शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. धर्म-संसार
  2. ज्योतिष
  3. ज्योतिष 2017
  4. yearly rashifal 2017 in hindi

संपूर्ण वार्षिक भविष्यफल : आपकी राशि के अनुसार कैसा है 2017 का साल

संपूर्ण वार्षिक भविष्यफल :  आपकी राशि के अनुसार कैसा है 2017 का साल - yearly rashifal 2017 in hindi
नए साल के आगमन पर नई खुशियां द्वार पर दस्तक दे यही शुभकामना है। नए साल में जानिए क्या कहते हैं आपकी राशि के चमकीले सितारे .... पढ़ें संपूर्ण वार्षिक भविष्यफल.... 

मेष राशि
 
व्यवसाय- इस वर्ष 25 जनवरी को आपकी राशि अढैया शनि से मुक्त हो रही है। 23 जून से फिर अढैया चालू हो रहा है। व्यवसाय में अच्‍छे परिणाम मिलेंगे तथा कारोबार फैलाने में मदद मिलेगी। यदि पत्रिका में शनि ठीक नहीं है तो प्रभाव कम रहेगा। इच्‍छापूर्ति होगी। प्रतिष्ठित व्यक्ति सहायता करने स्वयं आगे आएंगे। अचानक बड़ा लाभ होने की संभावना है।
धन-संपत्ति- परंपरागत साधनों में बदलाव होंगे। वित्त संबंधी बाधाएं दूर होंगी। नई संपत्ति खरीदने या पाने के योग हैं। पैृतक संपत्ति भी प्राप्त हो सकती है। उद्योग वृद्धि होगी।
 
घर-परिवार- परिवार के वरिष्ठजनों पर व्यय व देखभाल करना पड़ेंगी। परिवार में मंगल कार्य होने के योग हैं। विवाह के प्रस्ताव मिलेंगे।
 
स्वास्थ्य- इस वर्ष स्वास्थ्य ठीक रहेगा। अम्ल, पित्त, उदर-विकार, एलर्जी आदि की आशंका है, बाकी ठीक रहेगा।
 
परीक्षा-प्रतियोगिता- मनोनुकूल कार्य होंगे। परीक्षा प्रतियोगिता में सफलता मिलेगी।
 
यात्रा-प्रवास-तबादला- दूर देश-प्रदेश की जलीय हवाई यात्रा संभव है। कारोबारी यात्राएं, मनोरंजन के लिए धार्मिक यात्राएं सफल व पूर्ण होंगी।
 
कल्याणकारी उपाय- सद्गुरु की प्राप्ति संभव है। शिवजी की आराधना व चींटियों को आटा-शकर चुगाएं।
 

वृषभ राशि
 
व्यवसाय- स्वतंत्र रूप से व्यवसाय प्रारंभ करने की योजना बनेगी। वर्ष मध्य में बाधाएं आएंगी। बड़ों की सलाह मानकर चलें, सफलता हासिल होगी। एजेंसी के कार्य सफल रहेंगे। व्यावसायिक समस्याएं रहेंगी।
धन-संपत्ति- संपत्ति का विस्तार होगा। नई संपत्ति पाने या खरीदने के योग हैं। भूमि-भवन का विस्तार होगा। पैतृक संपत्ति मिल सकती है।
 
घर-परिवार- परिवार में मंगल कार्य के योग हैं। परिवार के सदस्यों में वृद्धि होगी। वृद्धजनों की समस्याएं दूर होंगी। परिवार के सदस्यों की आर्थिक व सामाजिक उन्नति होगी। संतान प्राप्ति होगी। किसी सदस्य के देखरेख या पढ़ाई इत्यादि की जवाबदारी बढ़ेगी।
 
स्वास्थ्य- बृहस्पति के प्रभाव से आकर्षण, सौंदर्य में वृद्धि होगी। हृदय संबंधी समस्या संभव है। पेट संबंधी या मूत्र विकार की संभावना है।
 
परीक्षा-प्रतियोगिता- मनपसंद शैक्षणिक संस्था में एडमिशन मिलेगा। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिलेगी। शिक्षा के लिए बाहर जाने के योग प्रबल हैं।
 
यात्रा-प्रवास-तबादला- इच्छित तबादला संभव है। कारोबारी यात्राएं सफल व अधिक होंगी। मनोरंजन के लिए भ्रमण संभव है। इच्छा के विरुद्ध कुछ नहीं होगा।
 
