• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. delhi barren desert harsh comment of delhi high court temperature above 52 degrees
Last Updated :नई दिल्ली , सोमवार, 3 जून 2024 (00:27 IST)

Delhi Heatwave : तो बंजर रेगिस्तान बन जाएगी देश की राजधानी, भयंकर गर्मी पर हाईकोर्ट की तल्ख टिप्पणी

वनों की कटाई पर जताई नाराजगी

Delhi Heatwave : तो बंजर रेगिस्तान बन जाएगी देश की राजधानी, भयंकर गर्मी पर हाईकोर्ट की तल्ख टिप्पणी - delhi barren desert harsh comment of delhi high court temperature above 52 degrees
Delhi Heatwave : देश की राजधानी पिछले दिनों भट्टी की तरह तपी है। देश की राजधानी में गर्मी को लेकर हाईकोर्ट की तल्ख टिप्पणी सामने आई है। 52.3 डिग्री सेल्सियस तापमान हो जाने पर संज्ञान लेते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा है कि यदि वनों की कटाई के प्रति वर्तमान पीढ़ी रुख उदासीन बना रहा, तो राष्ट्रीय राजधानी एक बंजर रेगिस्तान बन जाएगी।
दिल्ली के मुंगेशपुर क्षेत्र में बुधवार को अधिकतम तापमान 52.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शहर में अब तक का सबसे अधिक तापमान है। न्यायमूर्ति तुषार राव गेडेला ने कहा कि इस तथ्य पर न्यायिक संज्ञान लिया गया है कि हाल ही में 30 मई को दिल्ली में आधिकारिक तापमान 52.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अगर वर्तमान पीढ़ी वनों की कटाई के प्रति उदासीन दृष्टिकोण अपनाती रही, तो वह दिन दूर नहीं, जब यह शहर केवल एक बंजर रेगिस्तान बनकर रह जाएगा।”
 
हाईकोर्ट ने  इससे पहले अपने पूर्व न्यायाधीश नजमी वजीरी को दिल्ली में वनों के संरक्षण से संबंधित शहर के अधिकारियों की एक आंतरिक विभागीय समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया था। उच्च न्यायालय को सूचित किया गया कि वजीरी बुनियादी ढांचे की कमी के कारण अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में असमर्थ हैं।
 
अदालत ने कहा कि यह अदालत ऐसी स्थिति को बर्दाश्त नहीं कर सकती, जहां अध्यक्ष (न्यायमूर्ति वजीरी) कार्यालय स्थान या लिपिकीय और सहायक कर्मचारियों या यहां तक ​​कि परिवहन साधनों की कमी के कारण जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में असमर्थ हों।”
 
उन्होंने कहा कि हालांकि, विभाग (वन एवं वन्यजीव) को अलग-अलग क्षमता में कर्मचारी उपलब्ध कराने का निर्देश देने की बजाय, विभाग को मामले को पूरी गंभीरता से आगे बढ़ाने का निर्देश देना उचित समझा गया है कि किसी भी स्थिति में मंजूरी में 15 जून से अधिक देरी नहीं की जाए।”
 
अधिवक्ता आर. अरुणाद्रि अय्यर के माध्यम से दायर समिति के अध्यक्ष की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली सरकार को बुनियादी ढांचे, लिपिकीय कर्मियों, सहायक कर्मियों और परिवहन की आवश्यकता के बारे में सूचित किया गया था, जो अध्यक्ष के अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने के लिए आवश्यक होगा।
हाईकोर्ट ने कहा कि सक्षम प्राधिकारी द्वारा अनुमोदन दिए जाने के बाद, बुनियादी ढांचे का विकास अगले 15 दिनों के भीतर पूरा किया जाना चाहिए। अदालत ने निर्देश दिया, “सुनवाई की अगली तारीख 29 जुलाई पहले ही तय हो चुकी है, इसलिए उम्मीद है कि अध्यक्ष और समिति की जरूरत की सभी चीजें और आवश्यकताएं उससे पहले ही पूरी तरह से काम करने की स्थिति में होंगी।”  
रविवार को तापमान 42 के पार :  दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री अधिक है।  
 
दिल्ली के विभिन्न मौसम केंद्रों में से नजफगढ़ में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि नरेला में 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दक्षिणी दिल्ली के आया नगर में 43.4 डिग्री, रिज में 43.7 डिग्री और पालम में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
सोमवार को यह रहेगा मौसम का हाल : मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में सोमवार को बादल छाए रहने, अलग-अलग स्थानों पर गर्म हवाएं चलने, धूल भरी आंधी और गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। इसी के साथ 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
 
दिल्ली में रविवार को सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर 29 प्रतिशत से 44 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 44 और 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। इनपुट भाषा 
ये भी पढ़ें
देश भर में आज से महंगा हुआ Amul दूध, इतने रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी