• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Maratha aarakshan aandolan : Jail bharo aandolan to start from today
Written By
Last Modified: मुंबई , बुधवार, 1 अगस्त 2018 (09:40 IST)

मुंबई में फिर तेज हुआ मराठा आरक्षण आंदोलन, आज से जेल भरो आंदोलन

मुंबई में फिर तेज हुआ मराठा आरक्षण आंदोलन, आज से जेल भरो आंदोलन - Maratha aarakshan aandolan : Jail bharo aandolan to start from today
मुंबई। महाराष्‍ट्र में मराठा आंदोलन की आंच तेज होती जा रही है। राज्य में मंगलवार को एक श्रमिक और एक छात्र के अपनी जान लेने के साथ ही मराठा आरक्षण की मांग को लेकर खुदकुशी करने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। मुंबई में आज से जेल भरो आंदोलन फिर शुरू हो रहा है। 
 
मराठा समुदाय के लोगों ने कहा है कि राज्य की भाजपा नीत सरकार प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों को वापस लेने में ‘विफल’ रही है और इसके खिलाफ वे मुंबई में प्रदर्शन करेंगे। सकल मराठा मोर्चा के नेता प्रवीण पटेल ने बताया कि मराठा समुदाय के लोग कल मुंबई में जेल भरो आंदोलन करेंगे।
 
इससे पहले मराठा संगठनों ने कहा था कि उनकी आरक्षण की मांग के समर्थन में नौ अगस्त को मुंबई में एक महारैली की जाएगी।
 
पुलिस के मुताबिक औरंगाबाद जिले में फुलांबरी तहसील के वदोदबाजार गांव में 17 वर्षीय छात्र ने कुएं में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
 
एक अधिकारी ने बताया कि प्रदीप हरि म्हेस्के को दसवीं की परीक्षा में 75 प्रतिशत अंक मिले थे लेकिन मराठा आरक्षण नहीं होने के कारण एक जूनियर कॉलेज और तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान में उसका नामांकन नहीं हो सका था।
 
म्हास्के के खुदकुशी कर लेने से महाराष्ट्र में प्रदर्शन और तेज हो गए हैं। मराठा समुदाय के लोगों ने औरंगाबाद-जलगांव मार्ग पर ‘रास्ता रोको’ प्रदर्शन शुरू कर दिया।
 
पुलिस ने बताया कि मराठवाड़ा क्षेत्र के बीड़ जिले के वीदा गांव के 35 वर्षीय खेत मजदूर अभिजीत देशमुख ने अपने घर के समीप एक पेड़ से फांसी लगा ली।
 
उन्होंने बताया कि मराठवाड़ा क्षेत्र के लातूर जिले में मराठा आरक्षण की मांग को लेकर आ‍ठ प्रदर्शनकारियों ने अपने शरीर पर किरोसिन छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की।
ये भी पढ़ें
मैक्सिको में खराब मौसम में उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान, खतरे में पड़ी 100 यात्रियों की जान