निसान ने 21 लाख 40 हजार कारें वापस मँगाई
लक्झरी कार बनाने वाली जापान की प्रमुख कंपनी निसान मोटर कंपनी ने जापान, अमेरिका और छह अन्य देशों में निर्मित 12 से अधिक मॉडलों की 21 लाख 40 हजार कारें इंजिन में खराबी की वजह से मरम्मत के लिए वापस मँगाई हैं। कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि इन कारों में मार्च सबकंपेक्ट क्यूब सहित 12 से अधिक मॉडल शामिल हैं। इंजिन में खराबी आने से दुर्घटना होने की खबर मिली है। इसके मद्देनजर कंपनी ने इन कारों को मरम्मत के लिए वापस मँगाने का निर्णय लिया है। हालाँकि कंपनी ने इस पर होने वाले व्यय की जानकारी नहीं दी है। कंपनी ने बताया कि इस तकनीकी खराबी से इंजिन बंद हो सकता है या दोबारा स्टार्ट नहीं हो सकता है। कंपनी ने सबसे अधिक 8.35 लाख कारें जापान में वापस मँगाई हैं। अमेरिका और कनाडा में 7.62 लाख कारों की मरम्मत की जाएगी। (वार्ता)