• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: ह्यूस्टन (भाषा) , रविवार, 17 जून 2007 (11:01 IST)

विलियम्स के नाम एक और उपलब्धि

विलियम्स के नाम एक और उपलब्धि -
भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने शनिवार को अंतरिक्ष में सर्वाधिक समय तक रहने वाली महिला का गौरव हासिल कर अपनी उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ लिया।

इस बीच नासा ने अंतरिक्ष यान अटलांटिस की ताप रक्षक प्रणाली को पृथ्वी के वायुमंडल में पुनः प्रवेश की अनुमति दे दी है।

नासा ने एक बयान में कहा कि अभियान की विशेषज्ञ सुनीता विलियम्स ने शनिवार को सुबह अंतरिक्ष यान में सर्वाधिक समय तक रुकने वाली महिला होने का रिकॉर्ड कायम किया है।

विलियम्स ने पिछले साल 10 दिसंबर को अपनी अंतरिक्ष यात्रा शुरू की थी। उन्होंने रूसी अंतरिक्ष केंद्र मीर पर 1986 में 188 दिन, चार घंटे रुककर शैनन लुसिड द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड को शनिवार को भारतीय समयानुसार 11 बजकर 13 मिनट पर तोड़ा।

इससे पहले साल के शुरुआत में विलियम्स ने अंतरिक्ष में चहलकदमी का रिकॉर्ड तोड़ा था। इससे पहले यह रिकार्ड कैथरीन थार्नटन ने बनाया था।

उन्होंने अप्रैल में अंतरिक्ष में मैराथन पूरी करने वाली पहली अंतरिक्ष यात्री होने का रिकॉर्ड बनाया।

विलयम्स की इस उपलब्धि के तुरंत बाद यह अच्छी खबर आई कि मिशन कंट्रोल सेंटर ने अंतरिक्ष यात्रियों को बताया कि अटलांटिस की ताप रक्षक प्रणाली को पृथ्वी के वायुमंडल में पुनः प्रवेश की अनुमति दे दी है।

नासा ने कहा कि अंतरिक्ष यात्रियों को इस खबर का पता उस वक्त चला जब वे अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से सामान निकालकर अटलांटिस में रख रहे थे।