शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. Shivaay, Ajay Devgn, Box Office, Ae Dil Hai Mushkil
Written By

शिवाय का क्या होगा बॉक्स ऑफिस पर... एक नजर

शिवाय का क्या होगा बॉक्स ऑफिस पर... एक नजर - Shivaay, Ajay Devgn, Box Office, Ae Dil Hai Mushkil
अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी फिल्म 'शिवाय' दिवाली पर प्रदर्शित हो रही है। अजय देवगन को एक अखबार में छपे आलेख से फिल्म बनाने की प्रेरणा मिली। उन्हें लगा कि उनके अलावा और कोई इसे सिनेमा के रूप में प्रस्तुत नहीं कर पाएगा इसलिए निर्देशन की बागडोर भी उन्होंने संभाली। अब फिल्म प्रदर्शन के लिए तैयार है। 

 
लागत और वसूली
फिल्म की लागत 105 करोड़ रुपये हैं। अजय ने बतौर निर्देशक और अभिनेता के रूप में फीस नहीं ली है। उन्होंने एक्शन सीक्वेंस पर खासी रकम खर्च की है और फिल्म को विदेश में फिल्माया है। लगभग 45 करोड़ रुपये विभिन्न राइट्स के जरिये प्रदर्शन के पहले ही मिल चुके हैं। फिल्म को 120 करोड़ रुपये का व्यवसाय करना होगा तभी फिल्म अपनी लागत वसूल कर पाएगी। 
प्लस पाइंट्स
- फिल्म का शीर्षक 'शिवाय' जबरदस्त है।  
- दिवाली का त्योहार, फिल्म को अच्छी ओपनिंग दिला सकता है। 
- फिल्म में कोई पाकिस्तानी कलाकार नहीं है। 
- अजय देवगन का शुमार बॉलीवुड के टॉप स्टार्स में होता है और उनका नाम दर्शकों के लिए प्रमुख आकर्षण है। 
- फिल्म के पहले ट्रेलर ने दर्शकों में फिल्म के प्रति उत्सुकता पैदा की और फिल्म का माहौल बनाया। 
- सिंगल स्क्रीन सिनेमाघर के दर्शकों के बीच अजय देवगन बेहद लोकप्रिय हैं। इसी कारण छोटे शहर और सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में फिल्म को अच्छी सफलता मिल सकती है। 
- एक्शन के शौकीनों के लिए फिल्म में अच्छा-खासा मसाला है। 
 
माइनस पाइंट्स 
- निर्देशक के रूप में अजय देवगन की यह दूसरी फिल्म है। इसके पहले उन्होंने 'यू मी और हम' (2008) निर्देशित की थी, जिसका प्रदर्शन औसत से भी कम था। 
- निर्माता के रूप में अजय ने कुछ महत्वाकांक्षी फिल्में बनाई हैं, लेकिन बॉक्स ऑफिस परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे। 
- 'शिवाय' में अजय देवगन के अलावा कोई नामी चेहरा नहीं है। कमजोर स्टार कास्ट।  
- फिल्म के गीत लोकप्रिय नहीं हो पाए। 
- ऐ दिल है मुश्किल से सामना। 
 
क्या रह सकता है बॉक्स ऑफिस परिणाम? 
करण जौहर की फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' से 'शिवाय' का कड़ा मुकाबला है। अजय देवगन की यह फिल्म सिंगल स्क्रीन में 'ऐ दिल है मुश्किल' पर भारी पड़ सकती है। जहां तक मल्टीप्लेक्स का सवाल है तो वहां मुकाबला कड़ा है। आरंभिक दो दिनों में फिल्म के कलेक्शन 'ऐ दिल है' से ज्यादा रहने की उम्मीद है। जहां तक ओपनिंग का सवाल है तो 'शिवाय' को शानदार शुरुआत मिलने के पूरे अवसर है। पहले सप्ताह का कलेक्शन 80 करोड़ रुपये के आसपास रहने की उम्मीद है। 120 करोड़ रुपये का लक्ष्य फिल्म पा सकती है, लेकिन हिट या सुपरहिट होने का दारोमदार फिल्म की गुणवत्ता पर निर्भर है।