1. मनोरंजन
  2. टीवी
  3. आलेख

क्योकि...अलविदा कहने का वक्त आ गया

एकता कपूर
PR
एकता कपूर की अंतिम उम्मीद भी जाती रही जब मुंबई हाइकोर्ट ने ‘क्योंकि सास भी बहू थी’ धारावाहिक को स्टे देने से इंकार कर दिया। इस धारावाहिक की 6 नवंबर को आखरी कड़ी प्रसारित होगी।

एकता कपूर के लिए यह लगातार दूसरा झटका है, जब उनका दूसरा मेगा धारावाहिक बंद हो रहा है। कुछ दिनों पूर्व ‘कहानी घर घर की’ बंद हुआ था और अब स्टार प्लस ने एकता के सबसे लोकप्रिय धारावाहिक ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ को बंद करने का फैसला किया।
स्टार टीवी ने बालाजी टेलीफिल्म्स को एक महीने का नोटिस भेज कर धारावाहिक बंद करने के लिए कहा था। इस नोटिस के खिलाफ एकता कपूर ने अदालत की शरण ली थी।

स्टार की ओर से कहा गया था कि यह धारावाहिक अपनी लोकप्रियता खोता जा रहा है और जुलाई 2008 से इसकी टीआरपी में भारी गिरावट आई। स्टार प्लस और बालाजी टेलीफिल्म्स के बीच समझौता हुआ था जिसके मुताबिक यदि धारावाहिक की टीआरपी गिरती है तो इसे बंद किया जा सकता है।

बालाजी की ओर से कहा गया था कि स्टार प्लस अपने विज्ञापनों के जरिए इस धारावाहिक को प्रमोट नहीं कर रहा है। वैसे इस धारावाहिक को प्रमोट करने की कोई जरूरत नहीं थी क्योंकि यह पिछले कई वर्षों से लोकप्रियता के शिखर पर रहा था।

क्यों कम हुई लोकप्रियता
’क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ ने अपनी शुरुआत के बाद ही लोकप्रियता की ऊँची उड़ान भर ली थी। भारत सहित कई देशों में यह देखा जाता था। यह धारावाहिक महिलाओं को ध्यान में रखकर बनाया गया था, लेकिन पुरुष भी इसे पसंद करते थे। ‘तुलसी’ का किरदार बेहद लोकप्रिय हुआ और इसके किरदार घर-घर के सदस्य बन गए। इस धारावाहिक में किसी की मौत दिखाई जाती थी ‍तो लोग गमगीन हो जाते थे। मिलना, बिछुड़ना, प्लास्टिक सर्जरी जैसी चीजें पहले तो लोगों ने हाथों-हाथ ली और लंबे समय तक इसे पसंद किया। लेकिन धीरे-धीरे इस धारावाहिक में दोहराव आने लगा और लोग इसे रबर की तरह खींचने की वजह से ऊबने लगे।

स्मृति ईरानी जब इस धारावाहिक से अलग हुईं तो इसकी लोकप्रियता में भारी गिरावट आई। स्मृति वापस लौटीं, लेकिन इसका विशेष फायदा नहीं हुआ। लोग इस धारावाहिक की बजाय रियलिटी शो को महत्व देने लगे। समय के साथ इस धारावाहिक में कोई बदलाव नहीं आया, इस वजह से नई पीढ़ी के दर्शकों ने भी इसे देखना पसंद नहीं किया। फिर भी इस धारावाहिक ने कामयाबी का इतिहास रचा और इसके किरदार लंबे समय तक दर्शकों की यादों में रहेंगे।

ढल रहा है एकता का जादू
FC
एकता कपूर का जादू ढलने लगा है। कुछ वर्ष तक एकता जिस धारावाहिक को हाथ लगाती थी, वह लोकप्रिय हो जाता था। स्टार प्लस की कामयाबी में एकता के धारावाहिकों का भरपूर योगदान रहा। एकता के धारावाहिक भारतीय दर्शकों ने तमाम आलोचनाओं के बावजूद बेहद पसंद किए। समय के हिसाब से एकता ने अपने धारावाहिकों का ‘कंटेंट’ बदला नहीं और उसका खामियाजा वे भुगत रही हैं। जिस चैनल के लोग एकता से आँखें नहीं मिला पाते थे, वे आज एकता को धारावाहिक बंद करने का नोटिस दे रहे हैं।

एकता के कंपनी के शेयर गिर गए हैं और धारावाहिकों की टीआरपी गिर गई है। ‘कलर्स’ जैसे नए चैनल ने ‘स्टार प्लस’ को कड़ी टक्कर दी है, शायद इसलिए स्टार प्लस अपने कार्यक्रमों में भारी फेरबदल कर रहा है। एकता को टिके रहना है तो नई सोच और विषयों के साथ उन्हें धारावाहिक या कार्यक्रम बनाने होंगे। उनके फार्मूला धारावाहिकों के दिन पूरे हो गए हैं।
लेखक के बारे में
समय ताम्रकर
एंटरटेनमेंट एडिटर एवं फिल्म समीक्षक | वेबदुनिया (Webdunia)   परिचय समय ताम्रकर हिंदी सिनेमा की गहरी समझ रखने वाले एक अनुभवी संपादक और फिल्म समीक्षक हैं। पिछले 19 वर्षों से 'वेबदुनिया' की संपादकीय टीम के अभिन्न अंग के रूप में, उन्होंने सिने पत्रकारिता में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। वे वर्तमान में.... और पढ़ें