बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. धर्म-संसार
  2. ज्योतिष
  3. ज्योतिष 2021
  4. Health Horoscope 2021
Written By

Health Horoscope 2021: नए साल में क्या कहते हैं आपकी सेहत के सितारे

Health Horoscope 2021: नए साल में क्या कहते हैं आपकी सेहत के सितारे - Health Horoscope 2021
साल 2020 में सबसे ज्यादा सेहत ने हम सबको डराया है। क्या आने वाला साल 2021 भी सेहत को लेकर चिंतित करने वाला है। आइए जानें क्या कहते हैं आपकी सेहत के सितारे... बात शुरू करते हैं मेष राशि से...
 मेष राशि
 
सेहत के लिए कैसा होगा साल 2021 
साल 2021 की शुरुआत में असंतुलित खानपान की वजह से सेहत बिगड़ सकती है। फरवरी 2021 से स्वास्थ्य में सुधार आना शुरू हो जाएगा और आप काफी हद तक अपनी सेहत को मजबूत बना पाएंगे। अत्यधिक तेल और मसालों से बने भोजन से परहेज करना चाहिए, क्योंकि इस साल आपको अपच, फोड़े-फुंसी जैसे रोग होने की आशंका रहेगी। साल के मध्य में योग और व्यायाम का सहारा लेकर अपने आपको स्वस्थ रखने की भरपूर कोशिश करेंगे, जिसके आपको सकारात्मक परिणाम प्राप्त होंगे। जुलाई से अगस्त के मध्य आपको अपनी कमर में दर्द की शिकायत हो सकती है, जो नवंबर आते-आते कम हो जाएगी। मेष राशि के लिए साल के अंतिम दो महीने सेहत के लिहाज से अच्छे रहेंगे।
वृषभ राशि
 
सेहत के लिए कैसा होगा साल 2021 
सेहत मजबूत तो रहेगी, लेकिन हल्के-फुल्के रोग परेशान कर सकते हैं। विषाक्त भोजन से बचकर रहें। साल की शुरुआत के दो महीने में आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो सकती है और आप बीमार हो सकते हैं। वर्ष का मध्य भाग आपके लिए काफी अनुकूल रहेगा, क्योंकि इस समय में आपकी सेहत मजबूत रहेगी। वृषभ राशि के लोगों की साल के अंतिम माह में सेहत बिगड़ने की संभावना रहेगी। अचानक से रोग जन्म लेगा और अचानक से ही समाप्त हो जाएगा। आपको ज्यादा परेशान होने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। वैसे स्वास्थ्य के लिहाज से साल अनुकूल है।
मिथुन राशि
 
सेहत के लिए कैसा होगा साल 2021
2021 में सेहत को लेकर कोई खास समस्या नजर नहीं आ रही है। दिनचर्या को नियमित करने का प्रयास करें और तरल पदार्थों का सेवन अधिक करें। जनवरी और फरवरी के महीने थोड़े नाजुक रहने वाले हैं। सेहत के प्रति लापरवाही नुकसान दे सकती है, इसलिए सावधानी बरतें। साल के मध्य भाग में सेहत में सुधार आएगा और आप मजबूत बनेंगे। मई के बाद का समय अनुकूल रहेगा। खासतौर पर साल के अंतिम महीने भी सेहत के लिए बढ़िया रहेंगे, लेकिन कुल मिलाकर यह साल सेहत के लिहाज से मिलाजुला है, इसलिए सावधानी अवश्य रखें।
कर्क राशि 
 
सेहत के लिए कैसा होगा साल 2021
साल 2021 के आरंभिक माह आपकी सेहत के लिए अच्छे हैं। लेकिन दो बातों का विशेष ख्याल रखना होगा, आपको त्वचा की कोई समस्या परेशान कर सकती है और दूसरा यह कि तरल चीजों का सेवन भरपूर करें। साल का मध्य भाग आपकी सेहत को मजबूत बनाएगा और उसकी वजह से आपकी पुरानी समस्याओं से भी आपको मुक्ति मिलेगी। यह साल मानसिक तौर पर आपके लिए थोड़ा चुनौतीपूर्ण रहने वाला है, इसलिए स्वयं को मजबूत बनाए रखने का हरसंभव प्रयास करें और आवश्यकता अनुसार योग और ध्यान करते रहें। तनाव से जितना हो सके दूर ही रहें। 
 
