गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. आईना 2017
  4. 2017 : Year of decision on 2G spectrum
Written By

टू जी घोटाले के फैसले, इसरो की उपलब्धियों का वर्ष

टू जी घोटाले के फैसले, इसरो की उपलब्धियों का वर्ष - 2017 : Year of decision on 2G spectrum
वर्ष की शुरुआत में सुप्रीम कोर्ट ने लोढ़ा समिति की सिफारिशों को लागू करने को लेकर सालभर से ज्यादा समय से चल रहे मामले में 2 जनवरी 2017 को फैसला सुनाते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर और सचिव अजय शिर्के को पद से बर्खास्त कर दिया।
 
न्यायाधीश जगदीशसिंह खेहर को नया भारत का चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया है। जस्टिस खेहर को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने देश के 44वें चीफ जस्टिस के रूप में शपथ दिलाई। इसी माह बॉलीवुड के अभिनेता ओम पुरी का निधन हो गया। पुरी 66 साल के थे। 14वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन 7 जनवरी 2017 से बेंगलुरु में शुरू हुआ, जो 3 दिन चला।
 
बाबा रामदेव ने बनाए 5 रिकॉर्ड : स्वामी विवेकानंद की जयंती (राष्ट्रीय युवा दिवस) के मौके पर योग गुरु बाबा रामदेव और उनके अनुयायियों ने 12 जनवरी 2017 को एकसाथ 5 वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए। बाबा रामदेव ने एकसाथ 1 लाख लोगों के साथ सूर्य नमस्कार का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
 
भारतीय रिजर्व बैंक ने नोटबंदी के 65 दिन बाद दूसरी बार एटीएम से नकदी निकासी की सीमा बढ़ा दी। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने 68वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर हवलदार शहीद हंगपन दादा को मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किया। दादा को जम्मू एवं कश्मीर में पिछले साल आतंकवादियों से लड़ते हुए अदम्य साहस और आत्मबलिदान के लिए सर्वोच्च सैन्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
 
वर्ष के दूसरे माह के प्रारंभ में वित्तमंत्री अरुण जेटली ने 1 फरवरी 2017 को संसद में वित्त वर्ष 2017-18 का आम बजट पेश किया। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम ने 5 फरवरी 2017 को तीसरी बार मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया। पन्नीरसेल्वम ने तमिलनाडु के गवर्नर विद्यासागर राव को अपना इस्तीफा भेज दिया।
 
इसरो का एक और कारनामा : लोकसभा में 7 फरवरी 2017 को मजदूरी भुगतान संशोधन विधेयक 2017 पास हो गया। विधेयक के पास होने के बाद मालिक अब मजदूरों को उनकी मजदूरी का भुगतान चेक द्वारा या उनके खाते में सीधे डाल सकते हैं। एकसाथ अंतरिक्ष में 104 सैटेलाइट्स को लॉन्च कर पूरी दुनिया को हैरान कर चुके भारतीय अंतरिक्ष संस्थान (इसरो) ने एक और कारनामा किया। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने भारत के देश में विकसित सबसे बड़े क्रायोजेनिक अपर स्टेज इंजन जीएसएलवी मार्क III का सफलतापूर्वक परीक्षण किया।
 
1 मार्च 2017 को मशहूर कॉमेडी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के लेखक तारक मेहता का निधन हो गया। 89 साल के तारक मेहता को 2015 में पद्मश्री से नवाजा गया। पूर्व रक्षामंत्री और भाजपा नेता मनोहर पर्रिकर ने 14 मार्च 2017 को गोवा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। एन. बीरेन सिंह ने मणिपुर के मुख्यमंत्री के रूप में 15 मार्च 2017 को इंफाल में राजभवन में शपथ ग्रहण की, इसके साथ ही मणिपुर में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है।
 
वर्ष के चौथे माह में मशहूर भारतीय शास्त्रीय गायिका किशोरी अमोनकर का निधन हो गया। किशोरी अमोनकर 84 वर्ष की थीं। उन्हें वर्ष 1987 में पद्मभूषण और 2002 में पद्मविभूषण से सम्मानित किया गया था। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान, कनाडा स्थित वेंकुवर में टेड में भाषण देने वाले पहले भारतीय अभिनेता बने। यह एक मीडिया संस्थान है, जो ऑनलाइन टॉक शो आयोजित करता है। इसकी स्थापना सन् 1984 में हुई है तथा इसका अर्थ टेक्नोलॉजी, इंटरटेनमेंट एवं डिजाइन है।
 
