• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. PM Modi addressed rally in tamilnadu
Last Updated :कन्याकुमारी , शुक्रवार, 15 मार्च 2024 (13:30 IST)

PM मोदी ने सुनी तमिलनाडु में बहुत बड़े परिवर्तन की आहट

बोले भाजपा के प्रदर्शन से टूटेगा इंडिया गठबंधन का घमंड

PM मोदी ने सुनी तमिलनाडु में बहुत बड़े परिवर्तन की आहट - PM Modi addressed rally in tamilnadu
PM Modi in Tamilnadu : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को दावा किया कि तमिलनाडु की धरती पर उन्हें बहुत बड़े परिवर्तन की आहट महसूस हो रही है। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन विपक्षी गठबंधन इंडिया का सारा घमंड तोड़कर रख देगा।
 
मोदी ने एक रैली को संबोधित करते हुए संप्रग की पूर्ववर्ती सरकार के दौरान हुए घोटालों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र में आज एक ऐसी सरकार है जो विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों का जीवन आसान बना रही है।
 
रैली में उपस्थित जनसमूह की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि देश के इस दक्षिणी छोर से जो लहर उठी है, यह बहुत दूर तक जाने वाली है।
 
मोदी ने वर्ष 1991 में हुई भाजपा की एकता यात्रा को याद करते हुए कहा कि उस समय उन्होंने कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा की थी लेकिन इस बार वह कश्मीर से कन्याकुमारी आए हैं। उन्होंने कहा कि देश को तोड़ने का जो सपना देखते हैं, जम्मू कश्मीर के लोगों ने ऐसे लोगों को नकार दिया है। अब तमिलनाडु के लोग भी ऐसा ही करने जा रहे हैं।
 
उन्होंने कहा कि मैं तमिलनाडु की धरती पर बहुत बड़े परिवर्तन की आहट महसूस कर रहा हूं। तमिलनाडु में भाजपा का प्रदर्शन इस बार द्रमुक और कांग्रेस के ‘इंडी’ गठबंधन का सारा घमंड तोड़कर रख देगा।
 
प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के नेता अक्सर विपक्षी दलों के ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस’ यानी ‘इंडिया’ गठबंधन को ‘इंडी’ और ‘घमंडिया’ गठबंधन कहकर उस पर निशाना साधते रहे हैं। तमिलनाडु में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और कांग्रेस के बीच गठबंधन है और दोनों ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रमुख घटक दल हैं।
 
मोदी ने द्रमुक को तमिलनाडु के भविष्य के साथ ही अतीत की विरासत की भी दुश्मन करार दिया और कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन के ये घटक दल कभी भी तमिलनाडु को विकसित नहीं बना सकते क्योंकि इनका इतिहास घोटालों का रहा है। लोगों को लूटने के लिए सत्ता में आना ही इनकी राजनीति का आधार है।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक तरफ भाजपा की कल्याणकारी योजनाएं होती हैं, दूसरी तरफ इनके करोड़ों के घोटाले होते हैं। हमने ऑप्टिकल फाइबर और 5जी दिया, हमारे नाम पर डिजिटल इंडिया स्कीम है। इंडी अलायंस के नाम पर लाखों करोड़ों रुपये का 2जी घोटाला है और द्रमुक उस लूट की सबसे बड़ी हिस्सेदार थी।
 
मोदी ने कहा कि भाजपा ने बड़ी संख्या में हवाईअड्डे बनाए और उसके नाम पर उड़ान स्कीम है तो ‘इंडी’ गठबंधन के नाम देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाला हेलीकॉप्टर घोटाला है।
 
उन्होंने कहा कि हमारी खेलो इंडिया और अन्य योजनाओं से देश ने खेलों में ऊंचा मुकाम हासिल किया तो उनके नाम पर CWG घोटाला है। हमने खनिज क्षेत्र में सुधार किए तो इंडी गठबंधन के नाम पर कोयला घोटाले की कालिख लगी है। यह सूची बहुत लंबी है। यही इंडी गठबंधन की सच्चाई है।
 
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान अयोध्या में राम मंदिर में राम लला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा और नए संसद भवन में राजदंड (सेंगोल) स्थापित किए जाने का जिक्र किया और द्रमुक पर निशाना साधा।
 
उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से पहले उन्होंने दक्षिण के राज्यों के प्राचीन तीर्थ स्थलों के दर्शन किए लेकिन द्रमुक ने प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को टीवी पर दिखाए जाने से रोकने का प्रयास किया। इसके लिए उच्चतम न्यायालय तक से उसे कड़ी फटकार लगी।
Edited by : Nrapendra Gupta 
 
ये भी पढ़ें
Electoral Bond : फ्यूचर गेमिंग ने 1368 करोड़ तो मेघा इंजीनियरिंग ने दिए 966, एक क्लिक में जानिए इलेक्टोरल बॉन्ड देने वालीं कंपनियां