2021 के अंतिम महीने सेहत को लेकर अच्छे रहेंगे और आप अपने आत्मविश्वास के दम पर सेहत को अच्छा बना सकते हैं। हद से ज्यादा काम करने की आदत से बचना होगा। 
सिंह राशि 
 
सेहत के लिए कैसा होगा साल 2021 
साल 2020 की सारी बीमारियां-परेशानियां साल 2021 में गायब होने वाली हैं, क्योंकि सेहत के सितारे इस साल मजबूत दिख रहे हैं। आप मानसिक चिंताओं से भी दूर रहेंगे, बस पेट और किडनी से संबंधित बीमारियों के प्रति जागरूक रहें। डॉक्टरी सलाह जरूर लें और उसी के आधार पर अपनी दिनचर्या को निर्धारित करें। सिंह राशि के जातक के लिए 2021 का अंतिम महीना खुशी के समाचार लेकर आएगा और आपको अपनी सेहत से संबंधित समस्याओं से काफी हद तक मुक्ति मिल सकती है। इस साल वजन पर नियंत्रण कर पाएंगे।
कन्या राशि 
 
सेहत के लिए कैसा होगा साल 2021 
हर लिहाज से बेहतर यह साल सेहत के मामले में मिलाजुला दिखाई दे रहा है। कोई छोटा-मोटा ऑपरेशन संभव है लेकिन कोई बड़ी परेशानी नहीं दिख रही। खाने-पीने के मामले में लापरवाह हैं तो पेट की समस्या हो सकती है। गले संबंधी रोग भी परेशान कर सकते हैं इसलिए अपना बहुत ख्याल रखें। नया साल सभी मामलों में खुशनुमा है तो सेहत के मामले में आप उसे बेहतरीन बना लीजिए। नियमित दिनचर्या और योगा, प्राणायाम से खुद को फिट रखें।  
तुला राशि 
 
सेहत के लिए कैसा होगा साल 2021
तुला राशि के जातकों के लिए 2021 सेहत की दृष्टि से अत्यंत चिंताजनक लग रहा है। खाने-पीने में लापरवाही से आपको फूड पॉइजनिंग का खतरा हो सकता है। छोटा-मोटा कोई ऑपरेशन भी इस दौरान संभव है। पुरानी बीमारी में भी राहत नहीं दिखाई दे रही है लेकिन अगर आप नियमित दिनचर्या वाले व्यक्ति हैं तो कई सारी परेशानियों पर विजय पा लेंगे। भाग्य आपका सेहत के लिहाज से कमजोर है लेकिन अपने आत्मबल से आप जीवन की तस्वीर बदल सकते हैं। हर तरह की बीमारी से बचने के लिए अपना और अपनों का इस साल खूब ध्यान रखें।  
वृश्चिक राशि
 
सेहत के लिए कैसा होगा साल 2021
साल की शुरुआत में सांस संबंधी परेशानी उभर सकती है। त्वचा के रोग भी हो सकते हैं। साल के मध्य भाग में आपकी सेहत हर लिहाज से बेहतरीन होगी। आप बहुत ज्यादा मेहनती हैं लेकिन इस वर्ष शरीर को भी पर्याप्त आराम देना होगा। महामारी के चलते आपको हर तरह के संक्रमण से बचने की सलाह दी जाती है। अपना इम्यून सिस्टम मजबूत बनाएं। जरूरत होने पर औषधि भी लें। सेहत अच्छी रहेगी, तभी तो आप हर तरह के सुखों का लाभ उठा सकेंगे। साल का अंत सेहत के लिहाज से सुखद है लेकिन विशेष सावधानी की सलाह दी जाती है। मन की शक्ति आपकी प्रबल है, उसी के बल पर आप तन शक्ति भी सुधारें। इस साल की बड़ी सलाह यही है आपके लिए... 
धनु राशि
 
