• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. farmers in support of Wrestlers Protesting at jantar mantar
Written By
Last Modified: रविवार, 7 मई 2023 (09:11 IST)

प्रदर्शनकारी पहलवानों को मिला किसानों का साथ, जंतर-मंतर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

प्रदर्शनकारी पहलवानों को मिला किसानों का साथ, जंतर-मंतर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम - farmers in support of Wrestlers Protesting at jantar mantar
Protest : दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों को किसानों का साथ मिल गया है। पहलवानों के समर्थन में दो किसान संघों के रविवार और सोमवार को दिल्ली कूच करने की घोषणा के मद्देनजर धरना स्थल पर और दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 
 
संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने शनिवार को ऐलान किया कि वह भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कुछ पहलवानों के समर्थन में राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन करेगा। दिल्ली पुलिस ने किसानों की यात्रा से पहले जंतर मंतर के आसपास और शहर की सीमाओं पर सुरक्षा इंतजाम करने की योजना बनाई है।
 
रविवार को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से संयुक्त किसान मोर्चा के कई वरिष्ठ नेताओं के सैकड़ों किसानों के साथ जंतर मंतर पर आने की योजना है तथा वे पहलवानों को समर्थन देंगे। एसकेएम ने सिंह की तुरंत गिरफ्तारी की भी मांग की।
 
इससे पहले वहीं, संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) ने कहा था कि भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के समर्थन में बड़ी संख्या में किसान 8 मई को जंतर-मंतर पर एकत्र होंगे।
 
उल्लेखनीय है कि संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) केंद्र सरकार द्वारा लाए गए और बाद में वापस लिए जा चुके तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व करने वाले संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) से अलग हुआ गुट है। एसकेएम कई किसान संगठनों का संयुक्त मोर्चा है।
 
ये भी पढ़ें
Cyclone Mocha की आहट, चलेगी 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा