• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Wimbledon 2017, Rafael Nadal, Ostenphenko
Written By
Last Modified: गुरुवार, 6 जुलाई 2017 (18:57 IST)

विंबलडन 2017 : नडाल और ओस्तापेंको तीसरे दौर में

विंबलडन 2017 : नडाल और ओस्तापेंको तीसरे दौर में - Wimbledon 2017, Rafael Nadal, Ostenphenko
लंदन। दो बार के चैंपियन और फ्रेंच ओपन के बाद लगातार दूसरे ग्रैंड स्लेम के लिये खेल रहे स्पेन के राफेल नडाल और महिला चैंपियन येलेना ओस्तापेंको ने अपने अभियान को आगे बढ़ाते हुए यहां विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया है।
       
चौथी सीड नडाल ने पुरूष एकल के दूसरे दौर में अमेरिका के डोनाल्ड यंग को लगातार सेटों में 6-4, 6-2, 7-5 से हराया। स्पेनिश खिलाड़ी को 43वीं रैंकिंग के यंग के खिलाफ मैच में खास परेशानी नहीं हुई। नडाल ने अब तक टूर्नामेंट में एक भी सेट नहीं गंवाया है और वह इसी लय के साथ अगले मैच में 21 वर्षीय रूसी खिलाड़ी कारेन खाचानोव से भिड़ेंगे।
         
31 वर्षीय नडाल ने गत माह 10वीं बार फ्रेंच ओपन खिताब जीता था। सेंटर कोर्ट पर जीत के बाद नडाल जैसे ही कोर्ट से जाने लगे तो एक फैन ने उनसे अपने प्रोस्थैटिक लेग पर हस्ताक्षर लिए, जो उनका सबसे अजीब ऑटोग्राफ था। वहीं महिला एकल में नडाल के साथ फ्रेंच ओपन चैंपियन बनीं लात्विया की ओस्तापेंको ने गलतियों के बाद संभलते हुए कनाडा की फ्रैंकोएस अबांडा को 4-6, 7-6, 6-3 से हराया।
        
इससे पहले विश्व के नंबर एक खिलाड़ी ब्रिटेन के एंडी मरे ने भी दूसरे दौर में जीत दर्ज की। शीर्ष वरीय मरे ने जर्मनी के डस्टिन ब्राउन को 6-3, 6-2, 6-2 से हराकर तीसरे दौर में जगह बना ली। गत चैंपियन 30 वर्षीय मरे यदि अपने खिताब का बचाव कर लेते हैं तो वह 1930 में फ्रेंड पैरी के बाद ऐसा करने वाले पहले ब्रिटिश खिलाड़ी बन जाएंगे।
              
पुरूषों के अन्य मुकाबलों में 30वीं सीड कारेन ने ब्राजील के थियागो मोंटेरिया को 3-6, 7-6, 7-6, 7-5 से हराकर नडाल के साथ अपना मैच बुक कर लिया। सातवीं सीड क्रोएशिया के मारिन सिलिच ने सिर्फ दो घंटे में जर्मनी के फ्लोरियन मेयर को 7-6 6-4 7-5 से लगातार सेटों में हराया।
          
16वीं सीड जाइल्स मुलर ने चेक गणराज्य के लुकास रोसोल को मैराथन संघर्ष में 7-5, 6-7, 4-6, 6-3, 9-7 से हराकर दूसरे दौर का मुकाबला जीता। 24वीं वरीय अमेरिकी के सैम क्वेरी ने जार्जिया के निकोलाज़ बासिलाशिविल को 6-4, 4-6, 6-3, 6-3 से और 12वीं सीड जो विलफ्रेड सोंगा ने सिमोन बोलेली को 6-1, 7-5, 6-2 से हराया।
        
दूसरी ओर छठी सीड और घरेलू पसंदीदा खिलाड़ी जोहाना कोंटा ने महिला एकल के तीसरे दौर में जगह बनाई और इसी के साथ 20 वर्षों में पहली बार चार ब्रिटिश खिलाड़ी विंबलडन के तीसरे राउंड तक पहुंच गए। पहली बार तीसरे राउंड में पहुंची कोंटा ने क्रोएशिया की डोना वेकिक को सेंटर कोर्ट पर तीन घंटे 10 मिनट तक चले मैच में  7-6 4-6 10-8 से हराया।
       
मरे और कोंटा के अलावा ब्रिटिश खिलाड़ियों में हीथर वाटसन ने 18वीं सीड लात्विया की अनास्तासिजा सेवासोवा को लगातार सेटों में 6-0, 6-4 से और अल्जाज बेडेने ने बोस्निया के डामिर जुमुर को 6-3, 3-6, 6-3 6-3 से हराया।
          
दो बार की चैंपियन पेत्रा क्वीतोवा वर्ष के मात्र अपने तीसरे ही टूर्नामेंट में खेलने उतरीं लेकिन दूसरे दौर के आगे नहीं जा सकीं। अपने घर पर चाकू के हमले का शिकार हुईं क्वीतोवा को अमेरिका की मैडिसन ब्रेंगेले ने 6-3, 1-6, 6-2 से हराया।
 
गैर वरीय इटली की कैमिला ज्यार्जी ने 17वीं वरीय अमेरिकी खिलाड़ी मैडिसन की को 6-4, 6-7, 6-1 से हराया तो वहीं 25वीं वरीय कार्ला सुआरेज नवारो भी गैर वरीय चीनी खिलाड़ी पेंग शुआई से 6-2, 6-2 से हारकर बाहर हो गईं। हालांकि इस बीच दूसरी वरीय रोमानिया की सिमोना हालेप ने ब्राजील की बीटरिज हद्दाद को 7-5, 6-3 से हराकर तीसरे दौर में जगह बना ली।
                  
पांच बार की चैंपियन और 10वीं सीड अमेरिका की वीनस विलियम्स ने भी दूसरे दौर में जीत दर्ज कर ली और अपने करियर की 100वीं एकल जीत से वह कुछ कदम दूरी पर हैं। वीनस ने चीन की कियांग वांग को खराब शुरुआत के बाद 4-6, 6-4, 6-1 से काबू किया और 97वीं जीत दर्ज की। वीनस यदि क्वार्टर फाइनल तक पहुंचती हैं तो वह अपने 100 मैच जीतने की उपलब्धि हासिल कर लेंगी। (वार्ता)
 
ये भी पढ़ें
पांचवें वनडे में वेस्टइंडीज की हालत खस्ता