समाचार | टीवी टाइम | आलेख
मुख पृष्ठ » मनोरंजन » टीवी » आलेख » 'यहाँ मैं घर घर खेली...' से जुड़कर खुश हूँ : सुहासी धामी
Feedback Print Bookmark and Share
 
राजश्री प्रोडक्शन जैसे प्रतिष्ठित बैनर के साथ काम करना हर कलाकार का सपना होता है, लेकिन कुछ लोग इतने खुशकिस्मत होते हैं कि उन्हें यह अवसर बहुत जल्दी मिल जाता है। ऐसी किस्मत सुहासी धामी की भी है, जो राजश्री द्वारा निर्मित ‘यहाँ मैं घर घर खेली...’ में लीड रोल कर रही हैं।

राजश्री प्रोडक्शन की तारीफ करते हुए सुहासी कहती हैं ‘बचपन मैं इस बैनर की कई फिल्में मैंने देखी हैं। संस्कार और परंपरा की जो बात राजश्री की फिल्मों में बताई जाती हैं वो अन्य फिल्मों में देखने को नहीं मिलती। वर्तमान दौर में इन बातों का महत्व और बढ़ गया है।‘

अपने बारे में बताते हुए सुहासी कहती हैं ‘मैं गुजराती हूँ और मुंबई में पली-बढ़ी हूँ। अभिनय के प्रति रूझान बचपन से ही था क्योंकि मेरी मम्मी गुजराती थिएटर करती हैं। उनकी वजह से मुझे भी अभिनय के प्रति शौक जागा और मैं इस समय ‘यहाँ मैं घर घर खेली कर रही हूँ।‘

सुहासी की उम्र की लड़कियाँ आमतौर पर फिल्मों में काम पाने की कोशिश करती हैं। सुहासी खूबसूरत भी हैं और उम्र भी उनके पक्ष में है। इसके बावजूद उन्होंने छोटे परदे को क्यों चुना? प्रश्न सुनकर सुहासी थोड़ी सोच में पड़ जाती हैं और फिर कहती हैं ‘फिल्म के बारे में भी मैंने सोचा था। कोशिश भी की। लेकिन सोचा हुआ सच हो यह जरूरी नहीं होता। लेकिन मैं टीवी से भी जुड़कर खुश हूँ। इतना बड़ा अवसर भी हर किसी को नहीं मिलता।‘

‘यहाँ मैं घर-घर खेली...’ की यूनिट ने सुहासी का दिल जीत रखा है। ‘मुझे सभी से बहुत कुछ सीखने को मिला है। धारावाहिक के शुरू होने के पहले हमने वर्कशॉप का आयोजन किया था, जिससे मुझे अपने किरदार को जानने का अवसर मिला और मेरा अभिनय निखर गया। आलोकनाथ और स्मिता जयकर जैसे कलाकारों ने लगातार मेरा हौंसला बढ़ाया और अभिनय की बारीकियाँ समझाईं।‘

सुहासी को पूरी उम्मीद है कि उनका अभिनय और धारावाहिक को पसंद किया जाएगा। ‘यहाँ मैं घर-घर खेली...’ प्रत्येक सोमवार से शुक्रवार रात 8.30 पर जी टीवी पर देखा जा सकता है।
संबंधित जानकारी खोजें