कल्याणकारी उपाय- पूजन, तीर्थयात्रा, अनुष्ठान व सत्संग के अवसर मिलेंगे। गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त होगा। शिवजी की उपासना, आटा-शकर चुगाना तथा भोजन दान कष्ट निवारण में सहायक होगा।
 

मिथुन राशि
 
व्यवसाय- इस वर्ष गोचर ग्रह की अनुकूलता नहीं रहेगी। रुके कार्यों की सफलता के लिए विशेष प्रयास करना पड़ेंगे। अधिक मेहनत व ध्यान केंद्रित करना पड़ेगा। वर्ष के उत्तरार्द्ध में अनुकूल परिणाम आएंगे। पदोन्नति के योग भी तभी मिलेंगे। रोजगार प्राप्ति होगी। नई योजनाएं बनेंगी जिन्हें लागू करना सरल नहीं होगा।
धन-संपत्ति- पुरानी लेनदारी प्राप्त होगी। रुका हुआ धन मिलेगा। संपत्ति की मरम्मत या नवीनीकरण पर व्यय होगा। साइड बिजनेस, किराया, कमीशन इत्यादि से आमदनी बढ़ेगी।
 
घर-परिवार- सदस्यों की शिक्षा, विवाह, चिकित्सा की जिम्मेदारी बढ़ेगी। मांगलिक कार्य का भार बढ़ेगा। संतान की उन्नति व प्राप्ति के योग हैं।
 
स्वास्थ्य- लिवर, किडनी या पेट के रोग परेशान कर सकते हैं। जोड़ों का दर्द संभव है। इसके अलावा सब ठीक रहेगा।
 
परीक्षा-प्रतियोगिता- उच्च शिक्षा में स्थान प्राप्ति सुगम होगी। परीक्षा-प्रतियोगिता में सफलता थोड़े प्रयास से मिलेगी। एकाग्रता की कमी होगी।
 
यात्रा-प्रवास-तबादला- यदि नौकरी बाहर हैं तो घर वापसी सुगम होगी। पदोन्नति तथा इच्छित तबादला होगा। अधिकतर स्वस्थान पर रहने के योग हैं।
 
कल्याणकारी उपाय- गुरुवार को देशी गाय को केले तथा हनुमान चालीसा के नित्य पाठ तथा ईष्टदेव की आराधना कष्ट कम करेगी।
 

कर्क राशि
 
व्यवसाय- यह वर्ष गोचर का मिश्रित फल देगा। कारोबार-व्यवसाय की बाधाएं दूर होंगी। परिश्रम अधिक होगा, फल कम प्राप्त होगा। कार्य के नए क्षेत्र प्राप्त होंगे। प्रयास करने पर अपना स्थान बनाने में सफलता प्राप्त होगी। कार्यक्षेत्र में मंदी तथा उपलब्धता की कमी रहेगी। बाधा संभव है।
धन-संपत्ति- स्थायी संपत्ति प्राप्त होने तथा बढ़ने के प्रबल योग हैं। आय सु‍निश्चित होगी। कुछ उपलब्धि सहज ही प्राप्त होंगी। किराएदारी तथा पार्टनरशिप में विशेष सावधानी रखें।
 
घर-परिवार- वर्षारंभ में मांगलिक कार्य होंगे। वर्ष के मध्य में परिवार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या आ सकती है। परिवार के सदस्यों की मनोवांछित उन्नति होगी। संतान की ओर से शुभ प्रसंग उप‍स्थित होंगे।
 
स्वास्थ्य- पेट, हृदयरोग, डायबिटीज की समस्या रह सकती है। चोट व दुर्घटना से बचें। हड्डी संबंधी रोग हो सकते हैं।
 
परीक्षा-प्रतियोगिता- प्रतियोगी परीक्षाओं में उच्च सफलता के योग हैं। विशेष क्षेत्र में प्रवेश के अवसर प्राप्त होंगे। सफलता मिलेगी। करियर की दृष्टि से विशेष योगकारक समय रहेगा। 
 
यात्रा-प्रवास-तबादला- अनचाही जगह तबादला तथा अनचाही यात्रा के योग हैं। यदि घर से दूर हैं तो प्रयास करने पर वापसी संभव है। व्यावसायिक यात्रा अलाभकारी होगी।
 
