• Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. डॉयचे वेले
  3. डॉयचे वेले समाचार
  4. guinness book of world records
Written By
Last Modified: गुरुवार, 2 अप्रैल 2015 (10:52 IST)

गिनीज बुक के अजीबोगरीब

गिनीज बुक के अजीबोगरीब - guinness book of world records
वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के लिए लोग क्या क्या अजीब हरकत नहीं करते। कोई नाखून बढ़ाता है, तो कोई वजन कम करता है। देखिए इस बार किस किस का नाम जुड़ा है गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में।
 
सबसे छोटा इंसान : नेपाल के चंद्र बहादुर डांगी दुनिया के सबसे छोटे व्यक्ति हैं। गिनीज बुक की ओर से उन्हें दो पुरस्कार दिए गए हैं, एक सबसे छोटे कद के वयस्क का और दूसरा सबसे छोटे कद के जीवित पुरुष का। उनका कद महज 21.5 इंच है। वहीं दुनिया के सबसे ऊंचे व्यक्ति सुलतान कोसेन का कद आठ फीट तीन इंच है।
 
सबसे लंबे नाखून : आखिरी बार क्रिस वॉल्टन ने अपने नाखून अठारह साल पहले काटे थे। वॉल्टन अमेरिका में संगीतकार हैं और उनके नाखून छह मीटर लंबे हैं। जब उनसे उनके लंबे नाखूनों का राज पूछा गया तो उन्होंने कहा खूब मीठा खाओ और सब्र रखो। हर लड़की की तरह क्रिस वॉल्टन को भी अपने नाखूनों पर नेल पॉलिश लगाने का शौक है, बस उन्हें वक्त कुछ ज्यादा ही लगता है।
 
सबसे बड़ा योयो : अमेरिका की बेथ जॉनसन ने दुनिया का सबसे बड़ा योयो तैयार किया है। योयो दरअसल एक तरह का लट्टू होता है। अक्सर लकड़ी या कई बार प्लास्टिक से बने योयो से एक रस्सी जुड़ी होती है जिसके सहारे वह ऊपर नीचे झूलता है। बेथ जॉनसन के योयो का व्यास 3.65 मीटर है और वजन 2095.6 किलो।
 
सबसे लंबी गॉल्फ स्टिक : डेनमार्क के कार्स्टन मास को आम सी दिखने वाली चीजों में मजा नहीं आता। इसलिए उन्होंने दुनिया की सबसे बड़ी गॉल्फ स्टिक बना डाली। 4.37 मीटर की इस स्टिक से एक बार गॉल्फ खेली भी गई और गेंद 165 मीटर दूर जा कर गिरी।
 
सबसे लंबी जीभ : अधिकतर लोग कड़ी मेहनत कर गिनीज बुक में अपना नाम दर्ज कराने में सफल हो पाते हैं। लेकिन अमेरिका के निक स्टोएबर्ल की बात अलग है। इनका नाम गिनीज बुक से जुड़ा है सबसे लंबी जीभ होने के कारण। निक की जबान की लंबाई है 10.1 सेंटीमीटर।
 
सबसे पतली कमर : अमेरिका की केथी युंग की कॉर्सेट को ले कर दीवानगी ऐसी है कि वे चौबीस घंटे इन्हें पहन कर रखती हैं। इनकी कमर वैसे तो 21 इंच की है लेकिन कॉर्सेट पहनने के बाद यह केवल 15 इंच की रह जाती है। कॉर्सेट क्वीन के नाम से मशहूर केथी युंग के पास सौ से ज्यादा कॉर्सेट हैं।
 
सबसे बड़ा दीवाना : निक बेनेट जेम्स बॉन्ड के सबसे बड़े दीवाने हैं। उन्हें जहां 007 से जुड़ा कुछ भी मिलता, तो उसे जमा कर लेते। गिनीज बुक में नाम दर्ज कराने तक उनकी कलेक्शन में जेम्स बॉन्ड से जुड़ी 12,463 चीजें शामिल थीं। यह संख्या लगातार बढ़ रही है।
 
सबसे ज्यादा ग्लास : जर्मनी के बीयर फेस्टिवल के दौरान एक वेट्रेस के हाथ में बीयर के आठ दस बड़े बड़े ग्लास देखना आम सी बात है। लेकिन ओलिवीएर श्ट्रुम्पफेल ने एक एक लीटर के 27 ऐसे ग्लास उठा कर सब रिकॉर्ड तोड़ डाले। इतना वजन उठा कर वे 40 मीटर तक चले भी।