• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By वार्ता
Last Modified: लखनऊ , मंगलवार, 18 जनवरी 2011 (17:22 IST)

महँगाई से मायूस नहीं हों कांग्रेसीः राहुल

महँगाई से मायूस नहीं हों कांग्रेसीः राहुल -
कांग्रेस महासचिव और अमेठी के सांसद राहुल गाँधी ने बढ़ती महँगाई का ठीकरा राज्य सरकारों पर फोड़ते हुए आज उत्तर प्रदेश के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पूरे जोश के साथ मतदाताओं के बीच जाने को कहा।

आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर समन्वय समिति की बैठक में हिस्सा लेने आए गाँधी ने कहा कि बढ़ रही महँगाई राज्य सरकार की नीतियों के कारण है। सब्जियों की कीमतों में हाल में हुई वृद्धि अस्थाई है और नई फसल के आते ही दाम पहले जैसे हो जाएँगे।

केन्द्र सरकार ने गेहूँ और चावल जैसी खाद्य चीजों के दाम में वृद्धि नहीं होने दी है। उन्होंने कहा कि खासकर उत्तर प्रदेश सरकार जमाखोरों पर कोई अंकुश नहीं लगा पा रही है इसलिए चीजों के दाम बढ़ रहे हैं।

उन्होंने समिति की बैठक में कहा कि मतदाताओं के पास पूरे जोश के साथ नेताओं और कार्यकर्ताओं को जाना होगा। निराश और मायूस होकर मतदाताओं के पास जाना हार जाने के बराबर है। उन्होंने यह भी कहा कि कम से कम एक सौ सीटों पर पार्टी प्रत्याशी के नामों की घोषणा कर दी जाएगी।

समन्वय समिति की दो दिन की बैठक का आज अंतिम दिन था। (वार्ता)