• Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. मिर्च-मसाला
  4. Akshay Kumar, Suniel Shetty and Paresh Rawals Hera Pheri 3 back on track
Written By
Last Updated : बुधवार, 30 जनवरी 2019 (11:40 IST)

हेराफेरी 3 पर काम शुरू, अक्षय कुमार के साथ होंगे ये दो कलाकार

हेराफेरी 3 की लंबे समय से सिर्फ चर्चा हो रही है, लेकिन अब फिल्म बनने जा रही है और वर्ष के अंत से शूटिंग शुरू हो जाएगी

हेराफेरी 3 पर काम शुरू, अक्षय कुमार के साथ होंगे ये दो कलाकार - Akshay Kumar, Suniel Shetty and Paresh Rawals Hera Pheri 3 back on track
हेराफेरी सीरिज की दो फिल्में लोगों के दिमाग में अभी ताजा है और सभी बेसब्री से तीसरे भाग का इंतजार कर रहे हैं। हेराफेरी 3 की अब तक सिर्फ बातें हो रही हैं और कुछ भी ठोस खबर नहीं आई, लेकिन अब ऐसी खबर सामने आई है जो इस सीरिज के फैंस को खुश कर देगी। 
 
हेराफेरी 3 पर काम शुरू हो गया है। फिल्म की स्क्रिप्ट पर तेजी से काम किया जा रहा है। चूंकि हेराफेरी एक बेहतरीन कॉमेडी सीरिज है इसलिए इसके मेकर्स स्क्रिप्ट से किसी तरह का समझौता नहीं करना चाहते हैं। हेराफेरी 3 का निर्माण फिरोज नाडियाडवाला हैं जबकि निर्देशन की बागडोर इंद्र कुमार संभाल रहे हैं। फिल्म की शूटिंग इस वर्ष के अंत में शुरू होने की उम्मीद है। 


 
सूत्रों के अनुसार फिल्म के लीड कलाकार फाइनल हो चुके हैं। अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी और परेश रावल होंगे। ये राजू, श्याम और बाबूराव गणपतराव आप्टे का किरदार निभाएंगे। जॉन अब्राहम और अभिषेक बच्चन जैसे कलाकारों के नाम की भी चर्चा थी, लेकिन मेकर्स ने अक्षय-सुनील और परेश के साथ ही फिल्म बनाने का फैसला किया है क्योंकि इनके बिना हेराफेरी सीरिज का मजा नहीं है। 
 
क्यों हो रही थी देरी? 
हेराफेरी 3 विभिन्न कारणों से लेट होती रही है। निर्माता फिरोज और अक्षय में मतभेद हो गए थे जो अब सुलझ गए हैं। फिरोज चाहते थे कि हेराफेरी 3 का निर्देशन नीरज वोरा करें, लेकिन वे वर्षों तक बीमार रहे और कुछ महीनों पहले उनका निधन हो गया। नीरज ने हेराफेरी सीरिज की दूसरी फिल्म का निर्देशन किया था जबकि पहले भाग का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया था। 
 
पहले चर्चा थी कि अहमद खान तीसरा भाग निर्देशित करेंगे, लेकिन अब इंद्र कुमार यह जिम्मेदारी निभाएंगे। इंद्र कुमार भी कॉमेडी फिल्म बनाने के लिए जाने जाते हैं और उनकी धमाल सीरिज की फिल्में सफल रही हैं। 
ये भी पढ़ें
पॉप सिंगर शिवानी भाटिया की सड़क हादसे में मौत, पति गंभीर रूप से घायल