सोमवार, 28 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. महाराष्ट्र
  4. sanjay raut on banda station stampede
Last Updated : रविवार, 27 अक्टूबर 2024 (13:19 IST)

बांद्रा में भगदड़ पर भड़के संजय राउत, रेल मंत्री को बताया हादसे का जिम्मेदार

sanjay raut
bandra station stampede : शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता संजय राउत ने बांद्रा स्टेशन पर भगदड़ को लेकर रविवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुंबई में यात्रियों की अनदेखी की जा रही है जबकि रेलमंत्री बुलेट ट्रेन परियोजना को लेकर बहुत व्यस्त हैं। ALSO READ: दिवाली से पहले बांद्रा रेलवे स्टेशन पर उमड़ी भीड़, भगदड़ में 9 घायल
 
अधिकारियों के अनुसार, मुंबई में बांद्रा रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह गोरखपुर जाने वाली एक ट्रेन में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की के दौरान मची भगदड़ में 9 लोग घायल हो गए, जिनमें से 2 की हालत गंभीर है।
 
राउत ने कहा कि मुंबई शहर केंद्र सरकार को सबसे ज्यादा राजस्व देता है। इसके बदले में हमें यात्रियों के लिए यहां बमुश्किल ही कोई सुविधा मिलती है। उन्होंने दावा किया कि रेल मंत्री भी बुलेट ट्रेन परियोजना में व्यस्त हैं और लोगों को खराब बुनियादी ढांचे के कारण मरने के लिए छोड़ दिया गया है। रेल मंत्री को यात्रियों की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है।
 
शिवसेना (यूबीटी) सांसद ने दावा किया कि रेल मंत्री को हमेशा उच्च शिक्षित व्यक्ति के रूप में पेश किया जाता है और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) जैसे प्रमुख संस्थानों से उनके जुड़ाव पर जोर दिया जाता है लेकिन वह आम लोगों की समस्याओं को हल करने में विफल रहे हैं जो यात्रा के लिए रेलवे पर निर्भर हैं।
 
राज्यसभा सदस्य ने आरोप लगाया कि मुंबई शहर न केवल सबसे ज्यादा राजस्व देता है बल्कि सबसे ज्यादा उपनगरीय यात्री भी मुंबई में हैं। रेल मंत्री ने हालांकि समस्याओं को हल करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। राउत ने राजग सरकार के तीसरे कार्यकाल के दौरान देश में हुई कुछ रेल दुर्घटनाओं को लेकर भी उस पर निशाना साधा।
 
उन्होंने दावा किया कि इस नई केंद्र सरकार का तीसरा कार्यकाल जब से शुरू हुआ है, तब से कम से कम 25 प्रमुख रेल दुर्घटनाएं हुई हैं। उन्होंने बांद्रा स्टेशन पर हुई भगदड़ के संदर्भ में पूछा कि इतने लोगों के घायल होने के लिए कौन जिम्मेदार है? क्या रेल मंत्री की कोई जिम्मेदारी नहीं है?
ये भी पढ़ें
अमित शाह ने बताया, बंगाल में कैसे स्थापित होगी शांति?