रविवार, 28 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा

मुंबई इंडियंस की नजरें सेमीफाइनल पर

मुंबई इंडियंस की नजरें सेमीफाइनल पर -
सेमीफाइनल में प्रवेश से एक जीत दूर मुंबई इंडियंस पिछले मैच में किंग्स इलेवन पंजाब से मिली हार की निराशा को दूर करते हुए रविवार को राजस्थान रॉयल्स को हराने के इरादे से उतरेगा।

PTI
FILE
अब तक दस मैचों से सात जीत सकी सचिन तेंडुलकर की टीम 14 अंक के साथ शीर्ष पर है। मोहाली में शनिवार को मिली हार के बावजूद उसका मनोबल गिरा नहीं है।

दूसरी ओर मेजबान टीम 11 मैचों में छह जीत के बाद तीसरे स्थान पर है। किंग्स इलेवन पंजाब पर मिली नौ विकेट से जीत के बाद उसके हौसले बुलंद हैं।

मुंबई यदि इस मैच में जीतता है तो राजस्थान रॉयल्स को अंतिम चार में पहुँचने के लिए बाकी दोनों मैच जीतने होंगे।

मुंबई की बल्लेबाजी की धुरी तेंडुलकर हैं, जिन्होंने आईपीएल के तीसरे सत्र में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। उनके अलावा अंबाती रायुडू, दक्षिण अफ्रीका के जीन पॉल डुमिनी भी अच्छे फॉर्म में है लिहाजा टीम को अच्छे स्कोर की उम्मीद होगी।

सलामी बल्लेबाज शिखर धवन पंजाब के खिलाफ नहीं चल सके, लेकिन रॉयल्स के खिलाफ मैच में उनकी भूमिका अहम होगी। अच्छी शुरुआत मिलने पर मुंबई इंडियंस किसी भी लक्ष्य का पीछा कर सकती है।

श्रीलंका के लसिथ मलिंगा और बाएँ हाथ के तेज गेंदबाज जहीर खान जबरदस्त फॉर्म में हैं। वहीं स्पिन गेंदबाजी का मोर्चा हरभजनसिंह ने बखूबी संभाल रखा है।

दूसरी ओर पंजाब के खिलाफ मैच में 43 गेंद में 83 रन बनाने वाले राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज माइकल लम्ब ने जिस तरह पंजाब के खिलाफ टीम को जीत दिलाई, उसी तरह मुंबई के लिए परेशानी का सबब बन सकते हैं। उनके अलावा युसूफ पठान तो हैं ही जो टी-20 क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से हैं।

कप्तान शेन वॉर्न के पास चतुराई भरा दिमाग है, जो विपरीत परिस्थितियों से भी जीत दर्ज करने का माद्दा रखते हैं। वे गेंद से जादूगरी कर सकते हैं और कप्तानी का कमाल दिखा सकते हैं, लिहाजा मुंबई की राह आसान नहीं होगी। (भाषा)