शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. धर्म-संसार
  2. ज्योतिष
  3. ज्योतिष 2019
  4. romance ke liye 2019
Written By

वर्ष 2019 में क्या कहते हैं आपके रोमांस के तारे-सितारे, जानिए उपाय भी....

वर्ष 2019 में क्या कहते हैं आपके रोमांस के तारे-सितारे, जानिए उपाय भी.... - romance ke liye 2019
मेष राशि 2019 :  रोमांस के लिए कैसा होगा नया साल 
 
प्रेम-संबंधों के मामलों में मेष राशि के लिए यह वर्ष अनुकूल नहीं है। हालांकि सामाजिक उसूलों को ताक पर रखते हुए आपका प्यार परवान चढ़ सकता है, लेकिन उसमें आपकी छवि खराब होने की संभावना है। अतः हो सके तो ऐसे रिश्ते से दूरी बनाकर रखें, यही आपके लिए बेहतर होगा। अगस्त के बाद से प्रेम-संबंधों में मधुरता आने की संभावना है। क्रोध पर काबू रखें, वरना रिश्तों में दरार आ सकती है।
 
अचूक उपाय 
 
हनुमान चालीसा का पाठ करना आपके लिए उत्तम रहेगा।  
 
नियमित रूप से कनकधारा स्तोत्र और श्रीसूक्त का पाठ करने से आशातीत सफलता मिलेगी। 
 
सुख-शांति के लिए साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखें। 
 
किसी प्रकार के कूड़े-कचरे को जमा न होने दें।
  
वृषभ राशि 2019 :  रोमांस के लिए कैसा होगा नया साल 
 
यह साल रोमांस के मामलों में उत्तम है। एक-दूसरे के साथ आप हसीन पल बिताएंगे। शुरुआत में कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन समय के साथ संबंधों में प्रगाढ़ता आएगी। हालांकि प्यार का वास्तविक एहसास और आनंद आपको अगस्त के बाद ही मिलेगा। इस साल अपने जीवनसाथी के ऊपर किसी प्रकार का शक करने से परहेज करें, वरना पूरा बना-बनाया खेल बिगड़ सकता है। व्यवहार में संयम बरतें और पार्टनर के ऊपर विश्वास करना सीखें।
 
अचूक उपाय
 
शनि स्तोत्र और हनुमान चालीसा का पाठ करना लाभकारी हो सकता है। 
 
बृहस्पति बीज मंत्र का जप करें, पीला वस्त्र धारण करें और गुरुवार के दिन उपवास करें। 
 
दुर्गा सप्तशती का दिन में 1 बार पाठ करें।
 
मिथुन राशि 2019 : रोमांस के लिए कैसा होगा नया साल 
 
आपकी राशि से 5वें भाव का स्वामी शुक्र है, जो आपको रोमांटिक बनाता है। प्यार-मोहब्बत के मामले में आपको महारथ हासिल है। आप चंचल होने से किसी एक खास चीज पर लंबे समय तक ध्यान केंद्रित नहीं कर सकते हैं। हालांकि लंबे समय तक किसी चीज का आनंद लेने के लिए इस व्यवहार को त्यागना ही सर्वोत्तम होगा। साथी आपको ऐसा किसी प्रकार का मौका नहीं देगा जिससे आपको चिंतित होना पड़े। कुल मिलाकर यह साल प्रेम के मामले में आपको ढेरों खुशियां देने वाला है अतः इसका भरपूर आनंद लें।
 
अचूक उपाय 
 
अपने लक्ष्य पर ध्यान देकर चलें। हनुमान चालीसा का पाठ करना सबसे उत्तम उपाय हो सकता है। 
 
बृहस्पतिवार के दिन गाय को आधा किलो चने खिलाना मददगार साबित होगा। 
 
अच्छे लाभ के लिए पीली वस्तुओं का दान किया जा सकता है। 
 
राहु और केतु से बचने के लिए देवी कवच का पाठ करें। 
 
कालभैरव मंदिर जाना और दान-पुण्य करना भी काफी मददगार साबित हो सकता है। 
 
कर्क राशि 2019 : रोमांस के लिए कैसा होगा नया साल 
 
प्रेम-संबंध के मामलों में यह वर्ष अनुकूल है। अपनी उम्र से बड़े के साथ प्रेम संबंध हो सकते हैं। आपके रिश्ते अधिकांशतः ज्यादा दिन तक नहीं टिकते हैं। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि शनि सप्तमेश व अष्टमेश का स्वामी है, जो प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से आपके संबंधों को खराब करता है। अपने रिश्तों की तरफ ध्यान दें और उसे सुदृढ़ बनाने का प्रयास करें।
 