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को 3 मई 2017 को संसद की 21 सदस्यीय लोक लेखा समिति का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया। फेसबुक ने अपनी 'एक्सप्रेस वाईफाई' सेवा भारत में शुरू की। इसके तहत कंपनी देश के ग्रामीण इलाकों में उपभोक्ताओं के सार्वजनिक हॉटस्पॉट के जरिए इंटरनेट सुविधा की पेशकश करेगी। गंजाम जिले की एक स्वास्थ्य कार्यकर्ता कृष्णा कुमारी को 2017 का प्रतिष्ठित 'फ्लोरेंस नाइटिंगेल' पुरस्कार प्रदान किया गया है और 18 मई को अरुणाचल प्रदेश की अंशु जामसेनपा ने चौथी बार माउंट एवरेस्ट फतह कर इतिहास रच दिया। वे यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला बन गईं।
 
भारत ने जापान को पीछे छोड़ा : भारत स्टेनलेस स्टील के उत्पादन के मामले में जापान को पीछे छोड़ते हुए चीन के बाद दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक बन गया है। सड़क परिवहन, राजमार्ग और नौवहन मंत्री नितिन गडकरी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने नागपुर में भारत की पहली मल्टी मॉडल इलेक्ट्रिक वाहन परियोजना की शुरुआत की। यह अनूठी परियोजना एक ही मंच पर ई-बसों, ई-कैब, ई-रिक्शा और ई-ऑटो को एकसाथ लाती है।
 
वर्ष के जून माह में प्रसिद्ध फिल्म निर्माता और पूर्व केंद्रीय मंत्री दसारी नारायण राव का निधन हो गया। वे 75 वर्ष के थे। अप्रवासी भारतीय के बेटे लियो वरदकर को औपचारिक तौर पर आयरलैंड का प्रधानमंत्री चुन लिया गया। लियो ने आयरलैंड का प्रधानमंत्री बनकर एक इतिहास भी रचा है। 38 वर्ष के लियो पहले भारतीय हैं जिन्‍हें इस देश की कमान मिली है और वे आयरलैंड के सबसे युवा पीएम बने हैं।
 
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2017 को 'योगा फॉर हेल्थ' थीम के साथ पूरे विश्वभर में मनाया गया। चीन ने अदृश्य पटरी पर चलने वाली विश्व की पहली पटरीरहित ट्रेन की शुरुआत की। देश के पूर्व मुख्य आर्थिक सलाहकार कौशिक बसु ने इंटरनेशनल इकॉनोमिक एसोसिएशन (आईए) के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया।
 
भारत में जीएसटी लागू : संसद के ऐतिहासिक केंद्रीय हॉल से 1 जुलाई 2017 को बहुप्रतीक्षित वस्तु एवं सेवाकर (जीएसटी) को पूरे देशभर में लागू किया गया। 14 जुलाई को 'एसडीजी इंडेक्स एंड डैशबोर्ड रिपोर्ट' के अनुसार महत्वाकांक्षी सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को हासिल करने की दिशा में प्रयास के लिहाज से भारत 157 देशों में 116वें स्थान पर रहा।
 
18 जुलाई को केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू के इस्तीफे के साथ स्मृति ईरानी को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया। नगालैंड के गवर्नर पद्मनाभ बालकृष्ण आचार्य ने टीआर जेलियांग को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में नियुक्त किया। इसी तरह 27 जुलाई को नीतीश कुमार 6ठी बार बिहार के मुख्यमंत्री बने और सुशील मोदी ने बिहार के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
 
पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता देवेन्द्र झाझरिया देश के सर्वोच्च खेल सम्मान 'राजीव गांधी खेलरत्न' से सम्मानित होने वाले पहले पैराएथलीट बने। 10 अगस्त को आईसीआईसीआई बैंक ने ग्राहकों के बचत खातों पर तुरंत (इंस्टैंट) क्रेडिट कार्ड की सुविधा देने की घोषणा की। यह सुविधा ऑनलाइन ली जा सकेगी और प्लास्टिक कार्ड मिलने से पहले ही इससे शॉपिंग की जा सकेगी।
 
15 अगस्त को विद्युत पारेषण करने वाली कंपनी अडाणी ट्रांसमिशन ने हाड़ौती पॉवर ट्रांसमिशन सर्विसेज लिमिटेड की 100 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी। यह अधिग्रहण राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (आरवीपीएन) से किया गया है। माह की 18 तारीख को विशाल सिक्का ने इंफोसिस के प्रबंध निदेशक और सीईओ पद से इस्तीफा दिया।
 
