शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. अमिताभ बच्चन
  4. बिग बी और स्मॉल स्क्रीन
Written By समय ताम्रकर

बिग बी और स्मॉल स्क्रीन

Amitabh and Television | बिग बी और स्मॉल स्क्रीन
PR
अमिताभ बच्चन ने छोटे परदे पर उस समय प्रवेश किया, जब उनके फिल्मी करियर में कोई हलचल नहीं हो रही थी। वे कर्ज में डूबे हुए थे। उन्हें समझ में नहीं आ रहा था कि वे क्या करें।

सन 2000 में उन्हें ‘कौन बनेगा करोड़पति’ शो के संचालन का ऑफर मिला। इसके बदले उन्हें अच्छी-खासी रकम पेश की गई। उस समय छोटे परदे को बड़े परदे के कलाकार हेय दृष्टि से देखते थे। टीवी कार्यक्रम पर जाना तौहीन समझी जाती थी। लोगों को लगता था‍ कि इसे फिल्मों में काम नहीं मिल रहा है इसलिए यह यहाँ आ गया।

अमिताभ सोच में पड़ गए। उन्होंने अपने दोस्तों और परिवार से सलाह ली। ज्यादातर लोगों ने उन्हें मना किया। लेकिन अमिताभ ने सुनी सबकी और करी मन की। उन्होंने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया और करोड़ों लोगों के घर में टीवी सेट के जरिये वे रोजाना प्रस्तुत होने लगे।

अमिताभ के दीवानों ने इस कार्यक्रम को हाथो-हाथ लिया। किसी भी गेम शो में एक करोड़ की राशि दी जाना अपने आपमें बहुत बड़ी घटना थी। लेकिन इस कार्यक्रम की लोकप्रियता के पीछे अमिताभ का हाथ था। अपनी विनम्रता, ज्ञान, भाषा और बात करने के अंदाज से मानो उन्होंने लोगों को सम्मोहित कर दिया।

एक आम आदमी से भी वे इस तरह पेश आते थे, मानो वह महानायक हो। महिलाओं से बात करते समय उनका शिष्टाचार देखते बनता था। इस कार्यक्रम ने लोकप्रियता के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए।

कहा जा सकता है कि टीवी की दुनिया में अमिताभ और उनके शो ने क्रांति कर दी। उसके बाद से इस बुद्धू बक्से के कार्यक्रमों के बजट में इजाफा हो गया। अमिताभ के टीवी की दुनिया में जाने से अन्य कलाकारों को भी कमाई का एक और रास्ता नजर आने लगा। सारे स्टार्स ने टीवी को अपना लिया। फिल्म वालों को प्रचार के लिए यह एक बेहतरीन माध्यम नजर आया।

2005 में अमिताभ ने इस शो का द्वितीय संस्करण ‘कौन बनेगा करोड़पति द्वितीय’ दो करोड़ की इनामी राशि के साथ पेश किया। ‘कौन बनेगा करोड़पति 3’ को शाहरुख खान ने पेश किया, लेकिन उनके संचालन में वो बात नजर नहीं आई। बाद में यह शो फिर अमिताभ के पास आ गया और इसका छठा सीजन भी वे बखूबी पेश कर रहे हैं।

बिग बॉस का सीजन 3 अमिताभ ने पेश किया था। सही मायनों में बिग बॉस की लोकप्रियता अमिताभ से जुड़ने के बाद ही बढ़ी। अमिताभ ने छोटे और बड़े पर्दे की दूरी मिटाने में अहम योगदान दिया है।