• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. PM Modi attacks congress on fake video in Dharashiv
Last Modified: मंगलवार, 30 अप्रैल 2024 (14:39 IST)

पीएम मोदी बोले, मोहब्बत की दुकान में बेचे जा रहे हैं फर्जी वीडियो

modi
PM Modi in Dharashiv : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भाजपा नीत सरकार से मुकाबला नहीं कर पा रहे प्रतिद्वंद्वी सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो प्रसारित करने के लिए तकनीक का दुरुपयोग कर रहे हैं।
धाराशिव में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अब उनकी स्थिति ऐसी हो गई है कि उनके झूठ भी काम नहीं कर रहे हैं। वे कृत्रिम मेधा (AI) के जरिए मेरे चेहरे का उपयोग कर रहे हैं। अपनी मोहब्बत की दुकान में फर्जी वीडियो बेच रहे हैं। झूठ की यह दुकान बंद होनी चाहिए।
 
उन्होंने कहा कि मोदी आपका जीवन बदलने के लिए दिन रात एक कर रहा है और ये इंडी अघाड़ी वाले मोदी को बदलने के लिए पूरी शक्ति लगा रहे हैं। जिनके घोटाले मैंने रोके हैं, वो मोदी से गुस्सा होंगे या नहीं? वो मोदी को गालियां देंगे या नहीं? आजकल ये इसी काम में लगे हैं।
 
मोदी ने कहा कि विरोधी मेरे जैसे नेताओं के उद्धरणों को तोड़-मरोड़कर पेश करने के लिए एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं। मोदी की आवाज को और मोदी के भाषण का उपयोग करके नई-नई चीजें गढ़ रहे हैं। 
 
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने दुनिया भर में मोटे अनाज को लोकप्रिय बनाने पर उनकी सरकार के जोर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मैं सुनिश्चित करूंगा कि मोटा अनाज दुनिया भर में डाइनिंग टेबल तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन द्वारा उनके लिए आयोजित राजकीय रात्रिभोज में मोटे अनाज से बनी चीजें शामिल थीं।
 
मोदी ने कहा कि मौजूदा लोकसभा चुनाव देश के आत्मसम्मान के बारे में है। उन्होंने सवाल किया कि क्या एक कमजोर सरकार जो किसी भी क्षण गिर सकती है, एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण करेगी?
Edited by : Nrapendra Gupta 
ये भी पढ़ें
इंदौर के बाद कांग्रेस को एक और बड़ा झटका, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और विधायक रामनिवास रावत भाजपा में शामिल