तेलंगाना के मुख्यमंत्री कल्वाकुंतला चन्द्रशेखर राव को भारतीय खाद्य एवं कृषि परिषद द्वारा संस्थापित 'एग्रीकल्चर लीडरशिप अवॉर्ड 2017' के लिए चुना गया। भारत के चीफ जस्टिस जेएस खेहर की अगुवाई वाली सर्वोच्च न्यायालय के 9 न्यायाधीश वाली संवैधानिक खंडपीठ ने सर्वसम्मति से फैसला किया है कि गोपनीयता का अधिकार संविधान के अंतर्गत एक मौलिक अधिकार के रूप में माना जाएगा।

दीपक मिश्रा बने भारत के 45वें मुख्‍य न्यायाधीश : वर्ष की 28 अगस्त को जस्टिस दीपक मिश्रा ने देश के 45वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। दीपक मिश्रा ने जस्टिस जगदीश सिंह खेहर की जगह ली है। 'एक्सप्रेस' समूह के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक विवेक गोयनका और दैनिक समाचार पत्र 'द हिन्दू' के पूर्व एडिटर-इन-चीफ एन. रवि को सर्वसम्मति से देश की सबसे बड़ी समाचार एजेंसी 'प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया' का क्रमश: अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुना गया।
 
सर्वोच्च उद्योग संगठन एसोचैम के एक अध्ययन के अनुसार विनिर्माण उत्कृष्टता (मैन्युफैक्चरिंग एक्सीलेंस) के मामले में कर्नाटक देश में सबसे ऊपर के स्थान पर है। 14 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने अहमदाबाद से मुंबई के बीच चलने वाली भारत की पहली बुलेट ट्रेन के लिए आधारशिला रखी।
 
17 सितंबर को राजस्थान सरकार ने किसानों को साहूकारों/ बिचौलियों के चंगुल में फंसने से बचाने के लिए 'कृषि उपज रहन ऋण योजना' शुरू की। डॉ. केएस चुघ, जिन्हें 'भारत में नेफ्रोलॉजी के जनक' के रूप में जाना जाता है, का निधन हो गया। वे 85 वर्ष के थे। उद्योगपति मुकेश अंबानी के स्वामित्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिडेट दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी ऊर्जा कंपनी बन गई है।
 
भारत ने 2 अक्टूबर 2017 को इंडियन ऑइल कॉर्पोरेशन (आईओसी) और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) द्वारा की गई खरीद के चलते ओडिशा के पारादीप बंदरगाह पर अमेरिका से 1.6 मिलियन बैरल (16 लाख बैरल) कच्चे तेल की पहली खेप प्राप्त की। आईओसी भारत की पहली सरकारी रिफाइनरी बन गई है, जो कि अमेरिका से आए कच्चे तेल को रिफाइन करेगी।
 
द्वारका में भारत का पहला समुद्री प्रशिक्षण संस्थान : उपराष्ट्रपति एम. वैंकेया नायडू ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 148वीं वर्षगांठ के अवसर पर कांसे से बनी 1.80 मीटर ऊंची मूर्ति का अनावरण किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात की देवभूमि द्वारका जिले में भारत की पहली समुद्री पुलिस प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना की घोषणा की। 10 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के भरुच में भादभूत बांध परियोजना का शिलान्यास किया। यह परियोजना 4,337 करोड़ रुपए में तैयार होगी और इसका लक्ष्य नर्मदा नदी में खारेपन रोकना है।
 
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बिंदेश्वर पाठक को हाथ से मैला ढोने की प्रथा से छुटकारा दिलाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए 'लालबहादुर शास्त्री राष्ट्रीय पुरस्कार' से सम्मानित किया। जाने-माने अनुभवी राजनयिक गौतम बंबावले को चीन में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे पाकिस्तान में उच्चायुक्त थे। पद्मविभूषण से सम्मानित प्रख्यात शास्त्रीय गायिका गिरिजा देवी का निधन हो गया। वे 88 वर्ष की थीं। ऑस्ट्रेलियन सेंटर फॉर फाइनेंशियल स्टडीज (एसीएफएस) द्वारा प्रकाशित मेलबोर्न मर्सर ग्लोबल पेंशन इंडेक्स 2017 में भारत 30 देशों में से 28वें स्थान पर है।
 
पाकिस्तान के जनक माने जाने वाले मोहम्मद अली जिन्ना की बेटी दीना वाडिया का निधन 2 नवंबर को न्यूयॉर्क में हो गया। वे 98 वर्ष की थीं। स्नेहलता श्रीवास्तव को लोकसभा का नया महासचिव नियुक्त किया गया है। वे लोकसभा की पहली महिला महासचिव होंगी और उनका कार्यकाल 30 नवंबर 2018 तक होगा।
 
