गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Mahendra Singh Dhoni, India New Zealand ODI
Written By
Last Modified: रविवार, 23 अक्टूबर 2016 (20:54 IST)

धोनी बने 9000 वनडे रन बनाने वाले पांचवें भारतीय

धोनी बने 9000 वनडे रन बनाने वाले पांचवें भारतीय - Mahendra Singh Dhoni, India New Zealand ODI
मोहाली। भारतीय कप्तान महेंद्रसिंह धोनी एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 9000 से अधिक रन बनाने वाले पांचवें भारतीय और ओवरआल तीसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बन गये। धोनी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वन-डे के दौरान मिशेल सैंटनर पर छक्का जड़कर अपनी रन संख्या 26 पर पहुंचाकर यह उपलब्धि हासिल की। 
उन्हें इस मैच से पहले यह उपलब्धि हासिल करने के लिए केवल 22 रन की दरकार थी। धोनी अब दुनिया के उन 17 बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने वन-डे में 9000 से अधिक रन बनाये हैं। भारत की तरफ से उनसे पहले यह उपलब्धि सचिन तेंदुलकर (18,426 रन), सौरव गांगुली (11,363 रन), राहुल द्रविड़ (10,889 रन) और मोहम्मद अजहरुद्दीन (9378 रन) ने हासिल की।
 
धोनी श्रीलंका के कुमार संगकारा (विकेटकीपर के रूप में 13,341 रन) और ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट (विकेटकीपर के रूप में 9410 रन) के बाद वन-डे में 9000 रन पूरे करने वाले तीसरे विकेटकीपर बन गए हैं। यही नहीं, धोनी 9000 से अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में अकेले ऐसे बल्लेबाज हैं जिनका औसत 50 से अधिक है। 
 
धोनी ने भारत के अलावा तीन मैच एशिया एकादश की तरफ से अफ्रीका एकादश के खिलाफ भी खेले जिनमें उन्होंने 174 रन बनाए। उन्होंने चार देशों श्रीलंका (2066), ऑस्ट्रेलिया (1255), इंग्लैंड ( 1260) और पाकिस्तान (1226) के खिलाफ 1000 या इससे अधिक रन बनाए हैं। 
 
धोनी कप्तान के रूप में 6500 से अधिक रन बना चुके हैं और इस रिकॉर्ड में ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग (8497 रन) के बाद दूसरे स्थान पर हैं। धोनी ने इसके साथ ही सचिन तेंदुलकर के 195 छक्कों के भारतीय रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली। धोनी ने 90 टेस्ट मैच भी खेले जिसमें उन्होंने 38.09 की औसत से 4876 रन बनाए। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
भारत ने 7 विकेट से जीता मोहाली वन-डे