सेहत के लिए कैसा होगा साल 2021
सेहत के दृष्टिकोण से साल की शुरुआत थोड़ी कमजोर रह सकती है। आपको तीन तरह की मुख्य समस्या हो सकती है। एक घुटने में दर्द, दूसरे सांस लेने में दिक्कत और तीसरी लगातार खांसी...असंतुलित खानपान और अनियमित दिनचर्या सेहत को खराब करने में बड़ी भूमिका निभाएगी। इस वर्ष के मध्य में आपको आंखों से संबंधित कोई समस्या भी हो सकती है। धनु राशि के जातकों के लिए 2021 स्वास्थ्य की दृष्टि से औसत से थोड़ा बेहतर है  अच्छी बात यह है कि आप किसी बड़ी समस्या का शिकार नहीं होंगे। साल के अंत तक का समय काफी अच्छा रहेगा। आपको अपने बेचैन स्वभाव और नकारात्मक सोच पर नियंत्रण रखना होगा। उत्साह और चेहरे पर मुस्कान आपकी पहचान है उसे कायम रखें।
मकर राशि
 
सेहत के लिए कैसा होगा साल 2021
साल की शुरुआत थोड़ी कमजोर जरूर रहेगी, लेकिन आप इस साल मन से काफी मजबूत रहेंगे। साधारण सर्दी-जुकाम के प्रति भी लापरवाह न रहें। लंबे समय से आप वजन कम करने का सोच रहे हैं तो यह साल आपको फिट रखने में मदद करेगा। सितारे सेहत के लिए अनुकूल हैं। वर्ष के अंतिम महीने आपकी सेहत के लिए बहुत अच्छे रहने वाले हैं और आपको पुरानी चली आ रही समस्याओं से भी इस समय में राहत मिल सकती है।
कुंभ राशि 
 
सेहत के लिए कैसा होगा साल 2021
2021 की शुरुआत आपके लिए मध्यम फलदायक है, लेकिन इस पूरे साल सेहत के सितारे बुलंद हैं। आपकी तबियत चकाचक रहेगी। आपको पुरानी बीमारियों से भी राहत मिलेगी और इस साल आप योग और प्राणायाम की मदद से खुद को फिट रखेंगे। छोटी-मोटी चोट के संकेत हैं, लेकिन कुल मिलाकर सेहत के लिहाज से यह साल शानदार है। आप हर तरह से खानपान का भी ख्याल रखेंगे और थकान और तनाव के बीच खुद की खुशियों का भी। मन से आप सकारात्मक हैं इसलिए कोई भी बीमारी आपके पास ज्यादा देर तक नहीं ठहरती। कुंभ राशि के लोग मुख्य रूप से सर्दी-जुकाम, सिरदर्द और गले की शिकायत से ग्रस्त रहते हैं, लेकिन इस साल आप हर तरह से सेहतमंद रहेंगे। थोड़ी-बहुत शिकायतों से आप पार पा लेंगे, यही आपकी ताकत है। 
मीन राशि
 
सेहत के लिए कैसा होगा साल 2021
आपकी सेहत अच्छी रहेगी। आप अपनी दिनचर्या को व्यवस्थित रख पाने में कामयाब होंगे। यदि आपको पहले से कोई बीमारी चली आ रही है तो इस साल आपको उससे भी छुटकारा मिल जाएगा और आप काफी स्वस्थ और ऊर्जावान महसूस करेंगे। मई से लेकर अगस्त तक स्वास्थ्य पर ध्यान देना पड़ सकता है, क्योंकि इस दौरान आपको पेट और जिगर तथा गुर्दों से संबंधित कोई समस्या परेशान कर सकती है। अपना पूरा ध्यान रखें बाकी समय आपके स्वास्थ्य के लिए काफी अच्छा रहेगा। तनाव से बचें, खुश रहें।
ये भी पढ़ें
लाल किताब राशिफल 2021 : सिंह राशि के लिए कैसा रहेगा अगला वर्ष