साहित्य के क्षेत्र में दिए जाने वाले देश के सर्वोच्च सम्मान ज्ञानपीठ पुरस्कार वर्ष 2017 के लिए हिन्दी की प्रतिष्ठित लेखिका कृष्णा सोबती को चुना गया है। ज़िन्दगीनामा, ऐ लड़की, मित्रो मरजानी और जैनी मेहरबान सिंह उनकी प्रमुख रचनाओं में शामिल हैं। तमिलनाडु के श्रीरंगम में श्री रंगनाथस्वामी मंदिर ने यूनेस्को एशिया-प्रशांत पुरस्कार जीता है।
 
'अनाथों की मां' के नाम से मशहूर जानी-मानी सामाजिक कार्यकर्ता सिंधुताई सपकाल को मानवता की सेवा में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए 'डॉ. राममनोहर त्रिपाठी लोकसेवा सम्मान' से सम्मानित किया गया। अभिनेता एवं नाटककार गिरीश कर्नाड को रंगमंच के क्षेत्र में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। भारत ने असम में कृषि क्षेत्र में निवेश करने तथा राज्य की उत्पादकता बढ़ाने के लिए विश्व बैंक के साथ 20 करोड़ डॉलर के ऋण अनुबंध पर हस्ताक्षर किए। असम के प्रमुख फिल्म अभिनेता बिजू फुकान का निधन हो गया। वे 70 वर्ष के थे।
 
चंदा कोचर शक्तिशाली महिला नामित : आईसीआईसीआई बैंक की सीईओ चंदा कोचर को भारत में सबसे शक्तिशाली महिला नामित किया गया है। वे फोर्ब्स की विश्व में 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं की सूची में 32वें स्थान पर हैं। 'विश्व शौचालय दिवस' पर साफ-सफाई के प्रति जागरूकता और शौचालय के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लक्ष्य से हरियाणा के मरौरा गांव में दुनिया के सबसे बड़े शौचालय पॉट मॉडल का अनावरण किया गया। हरियाणा के इस गांव को 'ट्रंप गांव' के नाम से भी जाना जाता है।
 
1 नवंबर को वित्त आयोग के गठन की घोषणा की गई। 15वें वित्त आयोग के अध्यक्ष एनके सिंह होंगे। सिंह भारत सरकार के पूर्व सचिव एवं पूर्व संसद सदस्य हैं। इसी दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) द्वारा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना को 'राष्ट्रीय कृषि विकास योजना- कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र पुनरुद्धार हेतु लाभकारी दृष्टिकोण' के रूप में जारी रखने की स्वीकृति प्रदान की गई।
 
14 नवंबर को 37वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का आयोजन किया गया। 14-27 नवंबर 2017 के मध्य प्रगति मैदान, नई दिल्ली में '37वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला' आयोजित किया गया। नवंबर 2017 को भारत सरकार द्वारा 'शोधन-अक्षमता और दिवाला संहिता (संशोधन) अध्यादेश 2017' प्रख्यापित किया गया। नवंबर माह में ही कृषि योजना के लिए 3 साल के विस्तार को कैबिनेट ने मंजूरी दी।
 
दीया मिर्जा संरा सद्‍भावना दूत : फिल्म अभिनेत्री दीया मिर्जा को भारत के लिए संयुक्त राष्ट्र सद्‍भावना राजदूत चुना गया। उल्लेखनीय है कि वे वाइल्ड लाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया की भी ब्रांड एम्बेसेडर हैं। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 9,048.17 करोड़ रुपए के 3 वर्ष के लिए बजट के साथ वर्ष 2017-18 से शुरू होने वाली राष्ट्रीय पोषण मिशन (एनएनएम) को मंजूरी दी।
 
भाजपा की गुजरात और हिमाचल में जीत : गुजरात और हिमाचल प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा ने जीत हासिल की। हिमाचल में प्रत्याशित जीत के साथ ही भाजपा गुजरात में केवल 99 सीटों पर ही जीत सकी। माह की 21 दिसंबर को 2जी महाघोटाले के सभी आरोपियों को सीबीआई की विशेष कोर्ट ने आरोप साबित न होने पर बरी कर दिया। इस कथित 1 लाख 76 करोड़ के घोटाले का दूरगामी असर यह रहा कि यूपीए सरकार को सत्ता से बाहर होना पड़ा था और तब के एनडीए के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने इस मुद्दे को आम चुनावों में प्रचार के दौरान खूब उछाला था।
ये भी पढ़ें
2017 में बढ़ा 'भगवा राजनीति' का दायरा