चॉकलेटी बॉय इमरान खान को उसी अंदाज में पेश किया जा रहा है, जैसा बीस बरस पहले आमिर खान को किया गया था। प्रेम कहानी पर आधारित फिल्म ‘जाने तू... या जाने ना’ के जरिए वे बॉलीवुड में अपना आगाज कर रहे हैं।
आमिर की तरह ही इमरान भी पहली फिल्म प्रदर्शित होने के पहले ही अपना दिल किसी को दे चुके हैं। इमरान की जिंदगी में अवंतिका नामक लड़की है। दोनों के बीच पिछले छ: वर्षों से रोमांस चल रहा है।
एक दोस्त के यहाँ दोनों की मुलाकात हुई और फिर दोनों दोस्त बन गए। अवंतिका के बारे में एक खास बात और, रणबीर कपूर और वे एक ही स्कूल में पढ़े हैं। इस समय वह िफल्म प्रोडक्शन कंपनी में काम करती हैं।
अपनी पहली फिल्म प्रदर्शित होने के पहले ही इमरान ने बेझिझक बता दिया है कि उनकी जिंदगी में कोई है। आमिर ने तो पहली फिल्म ‘कयामत से कयामत तक’ प्रदर्शित होने के पहले रीना खान से शादी भी कर ली थी।
उस समय इस बात को छिपाया गया था क्योंकि इससे आमिर की चॉकलेटी छवि को नुकसान पहुँचने का डर था। रीना ‘कयामत से कयामत तक’ की एक फ्रेम में नजर आई थीं।
वह जमाना कुछ और था। आजकल के दर्शक नायक की छवि से प्रभावित होकर फिल्म नहीं देखते। सलमान खान और संजय दत्त इसके उदाहरण हैं। इन पर कई आरोप लगे, लेकिन दर्शकों ने इस पक्ष को अनदेखा कर इनकी फिल्मों को सफल बनाया।
नायिकाओं के मामले में भेदभाव जारी है। दर्शकों के साथ-साथ निर्माता भी इस खेल में शामिल हैं। जैसे ही नायिका शादी कर लेती है उसकी स्टार वैल्यू प्रभावित हो जाती है। इसी डर से विवाह की उम्र हो जाने के बावजूद वे शादी नहीं करतीं। नायक की जिंदगी में लड़कियाँ आती-जाती रहती हैं और इससे उसके सितारा मूल्यों पर कोई असर नहीं पड़ता। अपनी उम्र से आधी लड़कियों के साथ उनका रोमांस जारी रहता है।
फिलहाल इमरान, आमिर और मंसूर खान की उँगली पकड़कर चल रहे हैं। आमिर भी नासिर और मंसूर के सहारे आगे बढ़े थे और बाद में उन्होंने अपनी पहचान बनाई। इमरान भी उसी खानदान के हैं, जो वर्षों से फिल्म उद्योग से जुड़ा है। लेकिन आगे बढ़ने के लिए खानदान कम और प्रतिभा ज्यादा काम आती है। ‘जाने तू.. या जाने ना’ के बाद उन्हें अपना सफर खुद तय करना होगा।
|