शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. एनआरआई
  4. »
  5. खास खबर
  6. लंदन में होगा देव आनंद का अंतिम संस्कार
Written By ND

लंदन में होगा देव आनंद का अंतिम संस्कार

देव आनंद ने लंदन में ली आखिरी सांस

Dev Anand | लंदन में होगा देव आनंद का अंतिम संस्कार
IFM

भारतीय सिनेमा के सदाबहार अभिनेता देव आनंद का शनिवार रात लंदन में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 88 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार या बुधवार को लंदन में ही किया जाएगा। 'गाइड' और 'हम दोनों' जैसी क्लासिकल फिल्मों से अपनी अभिनय क्षमता का सशक्त परिचय देने वाले देव आनंद का फिल्मी कैरियर लगभग 65 वर्षों का रहा।

परिवारिक सूत्रों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से देव आनंद का स्वास्थ्य ठीक नहीं था और वह यहां पर चिकित्सकीय जांच के लिए आए हुए थे। जब उन्होंने अंतिम सांस ली उस समय उनके पुत्र सुनील आनंद उनके पास थे।

अभिनेता के तौर पर देव आनंद के कैरियर की शुरुआत वर्ष 1946 में 'हम एक हैं' फिल्म से हुई थी। वर्ष 1947 में 'जिद्दी' प्रदर्शित हुई और तब तक बॉलीवुड पर देव आनंद की सफलता का परचम लहरा चुका था। 'जिद्दी' के बाद उन्होंने कभी पीछे मु़ड़कर नहीं देखा। सदाबहार अभिनेता देव आनंद ने 'पेइंग गेस्ट', 'बाजी', 'ज्वैल थीफ', 'सीआईडी', 'जॉनी मेरा नाम', 'अमीर गरीब', 'वारंट', 'हरे रामा हरे कृष्णा' और 'देस परदेस' जैसी कई हिट फिल्में दी।

IFM
पंजाब के गुरदासपुर में 26 सितंबर 1923 को धर्मदेव पिशोरीमल आनंद यानी देव आनंद का जन्म हुआ था। उन्होंने लाहौर के लॉ कॉलेज से अंग्रेजी में स्नातक की डिग्री हासिल की। उनकी बहन शील प्रख्यात निर्देशक शेखर कपूर की मां हैं। भारतीय सिनेमा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले देव आनंद वर्ष 2001 में प्रतिष्ठित 'पद्म भूषण' सम्मान से विभूषित किए गए और 2002 में उन्हें 'दादा साहेब फाल्के पुरस्कार' प्रदान किया गया।

उन्होंने वर्ष 1949 में अपनी प्रोडक्शन कंपनी 'नवकेतन इंटरनेशनल फिल्म' की स्थापना की और 35 से ज्यादा फिल्मों का निर्माण किया। देव आनंद ने दो फिल्मफेयर पुरस्कार जीते। एक वर्ष 1958 में 'काला पानी' के लिए और दूसरा 1966 में 'गाइड' में अपने अभिनय के लिए।

गाइड को सर्वश्रेष्ठ फिल्म और सर्वश्रेष्ठ निर्देशक सहित पांच श्रेणियों में फिल्मफेयर पुरस्कार मिला और उस वर्ष ऑस्कर की विदेशी फिल्म की श्रेणी में भारत की तरफ से यह फिल्म भेजी गई थी। वर्ष 1993 में उन्हें फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड और 1996 में स्क्रीन वीडियोकॉन लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। देव आनंद के मनपसंद अभिनेता हॉलीवुड कलाकार ग्रेगरी पेक थे।

उनके एक सहयोगी मोहन ने बताया कि देव आनंद की मंशा के अनुसार उनकी शवयात्रा नहीं निकाली जाएगी। अंतिम संस्कार के लिए उनकी पत्नी कल्पना कार्तिक, बेटी देविना और पोती लंदन जाएंगी।