शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. विचार-मंथन
  3. विचार-मंथन
  4. Indian farmers
Written By

धनकड़ के ये कैसे बोल?

धनकड़ के ये कैसे बोल? - Indian farmers
- रवि श्रीवास्तव 
 
किसान दिन-रात मेहनत कर अपनी फसल को उगाता है, लेकिन जब उस पर कुदरत मेहरबान नहीं होती तो एक पल में सारी मेहनत बर्बाद हो जाती है। देश की मजबूत अर्थव्यवस्था में खेती सबसे अहम है। सरकार को किसानों पर अधिक ध्यान देना चाहिए। देश की रीढ़ बने ये किसान आखिर कब तक इसका दंश झेलेंगे।
 
इस साल भारी बारिश और ओले से किसानों की फसल बर्बाद हो गई। कर्ज से दबे किसानों ने खुदकुशी करनी शुरू कर दी। जो कि देश के लिए काफी दुर्भाग्यपूर्ण बात है। किसान की फसल और मेहनत को बारिश ने एक झटके में धो दिया। ऐसे में जब किसान की आत्महत्या का मामला सामने आता है तो बहुत दुख होता है। दूसरों का पेट भरने के लिए अपना पेट काटकर मेहनत करने वाले किसान की ऐसी हालत क्यों है। सरकार को इस पर अमल करना चाहिए। लेकिन देश में किसान मरता है तो मरे, खबर आएगी लोग भूल जाएंगे। या फिर उल्टी-सीधी बयानबाजी शुरू कर देंगे। 
 
हरियाणा के कृषिमंत्री ओपी धनकड़ ने किसानों की खुदकुशी को कायर करार तो दे दिया, लेकिन क्या उनका दर्द समझने की कोशिश की। कभी सरकार ने ये जानने की कोशिश की कि किसान क्यों मर रहे हैं? कायर कहना उन्हें आसान है तो कह देते हैं। खुद सम्पन्न हैं, तो क्या पता चले जमीनी हकीकत क्या है। अगर किसान ऐसा कदम उठा रहा है तो, उसे सरकार में बैठे ऐसे मंत्री कायर न बोलकर किसान को समझा सकते हैं। वो तो होने वाला नहीं है इनसे। पांच साल में एक बार ही ऐसा वक्त आता है, जब किसान इनके लिए भगवान बन जाता है। वक्त गया तो कौन पूजता है ऐसे भगवानों को। पड़े रहो किसी कोने में।
 
मंत्री ओपी धनकड़ को कौन समझाए जो दिन-रात वो सुकून की रोटी खाते हैं उसके लिए किसानों ने कितना पसीना बहाया है। खुदकुशी करने वाले किसानों के परिवार जहां सरकार की तरफ टकटकी लगाकर किसी तरह की राहत का इंतजार कर रहे हैं, वहीं ये नेता ऐसी बात कर रहे हैं। अरे, जख्म पर मरहम नहीं लगा सकते तो उसे कुरेदो तो मत। धनकड़ के इस बयान से सरकार की किसानों के प्रति असंवेदनशीलता उजागर हो गई है। इन गरीबों पर अपनी राजनीतिक रोटी मत सेंको।
 
भारतीय कृषि बहुत हद तक मानसून पर निर्भर करती है। मानसून की असफलता के कारण नकदी फसलें नष्ट होना किसानों द्वारा की गई आत्महत्याओं का एक मुख्य कारण माना जाता रहा है। मानसून की विफलता, सूखा, कीमतों में वृद्धि, कर्ज आदि किसानों की समस्याएं हैं, जिससे बैंकों, महाजनों, बिचौलियों आदि के बीच में फंसकर भारत के विभिन्न हिस्सों के किसानों ने आत्महत्याएं की हैं। एक किसान को बैंक से लोन लेने के लिए कितनी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस बात को लेकर कोई नेता नहीं बोलेगा, लेकिन किसान की मौत पर सभी के राजनीतिक मंसूबे खुल जाते हैं। 
 
बारिश से मंडी में रखी फसल भी सड़ रही है। इस पर सरकार का कोई विचार नहीं होता। बस, कायर कह देना उचित होता है। किसान के अनाज खरीद में भी धांधली होती है। उस पर क्या सोचती है सरकार। किसी प्रदेश का मामला होता तो कोई राज्य का। अरे, क्या राज्य, क्या केंद्र किसान तो पूरे देश का है। आखिर कब तक इस पर राजनीति करोगे, एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाओगे। सभी मिलकर इनकी भलाई के बारे में सोचो। वरना वो दिन दूर नहीं, जब देश में भुखमरी की शुरुआत हो जाएगी। सरकार और किसान के बीच का ये मतभेद देश के लिए खतरे का सबक बन सकता है।