अचूक उपाय 
 
हनुमान चालीसा का पाठ करें। 
 
बृहस्पति का उपवास करें। 
 
बृहस्पतिवार के दिन गाय को 5 केले खिलाएं व किसी मंदिर में दान देने से भी स्थितियों में सुधार हो सकता है। 
 
प्रतिदिन 3 बार देवी कवच का पाठ करें। मोती के साथ पुखराज पहनें।
 
सिंह राशि 2019 : रोमांस के लिए कैसा होगा नया साल 
 
इस वर्ष प्रेम-संबंधों में मधुरता बनी रहेगी। रोमांस से आप परिपूर्ण रहेंगे। प्रेम-संबंध वैवाहिक संबंध में बदल सकता है। आपकी जिंदगी शांति, प्यार-मोहब्बत, सामंजस्य और समझदारी से परिपूर्ण रहेगी। अगस्त के बाद आपके प्यार में और प्रगाढ़ता आने वाली है।
 
अचूक उपाय
 
कच्ची जमीन पर तिल तेल गिराएं। 
 
हल्दी का तिलक लगाने से लाभ होगा। 
 
गुरुवार को किसी मंदिर में ध्वज चढ़ाएं। 
 
नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करें।
 
कन्या राशि 2019 : रोमांस के लिए कैसा होगा नया साल
 
रोमांस की दृष्टि से यह वर्ष आपके लिए उत्तम साबित होगा। यदि आप किसी रिश्ते को शुरू करना चाहते हैं तो यह साल सबसे बेहतर है। दूसरी तरफ जो लोग किसी के साथ रिश्ते निभा रहे हैं उनको भी आत्मीय सुखों की प्राप्ति होगी। हालांकि अगस्त तक अपने रिश्तों में किसी प्रकार की खटास पैदा न होने दें, इससे आप दोनों के बीच दूरियां बढ़ेंगी और रिश्ते खराब हो सकते हैं।
 
अचूक उपाय 
 
आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ और नियमित रूप से सूर्य को दूधमिश्रित जल से अर्घ्य देना चाहिए। 
 
कनकधारा स्तोत्र का पाठ करें व कन्याओं को खीर खिलाएं। 
 
क्षमतानुसार दान करें व चने की दाल पीली गाय को खिलाएं। 
 
गुरुवार के दिन उपवास करें व पीली वस्तु का सेवन करें लाभ होगा।
 
तुला राशि 2019 : रोमांस के लिए कैसा होगा नया साल
 
इस वर्ष आपको प्रेम-संबंधों से सुख नहीं मिलने वाला है। अविवाहितों के लिए यह वर्ष लाभकारी नहीं है। कोई नया संबंध शुरू न करें। इस साल खतरे के संकेत हैं लेकिन जुलाई में पुराना संबंध फिर से नया हो सकता है। हो सकता है बात आगे बढ़े, यह आपके लिए शुभ होगा। लेकिन गुस्से पर काबू रखेंगे तो ही रिश्ता कायम रहेगा वरना फिर से ब्रेकअप के लिए तैयार रहें। जुबान पर नियंत्रण जरूरी है। 
 
अचूक उपाय
 
इस वर्ष ओपल पहनना लाभदायक सिद्ध होगा। 
 
नहाते वक्त थोड़ा-सा दही नहाने के जल में डालकर नहाएं। 
 
प्रत्येक मंगलवार को हनुमानजी के मंदिर जाना न भूलें। 
 
सभी प्रकार की परेशानियों से बचने के लिए हनुमान चालीसा का पाठ करें।
 
वृश्चिक राशि 2019 : रोमांस के लिए कैसा होगा नया साल
 
प्रेम-संबंधों के मामलों में यह वर्ष प्रसन्नतादायक है। अपने रिश्तों को बनाए रखने के लिए एक-दूसरे को समझने की कोशिश करें और सूझ-बूझ से काम लें। हालांकि ऐसा भी समय आ सकता है, जब आपसी बातचीत बंद हो सकती है। चाहे कुछ भी हो, आपसी मतभेदों को दूर करने की कोशिश करें। हालांकि अगस्त के बाद अनुकूल हो जाएगा और आप एक-दूसरे के साथ लगाव महसूस करेंगे।
 
