• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Yashveer, Malika award
Written By
Last Modified: गुरुवार, 21 नवंबर 2019 (05:07 IST)

पंजाब के यशवीर और मलिका को सम्मानित करेंगे राष्ट्रपति

पंजाब के यशवीर और मलिका को सम्मानित करेंगे राष्ट्रपति - Yashveer, Malika award
बठिंडा/जालंधर। बोलने-सुनने में असमर्थ बठिंडा के यशवीर गोयल एवं जालंधर की मलिका हांडा को राष्ट्रीय पुरस्कार को लिए चुना गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 3 दिसंबर को विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में अन्य प्रतिभाओं के साथ इन्हें भी सम्मानित करेंगे।
 
मिनिस्ट्री ऑफ सोशल जस्टिस ऑफ एम्पावरमेंट के विभाग डिपार्टमेंट ऑफ एम्पावरमेंट ऑफ पर्सन विद डिसएबिलिटी की ओर से हाल ही में नेशनल अवार्ड की घोषणा की गई थी। 
 
यशवीर और मलिका ने अपनी उपलब्धियों से साबित कर दिया कि यदि व्यक्ति ठान ले तो शारीरिक अक्षमता भी उसकी राह में रोड़ा नहीं बन सकती। दोनों ने ही अपनी उपलब्धियों से पंजाब का मान बढ़ाया है। 
 
यशवीर को यह पुरस्कार उनकी शिक्षा, तकनीकी ज्ञान, फोटोग्राफी, खेल, डाक टिकट और सिक्के संग्रहण में अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन के लिए दिया जा रहा है। यशवीर को इससे पहले भी राष्ट्रीय और प्रादेशिक स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है। यशवीर को सूचना प्रौ‍द्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जा चुका है। 
 
मलिका हांडा भी बोल-सुन नहीं पाती हैं, लेकिन उनकी अंगुलियों और ‍दिमाग के कमाल से वे अच्छे-अच्छे शतरंज खिलाड़ियों को शिकस्त दे देती हैं। ऐसा लगता है मानो शतरंज के मोहरे उन्हीं की 'सुनते' हैं।
 
मलिका शतरंज में कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी हैं। इसी वर्ष स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पंजाब के खेल मंत्री राणा गुरमीतसिंह सोढी उन्हें सम्मानित कर चुके हैं।