श्रावण की तीज : सुहागिनों का खास त्योहार
Teej of Shravanहरियाली तीज महिलाओं में उत्साह और उमंग भर देती है। हर वर्ग की महिलाओं में इस त्योहार को मनाने का ढंग अलग होता है। इस दिन जहां जाओ वहां महिलाओं के हाथ खूबसूरत चूड़ियों और मेहंदी से सजे हुए दिखते हैं। श्रावण के शुक्ल पक्ष की तृतीया को हरियाली तीज का त्योहार महिलाओं में उत्साह और उमंग से भर देता है। भगवान शंकर और माता पार्वती को समर्पित हरियाली तीज की तैयारियां महिलाएं एक महीने पहले से ही प्रारंभ कर देती हैं।
उस दिन क्या पहनना है, मेकअप कैसा होगा, चूड़ियां किस रंग की होंगी, पैरों में चप्पल किस स्टाइल की होंगी और गहने कैसे होंगे... इस तरह की तैयारियां सिर्फ विवाहित महिलाएं ही नहीं, बल्कि कुंआरी लड़कियां भी शुरू कर देती हैं। इन दिनों बाजार की रंगत भी देखते ही बनती है।महिलाओं की हर फरमाइश और ख्वाबों को पूरा करने को तैयार बाजार में मानो प्रतिस्पर्धा शुरू हो जाती है। हाई सोसाइटी की महिलाएं हो या मध्यवर्ग की या फिर छोटे तबके की... सभी के लिए यह दिन बड़ा खास होता है। लेकिन सभी तबके की महिलाओं में इस त्योहार को मनाने का ढंग अलग होता है।