कल्याणकारी उपाय- देवी आराधना तथा कुल देवता या सत्संग की आराधना मंगलकारी रहेगी। सत्संग, कथा श्रवण, ध्यान तथा कन्या भोजन कष्ट कम करेगा।
 

सिंह राशि
 
व्यवसाय- 25 जनवरी से 23 जून तक अढैया रहेगा। कारोबार-व्यवसाय में विशेष प्रयास करना पड़ेंगे। नई जवाबदारी निभाना पड़ेगी। बाहरी सहयोग से समस्या निवारण होगा। जोखिम न लें। विवेक का प्रयोग करें। नए अधिकार की प्राप्ति होगी। पदोन्नति मिल सकती है। परिश्रम अधिक होगा।
धन-संपत्ति- इस वर्ष संपत्ति की मरम्मत, रखरखाव व नवीनीकरण पर अनचाहा भार बढ़ेगा। नुकसानदेह प्लांट, दुकान आदि बंद करना पड़ सकते हैं। संपत्ति का विभाजन संभव है।
 
घर-परिवार- पारिवारिक जवाबदारी बढ़ेगी। परिवार के वृद्ध सदस्यों का विशेष ध्यान देना पडेगा। संतान के दायित्व बढ़ेंगे। मांगलिक कार्य वर्ष के मध्य में संभव है।
 
स्वास्थ्य- अनियमित जीवन तथा व्यसनों की वजह से स्वास्थ्‍य कमजोर रहेगा। डायबिटीज, रक्ताल्पता, पेट के रोग कारण रहेंगे। फिर भी कार्य कर पाएंगे।
 
परीक्षा-प्रतियोगिता- मनोनुकूल कार्य होंगे। वर्ष के पूर्वार्द्ध में सफलता मिलेगी। एकाग्रता कम होगी। स्वास्थ्य आड़े आ सकता है।
 
यात्रा-प्रवास-तबादला- अप्रत्याशित उन्नति संभव है। पूर्वार्द्ध ठीक रहेगा। उत्तरार्द्ध में उन्नति होगी। यात्रा में जोखिम व जल्दबाजी न करें। कारोबारी यात्राएं सफल रहेंगी।
 
कल्याणकारी उपाय- सत्संग, कथा श्रवण तथा ईष्टदेव की उपासना तथा पीपल में मीठा जल चढ़ाने से कष्ट कम होंगे।
 

कन्या राशि
 
व्यवसाय- इस वर्ष से शनि अढैया प्रारंभ हो रहा है। कारोबार, उद्योग व व्यवसाय में बड़ा व्यय करना पड़ सकता है। परिश्रम अधिक होगा। व्यवसाय में कठिनाई संभव हैं। क्षमता से अधिक व्यय में जोखिम न लें। विवेक का प्रयोग करें। परिणाम जल्दी नहीं दिखाई देंगे।
धन-संपत्ति- संपत्ति की देखरेख, मरम्मत, निर्माण आदि में बड़ा व्यय होगा। बीच-बीच में कठिनाई भी होगी। परिवार की संपत्ति का विभाजन मनोनुकूल नहीं होगा। नई संपत्ति खरीदी-प्राप्ति के योग हैं।
 
घर-परिवार- परिवार में तनाव व उलझनें आएंगी। संपत्ति कारण रह सकती है। मांगलिक कार्य के योग हैं। परिवार की तरक्की होगी। सामंजस्य नहीं रहेगा।
 
स्वास्थ्य- पुराना रोग उभर सकता है। दुर्घटनादि के योग हैं। वात व पित्त रोग तथा जोड़ों का दर्द रहेगा। दिनचर्या नियमित रखें। तनाव के कारण अनिद्रा की शिकायत रहेगी।
 
परीक्षा-प्रतियोगिता- प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिलेगी। निजी कारणों से बाधा उत्पन्न हो सकती है। शिक्षा व्यवस्था में परिवर्तन करना पड़ सकता है।
 
यात्रा-प्रवास-तबादला- प्रतिकूल स्थान परिवर्तन होगा। वर्षांत में अनुकूलता रहेगी। परिवार सहित मनोरंजन के प्रवास के योग हैं। वरिष्ठ व्यक्तियों का सहयोग प्राप्त होगा। तबादले के लिए प्रयास करें। 
 
