• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. congress satyagraha : How priyanka gandhi played emotional card in rahul gandhi case
Written By
Last Updated : रविवार, 26 मार्च 2023 (13:08 IST)

राजघाट पर कांग्रेस का सत्याग्रह, राहुल के अपमान पर भावुक हुईं प्रियंका गांधी

राजघाट पर कांग्रेस का सत्याग्रह, राहुल के अपमान पर भावुक हुईं प्रियंका गांधी - congress satyagraha : How priyanka gandhi played emotional card in rahul gandhi case
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने रविवार को राजघाट पर कांग्रेस के संकल्प सत्याग्रह में इमोशनल कार्ड खेला। उन्होंने सवाल किया कि कब तक एक व्यक्ति का अपमान करते रहोगे। शहीद के परिवार के अपमान का आरोप लगाते हुए प्रियंका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कायर कह दिया।
 
उन्होंने कहा कि संसद में मेरे शहीद पिता का अपमान किया। शहीद के बेटे को 'मीर जाफर' कहा गया। केंद्रीय मंत्री भरी संसद में मेरी मां का अपमान करते हैं। भाजपा के मुख्‍यमंत्री कहते हैं कि इनके पिता कौन हैं? PM भरी संसद में 'नेहरू सरनेम' पर सवाल उठाते हैं? आप पर तो कोई केस नहीं होता, आपकी सदस्यता रद्द नहीं होती।
 
उन्होंने कहा कि आज तक हम चुप रहे हैं, आप हमारे परिवार का अपमान करते गए। मेरे भाई ने कहा- मैं आपसे नफरत नहीं करता। मैं पूछना चाहती हूं कि एक आदमी का कितना अपमान करोगे। उन्होंने कहा कि लगा दो केस मुझ पर लेकिन सच ये है कि इस देश का प्रधानमंत्री कायर है।
 
उन्होंने कहा कि इस देश के लोकतंत्र को मेरे परिवार के खून ने सींचा है। जो सोचते हैं कि हमें अपमानित कर, एजेंसियों से छापे मरवाकर हमें डरा देंगे, वो गलत सोचते हैं। हम डरने वाले नहीं हैं।

प्रियंका का इमोशनल कार्ड : प्रियंका ने कहा कि साल 1991 में मेरे पिता की शव यात्रा तीन मूर्ति भवन से निकल रही थी। अपनी मां के साथ, अपने भाई के साथ हम गाड़ी में बैठे थे और सामने भारतीय सेना का एक ट्रक था फूलों से लदा हुआ चल रहा था। उसके ऊपर मेरे पिताजी का शव था। काफिला थोड़ी दूर चला तो राहुल कहने लगे कि मुझे उतरना है तब मेरी मां ने मना किया।
 
इसके बाद प्रियंका ने कहा, राहुल गाड़ी से उतरा और सेना के पीछे चलने लगा. कड़ी धूप में अपने पिता के जनाजे के पीछे पीछे पैदल चलते-चलते यहां पहुंचा। इस जगह से कुछ 500 गज दूर मेरे शहीद पिता का अंतिम संस्कार मेरे भाई ने किया।
 
परिवारवाद पर क्या बोलीं प्रियंका : उन्होंने कहा कि अगर आप परिवारवादी कहते हैं तो भगवान राम कौन थे? भगवान राम को वनवास भेजा गया, लेकिन उन्होंने अपने परिवार और धरती के प्रति अपना फर्ज निभाया। तो क्या भगवान राम परिवारवादी थे। क्या अपने परिवार के संस्कारों के लिए लड़ने वाले कृष्‍ण परिवारवादी थे।