंने जल्दबाजी में इस्तीफा दे दिया। वह ‘एक्सपोज’ हो गए हैं। जनता भी समझ गई है कि वे बेवजह भाजपा पर आरोप लगा रहे थे। यही कारण था कि वे यहां नहीं रूके।

मोहिंद्रू ने कहा, उन्हें इस बात का भी डर था कि यहां भी उन्हें ‘थप्पड’ न लग जाए। दरअसल, मौके पर आलम यह था कि वहां न तो जालंधर से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार और न ही पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे। (भाषा)