• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
  6. 26 रुपए का पेट्रोल 60 में-भाजपा
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , बुधवार, 15 दिसंबर 2010 (17:50 IST)

26 रुपए का पेट्रोल 60 में-भाजपा

मुनाफाखोर है केन्द्र सरकार-जावडेकर

Petrol price rise | 26 रुपए का पेट्रोल 60 में-भाजपा
FILE
पेट्रोल के दाम बढ़ाए जाने के सरकार के फैसले की निंदा करते हुए भाजपा ने बुधवार को कहा कि यह सर्वथा अनुचित और आम आदमी को आहत करने वाला कदम है। उसने कहा कि ‘मुनाफाखोर’ सरकार 26 रुपए की खरीद का पेट्रोल जनता को 60 रुपए प्रति लीटर बेच रही है।

भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने कहा कि दामों में वृद्धि सर्वथा अनुचित है। यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है कि पिछले छह महीनों में इस सरकार ने छह बार पेट्रोल के दाम बढ़ाए हैं। इस दौरान लगभग साढ़े आठ रुपए पेट्रोल के दाम बढ़े हैं जिससे सीधे तौर पर आम आदमी आहत हुआ है।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल के दाम बढ़ाए जाने से सभी वस्तुओं के मूल्य बढ़ते हैं और इससे आम आदमी की परेशानी कई गुना बढ़ जाती है।

जावडेकर ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि एक ओर वह मुद्रा स्फीति में सात प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा करती है तो दूसरी ओर पेट्रोल के दामों में प्रति लीटर तीन रुपए के इजाफे की।

उन्होंने कहा कि कच्चे तेल के अंतरराष्ट्रीय मूल्यों में बढ़ोतरी की दुहाई देकर सरकार पेट्रोल के दाम बढ़ाती है, लेकिन यह सफेद झूठ है। क्योंकि सरकार को एक लीटर पेट्रोल महज 26 रुपए का पड़ता है, जबकि वह उसे लोगों को 60 रुपए प्रति लीटर बेच रही है। व्यापारी तक इतना मुनाफा नहीं कमाते। (भाषा)