• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. rahul gandhi says, PM Modi is asking votes for mass rapist
Last Modified: गुरुवार, 2 मई 2024 (15:45 IST)

राहुल गांधी का बड़ा हमला, मास रेपिस्ट के लिए वोट मांग रहे हैं मोदी

rahul gandhi
Prajwal Revnna sex scandal : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि कर्नाटक के हासन लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद और जनता दल सेक्युलर (जद-एस) नेता प्रज्वल रेवन्ना ने 400 महिलाओं से दुष्कर्म किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी प्रज्वल के पक्ष में लोगों से मतदान की अपील करने पर माफी की मांग की। ALSO READ: कर्नाटक सेक्स स्कैंडल : प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ लुकआउट नोटिस
 
शिवमोगा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 'मास रेपिस्ट' के लिए वोट मांग रहे हैं। प्रज्वल रेवन्ना ने सैकड़ों महिलाओं का रेप कर उनका अश्लील वीडियो बनाया। नरेंद्र मोदी भरे मंच से उस बलात्कारी का समर्थन करते हैं और कहते हैं- अगर आपने इस बलात्कारी को वोट दिया तो मेरी मदद होगी। नरेंद्र मोदी ने देश की सभी महिलाओं का अपमान किया है, उन्हें देश की महिलाओं से हाथ जोड़कर, सिर झुकाकर माफी मांगनी चाहिए।
 
पूर्व प्रधानमंत्री एवं जद एस के शीर्षस्थ नेता एच. डी. देवेगौड़ा के पोते प्रज्वल रेवन्ना महिलाओं का यौन शोषण करने के आरोपों का सामना कर रहे हैं। राज्य सरकार ने इस पूरे प्रकरण की जांच कराने के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है।
 
हासन से सांसद 33 वर्षीय प्रज्वल से कथित रूप से जुड़े कई अश्लील वीडियो एवं तस्वीर हाल के दिनों में वायरल हुए हैं।
 
प्रज्वल हासन लोकसभा सीट से राजग के प्रत्याशी हैं। यहां पर 26 अप्रैल को मतदान हुआ था। भाजपा एवं जदएस का पिछले साल सितंबर में गठबंधन हुआ था।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री को देश की माताओं और बहनों से माफी मांगनी चाहिए। प्रज्वल रेवन्ना ने 400 महिलाओं से दुष्कर्म किया है और उनका वीडियो बनाया। यह सेक्स स्कैंडल नहीं है बल्कि व्यापक पैमाने का दुष्कर्म है।
 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कर्नाटक में मंच से एक घोर दुराचारी का समर्थन किया। उन्होंने (मोदी ने) कर्नाटक में कहा कि अगर आपने बलात्कारी के पक्ष में मतदान किया तो इससे मुझे मदद मिलेगी।
 
गांधी ने कहा कि कर्नाटक की सभी महिलाओं से प्रधानमंत्री जब मत देने को कहें तो उन्हें जानना चाहिए कि प्रज्वल ने क्या किया?
 
उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रत्येक नेता को पता था कि प्रज्वल ‘घोर दुराचारी’ है और इसके बावजूद उनका समर्थन किया और जद(एस) के साथ गठबंधन किया। प्रधानमंत्री ने भारत की प्रत्येक महिला का अपमान किया है। प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के सभी नेताओं को देश की प्रत्येक महिला से माफी मांगनी चाहिए। दुनिया के किसी नेता ने घोर दुराचारी के पक्ष में मतदान करने की अपील नहीं की है।
 
गांधी ने कहा कि पूरी दुनिया में खबर है कि प्रधानमंत्री ने घोर दुराचारी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। यह भाजपा की विचारधारा है। वे गठबंधन करने के लिए तैयार रहते हैं और सत्ता के लिए सब कुछ करते हैं।
Edited by : Nrapendra Gupta 
ये भी पढ़ें
चेन्नई में बिरयानी में बिल्ली के मांस का इस्तेमाल, चौंकाने वाला वीडियो आया सामने