कल्याणकारी उपाय- गुरु दीक्षा, मंत्र सिद्धि में सफलता मिलेगी। तीर्थ दर्शन, सत्संग तथा शिवजी की आराधना कष्ट कम करेगी।
 

तुला राशि
 
व्यवसाय- यदि ग्रह योग अच्‍छे हैं तो चहुंमुखी विकास होगा। उत्तरदायित्व बढ़ेंगे। विशेष जवाबदारियां निभाना पड़ सकती हैं। अति विश्वास व पूर्वाग्रह से मुक्त होना लाभकारी रहेगा। कारोबार में वृद्धि होगी।
धन-संपत्ति- एकाधिक संपत्ति की खरीदी व प्राप्ति के योग हैं। व्यावसायिक भूमि-भवन में वृद्धि होगी। वित्तीय व्यवस्‍था सुधरेगी तथा कारोबार में अधिक धन लगा पाएंगे।
 
घर-परिवार- मंगल कार्य के योग हैं, लेकिन व्यक्तिगत कारणों से अधिक ध्यान नहीं दे पाएंगे। विवाह के प्रस्ताव मिलेंगे। संतान प्राप्ति होगी। परिवार की उन्नति सहज होगी।
 
स्वास्थ्य- जननांग विकार, पेट रोग तथा रक्त सबंधी रोग हो सकते हैं, बाकी ठीक रहेगा।
 
परीक्षा-प्रतियोगिता- प्रतियोगी परीक्षा तथा करियर बनाने के लिए अनुकूल समय है। सफलता मिलेगी। एकाग्रता बनाए रखना होगी।
 
यात्रा-प्रवास-तबादला- मनोनुकूल यात्रा-तबादला होंगे। विदेश यात्रा, समुद्री तथा हवाई यात्रा के प्रबल योग हैं। तीर्थयात्रा भी हो सकती है।
 
कल्याणकारी उपाय- धार्मिक पूजा-अनुष्ठान सफल रहेंगे। तीर्थ दर्शन होंगे। गरीबों-अपंगों की सेवा-सहायता तथा हनुमान चालीसा तथा सुन्दरकाण्ड के पाठ कष्ट कम करेंगे।
 

वृश्चिक राशि
 
व्यवसाय- इस वर्ष उतरती हुई साढ़े साती है। स्थायी परिवर्तन होने की संभावना है। जल्दी-जल्दी घटनाएं घटेंगी। अनचाहे बदलाव व मतभेद होंगे। वर्षारंभ में कुछ ठीक नहीं रहेगा। उत्तरार्द्ध में अनुकूलता आएगी। व्यापार-व्यवसाय में स्थान बदलना पड़ सकता है या व्यवसाय परिवर्तन संभव है।
धन-संपत्ति- वित्तीय बाधाएं आएंगी। कार्य के बड़े उद्देश्यों पर अनचाहे खर्च बढ़ेंगे। कारोबार में धीरे-धीरे अनुकूलता आएगी। परिवार की उन्नति भी क्रमश: होगी।
 
घर-परिवार- मांगलिक कार्य, गृह क्लेश-मतभेद होंगे। उत्तरार्द्ध में विवाह प्रस्ताव आएंगे। संतान की उन्नति होगी। सामंजस्य बैठाना होगा।
 
स्वास्थ्य- वात, पित्त, पेट संबंधी, लिवर-किडनी संबंधी समस्या रहेगी। पुराने रोग उभरेंगे।
 
परीक्षा-प्रतियोगिता-‍ शिक्षा व प्रतियोगिता आदि में बड़े बदलाव हो सकते हैं। एकाग्रता नहीं रहेगी। उत्तरार्द्ध में सफलता प्राप्त होगी।
 
यात्रा-प्रवास-तबादला- नौकरी व व्यवसाय में निश्चित बदलाव होगा। तबादला व स्थान परिवर्तन इच्‍छित हो सकता है। यात्राएं होंगी। घर वापस आने में दिक्कतें आएंगी। 
 
कल्याणकारी उपाय- वृद्ध व अपंग व्यक्तियों, असहाय बच्चों की देखभाल, वृक्षारोपण तथा शिवजी की आराधना एवं मंदिरों की देखभाल से लाभ होगा।
 

