• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. weather update : cold wave in north india, coldest day in delhi
Written By
Last Updated : गुरुवार, 5 जनवरी 2023 (12:19 IST)

भीषण सर्दी की चपेट में उत्तर भारत, दिल्ली में मौसम की सबसे सर्द सुबह, मध्यप्रदेश के 18 जिलों में कोल्ड डे

भीषण सर्दी की चपेट में उत्तर भारत, दिल्ली में मौसम की सबसे सर्द सुबह, मध्यप्रदेश के 18 जिलों में कोल्ड डे - weather update : cold wave in north india, coldest day in delhi
नई दिल्ली। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की वजह से उत्तर भारत के कई राज्यों में कोल्ड डे की स्थिति नजर आ रही है। दिल्ली-NCR सहित पंजाब, राजस्थान, मध्यप्रदेश, बिहार में ठंड से ठिठुरे लोग। कोहरे की वजह से दृश्यता घट गई है। इस वजह से हवाई, रेल और सड़क यातायात पर बुरा असर पड़ा है। 
 
जम्मू-कश्मीर में हाड़ कपाने वाली ठंड : जम्मू-कश्मीर में हाड़ कपाने वाली ठंड जारी है और श्रीनगर तथा कश्मीर घाटी के अन्य प्रमुख हिस्सों में रात के तापमान में और गिरावट आने से डल झील के अधिकांश हिस्सों एवं अन्य जलाशयों में पानी जम गया है। दक्षिण कश्मीर में पहलगाम पर्यटन स्थल कश्मीर घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
दिल्ली में मौसम की सबसे सर्द सुबह : राष्ट्रीय राजधानी में जबरदस्त शीत लहर के चलते बृहस्पतिवार को मौसम की सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई, जब पारा तीन डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में बृहस्पतिवार सुबह घना कोहरा छाया। सुबह साढ़े पांच बजे दृश्यता घटकर 50 मीटर तक रह गई।
 
दिल्ली की सफदरजंग वेधशाला में गुरुवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बुधवार को वहां पारा 4.4 डिग्री सेल्सियस और मंगलवार को 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। लोधी रोड, आयानगर और रिज के मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान क्रमशः 2.8 डिग्री सेल्सियस, 2.2 डिग्री सेल्सियस और 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी : लगभग पूरे राजस्थान में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और चुरू तथा सीकर जिले में न्यूनतम तापमान लगातार तीसरे दिन शून्य डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि सर्दी का यह सितम अभी दो दिन और जारी रहेगा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार रात न्यूनतम तापमान फतेहपुर (सीकर) में शून्य से 1.8 डिग्री नीचे और चुरू में शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इन दोनों जगह पर लगातार तीसरी रात, न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है।

राज्य के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा है। चित्तौड़गढ़ में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री, करौली में 1.2 डिग्री, अलवर में 1.3 डिग्री, भीलवाड़ा में 1.4 डिग्री, पिलानी तथा सिरोही में 2.0 डिग्री, बीकानेर में 2.4 चित्तौड़गढ़ में 0.1 डिग्री, बूंदी में 3.4 डिग्री, अजमेर में 3.9 डिग्री, कोटा में 4.0 डिग्री दर्ज किया गया।
 
35 जिलों में रेड अलर्ट : उत्‍तरप्रदेश में आज भी शीतलहर का कहर जारी है। प्रदेश के कई शहरों में अचानक तापमान में गिरावट देखते हुए मौसम विभाग ने 35 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन 35 जिलों में तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 
 
विभाग ने प्रदेश में चल रही शीतलहर के मद्देनजर मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर और श्रावस्ती, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, ललितपुर था। झांसी के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। बरेली में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री, झांसी में 6 डिग्री और मेरठ में 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
 
मध्यप्रदेश के 18 जिलों में कोल्ड डे : मध्यप्रदेश सर्द हवाओं और कोहरे के कारण समूचा प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में है। बुधवार को प्रदेश के 18 जिले ऐसे रहे, जहां ‘कोल्ड डे’ यानी शीतल दिन रहा, तो वहीं राजधानी भोपाल में लगातार दूसरे दिन ‘सीवियर कोल्ड डे’ यानी तीव्र शीतल दिन दर्ज किया गया। इंदौर में स्कूलों के समय में परिवर्तन किया गया है। शीतलहर को देखते हुए जबलपुर में कक्षा 1 से 6 तक 7 जनवरी तक छुट्टी घोषित कर दी गई है।

अमित शाह के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग : घने कोहरे की वजह से खराब दृश्यता के कारण केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का विमान बुधवार रात अगरतला के महाराजा बीर बिक्रम (एमबीबी) हवाई अड्डे पर नहीं उतर सका। विमान को गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया जहां विमान की इमरजेंसी लैंडिंग की गई।

अगले 24 घंटे में कैसा रहेगा मौसम : मौसम एजेंसी स्कायमेट के अनुसार, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है। बिहार, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तरी मध्य प्रदेश में घना कोहरा छा सकता है। पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कोल्ड डे से लेकर अत्यधिक कोल्ड डे की स्थिति संभव है।
Edited by : Nrapendra Gupta 
ये भी पढ़ें
हरियाणा में आज भारत जोड़ो यात्रा की एंट्री (live updates)