अचूक उपाय 
 
किसी भी परेशानियों से बचने के लिए हनुमान चालीसा का नित्य प्रति पाठ करें। 
 
अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखें और लोगों से ईर्ष्या करने से परहेज करें। 
 
खड़े मसूर सवा पाव लाल कपड़े में किसी मंदिर में चढ़ाएं। 
 
धनु राशि 2019 : रोमांस के लिए कैसा होगा नया साल
 
प्यार और रोमांस के लिहाज से यह वर्ष औसत है। यदि आप किसी के साथ रिश्ते निभा रहे हैं तो रिश्तों के बीच किसी प्रकार के संदेह को पैदा न होने दें, क्योंकि अगस्त तक का समय आपके लिए अनुकूल नहीं है। इस माह के बाद आपकी जिंदगी प्यार और रोमांस से परिपूर्ण होने वाली है।
 
अचूक उपाय 
 
रामचरित मानस का पाठ करें। 
 
रामरक्षा स्तोत्र का पाठ करना भी फायदेमंद होगा। 
 
पुखराज सवा पांच रत्ती का लॉकेट बनवाकर पहनें।
 
मकर राशि 2019 : रोमांस के लिए कैसा होगा नया साल
 
प्यार और रोमांस को लेकर आप ज्यादा उत्साहित नहीं रहते हैं इसलिए रोमांस और आपके बीच लंबा फासला है। हालांकि यदि आप किसी के साथ डेटिंग कर रहे हैं तो सकारात्मक परिणाम की उम्मीद कर सकते हैं। कुछ लोग थोड़ा रोमांटिक हो सकते हैं और अपनी रुचि के लोगों से मिल भी सकते हैं। मकर व कुंभ राशि के लोगों के साथ घुल-मिलकर रहें, तो बेहतर होगा। 
 
अचूक उपाय 
 
मंगलवार को हनुमान चालीसा का पाठ करें।
 
हनुमान मंदिर में दान करें और शनि स्तोत्र का पाठ करें। 
 
सुख-समृद्धि के लिए अर्गला स्तोत्र का पाठ करें।
 
कुंभ राशि 2019 : रोमांस के लिए कैसा होगा नया साल
 
इस वर्ष व्यस्तता के रहते अपने प्यार को ज्यादा समय नहीं दे पाएंगे। यदि आप किसी के साथ पहले से ही रिश्ते निभा रहे हैं तो स्थिति में कुछ खास बदलाव नहीं होगा। यदि किसी के प्रति आपके दिल में प्यार है तो इस वर्ष आप उसे जाहिर कर सकते हैं। सफलता मिलने के ज्यादा आसार हैं। जीवनसाथी के साथ रिश्तों में पूरी पारदर्शिता रखें। किसी प्रकार के शक पैदा न होने दें। जरा-सी भी लापरवाही आपके रिश्तों को बिगाड़ सकती है इसलिए सावधानी बरतें।
 
अचूक उपाय 
 
नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करें। 
 
तिल का तेल 1 चम्मच प्रति शनिवार को गिराएं। 
 
स्नान करते वक्त थोड़ी-सी उड़द या कपूर पानी में डालकर नहाएं। 
 
सुबह-शाम रामचरित मानस का पाठ करना भी आपके लिए फायदेमंद होगा। 
 
नियमित रूप से मां दुर्गा की पूजा करें और देवी कवच का पाठ करें।
 
मीन राशि 2019 : रोमांस के लिए कैसा होगा नया साल
 
जिनका दिल प्यार के लिए धड़क रहा है, वे लोग अगस्त तक अपने दिल को थामकर रखें। अगस्त के मध्य तक किसी खास के प्रति अपनी भावनाओं को प्रकट न करें। ऐसा भी हो सकता है कि किसी गलतफहमी के कारण उस इंसान के प्रति आपकी रुचि समाप्त हो जाए। किसी को बेकार में चोट पहुंचाना ठीक नहीं है अतः किसी प्रकार की जल्दबाजी न करें।
 
अचूक उपाय 
 
उत्तम लाभ के लिए आप शनिवार के दिन तिल का तेल कच्ची जमीन पर 1 चम्मच गिराएं। 
 
बुजुर्गों को अन्नदान से भी प्रेम के रास्ते में प्रगति प्राप्त हो सकती है। 
 
काला कंबल और जरूरतमंदों को नीले वस्त्र देना आपके लिए हितकर होगा।
ये भी पढ़ें
2 जनवरी को धनु राशि में आ रहे हैं बुध, जानिए किसके लिए हैं शुभ, किसके लिए अशुभ