धनु राशि
 
व्यवसाय- साढ़े साती शनि का प्रभाव हृदय में रहेगा। कार्यों में बाधा नहीं होगी तथा कार्य सुचारु रूप से चलेंगे। कारोबारी उन्नति होगी तथा मान-प्रतिष्ठा बढ़ेगी। कुछ समस्याएं आएंगी भी, लेकिन निदान समय पर होगा। वर्षारंभ में तनाव की स्‍थिति बनेगी। साझेदारी में विशेष रखने की आवश्यकता है। तनाव होगा।
धन-संपत्ति- स्थायी संपत्ति का विस्तार होगा। व्यक्तिगत तथा कारोबारी संपत्ति दोनों में वृद्धि होगी। मरम्मत-नवीनीकरण पर तथा अपव्यय के भी संकेत हैं। नौकरी में पदोन्नति के प्रबल योग हैं। निश्चित आमदनी में वृद्धि होगी।
 
घर-परिवार- मंगल कार्य होंगे। बड़ी पारिवारिक समस्या का हल होगा। दांपत्य जीवन में कुछ खटास व चिंता रहेगी। संतान की उन्नति होगी।
 
स्वास्थ्य- वात-पित्त संबंधी, चोट-दुर्घटना तथा पेट संबंधी रोग हो सकते हैं। भोजन पर ध्यान देना आवश्यक है।
 
परीक्षा-प्रतियोगिता- प्रतियोगी परीक्षा व उच्च‍ शिक्षा में सफलता निश्चित है। एकाग्रता रखना होगी। 
 
यात्रा-प्रवास-तबादला- वर्ष के मध्य में यात्रा, अवकाश होंगे। तीर्थ दर्शन, मनोरंजक यात्रा, हवाई यात्रा के योग हैं। मनोनुकूल तबादला होगा।
 
कल्याणकारी उपाय- धर्म स्थल का निर्माण, जीर्णोद्धार, कथा श्रवण, अनुष्ठान आदि के प्रबल योग हैं। गुरु प्राप्ति, परोपकार के लिए समय अनुकूल है। असहाय व अपंग व्यक्तियों की सहायता तथा कुलदेवी की उपासना लाभ में वृद्धि करेगी।
 

मकर राशि
 
व्यवसाय- इस वर्ष साढ़े साती लग रही है जिसके प्रभाव से कारोबार-व्यवसाय में तरक्की होगी। रुके कार्य बनेंगे। कारोबार का विस्तार प्रतिद्वंद्वी हट जाने या समझौता करने से होगा। उद्योग के नवीनीकरण पर व्यय लाभ में वृद्धि करेगा। बीच-बीच में कठिनाई होगी लेकिन निदान समय पर होगा। नौकरी में पदोन्नति होगी। नए आय के स्रोत मिलेंगे।
धन-संपत्ति- घर-परिवार व कार्यक्षेत्र में बड़ा व्यय होगा। लेनदारी वसूली होगी। अपव्यय पर रोक लगेगी। नई संपत्ति प्राप्त होगी या खरीदी जाएगी। आय के नए स्रोत प्राप्त होंगे।
 
घर-परिवार- मांगलिक कार्य होंगे। व्यय बढ़ेगा। परिवार के सदस्यों की भी उन्नति होगी। परिवार के सदस्य बढ़ सकते हैं। पारिवारिक समस्याएं सुलझेंगी।
 
स्वास्थ्य- वृद्धावस्‍था की व्याधियां, जोड़ों की खराबी, आंखों की बीमारी, एलर्जी आदि से पीड़ा रहेगी। उपचार भी शीघ्र होगा।
 
परीक्षा-प्रतियोगिता- इस वर्ष शिक्षा तथा करियर में बाधा होगी तथा प्रयास अधिक करना पड़ेंगे। एकाग्रता की कमी होगी। व्यक्तिगत समस्याएं कारण होंगी। 
 
यात्रा-प्रवास-तबादला- अनचाही जगह पर जाने की स्थिति बन सकती है। अनुकूलता अधिक होगी। मनोरंजक यात्रा के लिए समय नहीं मिलेगा। विशेष प्रयास करना पड़ेंगे। तीर्थदर्शन संभव है।
 
कल्याणकारी उपाय- तंत्र-मंत्र में रुचि रहेगी। सिद्धि प्राप्ति के योग हैं। तीर्थ दर्शन संभव है। शिव आराधना, ईष्टदेव उपासना तथा गाय को हरा चारा खिलाना लाभकारी रहेगा।
 

कुंभ राशि
 
व्यवसाय- इस वर्ष शनि शुभता प्रदान कर रहे हैं। व्यवसाय-कारोबार में विशेष उन्नति के योग बन रहे हैं। कारोबारी यात्राएं दूर तथा सफल रहेंगी। अपनी क्षमता का पूरा दोहन करने का समय है। चहुंमुखी विकास होगा। नौकरी के क्षेत्र में विशेष कार्य अधिकार मिलने के योग हैं जिसमें सफलता प्राप्त होगी। आय के नए स्रोत प्राप्त होंगे।
धन-संपत्ति- नई संपत्ति खरीदी व पुरानी संपत्ति के विस्तार होंगे। पुरानी वसूली होगी। रुका हुआ धन सुगमता से प्राप्त होगा। वित्त व्यवस्‍था सुचारु रूप से होगी। कुछ विरोध झेलना पड़ सकता है।
 
घर-परिवार- कुटुम्ब के सदस्यों की उन्नति होगी। विवाह के प्रस्ताव मिलेंगे। मंगल कार्य होंगे। संतान प्राप्ति होगी। पारिवारिक मदभेद, विरोध हो सकता है। चिंता का समाधान होगा।
 
स्वास्थ्य- इस वर्ष पुराने रोग उभर सकते हैं। पेट, रक्त, लिवर, डायबिटीज आदि से पीड़ा होगी।
 
परीक्षा-प्रतियोगिता- मनपसंद क्षेत्रों में प्रवेश तथा सफलता प्राप्त होगी। परिश्रम तथा भाग्य का आपसी सहयोग देखने काबिल होगा।
 
यात्रा-प्रवास-तबादला- मनपसंद तबादला होगा। लंबी यात्राएं होंगी। मनोरंजक यात्रा तथा तीर्थयात्राएं होंगी। नौकरी में स्थान परिवर्तन संभव है। शिक्षा के लिए यात्रा संभव है। 
 
कल्याणकारी उपाय- कथा श्रवण, अनुष्ठानादि में रुचि बढ़ेगी। गरीबों की सेवा, कुलदेवी-देवता की आराधना से कष्ट कम होंगे।
 

मीन राशि
 
व्यवसाय- यह वर्ष उत्तम फलदायक रहेगा। व्यवसाय व कारोबार में सफलता मिलेगी। कारोबारी उन्नति दूसरों के लिए आदर्श बनेगी। नौकरी में मनमाफिक पदोन्नति के योग हैं। पुरानी योजनाएं साकार होंगी। कारोबारी सहयोग प्राप्त होंगे। साझेदारी में मतभेद संभव है।
धन-संपत्ति- रुका हुआ धन प्राप्त होगा। धन एकत्रित करने में सफलता प्राप्त होगी। बुद्धिबल से आय में वृद्धि होगी। संपत्ति में वृद्धि होगी। आय के कई स्रोत प्राप्त होंगे। 
 
घर-परिवार- मांगलिक कार्यों की प्रबल संभावना है। नए सदस्यों की वृद्धि होगी। नए दायित्व का बोझ बढ़ेगा। वृद्धजनों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा।
 
स्वास्थ्य- पुरानी बीमारी से छुटकारा मिलेगा। जोड़ों का दर्द, पेट रोग, एलर्जी की समस्या हो सकती है। जल्दी ही निदान होगा, बाकी ठीक रहेगा।
 
परीक्षा-प्रतियोगिता- शिक्षा, उच्च शिक्षा आदि में सफलता की प्रबल संभावना है। विदेश में शिक्षा की व्यवस्था सुगमता से होगी।
 
यात्रा-प्रवास-तबादला- नौकरी में स्थानांतरण मनोनुकूल रहेगा। मनोरंजक यात्रा के प्रबल योग हैं। छुट्टी-मनोरंजन के योग हैं।
 
कल्याणकारी उपाय- सत्संग, कथा वार्ता के श्रवण, अनुष्ठान के अवसर प्राप्त होंगे। देवी की उपासना तथा विद्यार्थियों की सहायता से लाभ में वृद्धि होगी।
ये भी पढ़ें
अपने मूलांक से जानिए साल 2017 का चमकदार भविष्य