• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2022
  2. हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022
  3. न्यूज़: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022
  4. Narendra Modi to address election rallies in Himachal
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 28 अक्टूबर 2022 (00:06 IST)

पीएम मोदी 5 व 9 नवंबर से हिमाचल में भाजपा की चुनावी रैलियों को करेंगे संबोधित

Narendra Modi
शिमला। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हिमाचल प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राज्य में 5 व 9 नवंबर से पार्टी की चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि संभावित कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री शिमला, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी में रैलियों को संबोधित करेंगे।
 
कश्यप ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, अनुराग ठाकुर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, स्मृति ईरानी, पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा और कई अन्य प्रमुख नेता भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनावी रैलियों की तारीखों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
 
एक सवाल पर कश्यप ने कहा कि भाजपा के बागी उम्मीदवारों को अपना नामांकन वापस लेने के लिए मनाने की कोशिश की जा रही है। शिमला के सांसद कश्यप ने कहा कि जो भाजपा के जो उम्मीदवार अपना नामांकन वापस नहीं लेंगे, उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया जाएगा। हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई कि बागी उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले लेंगे और उन्हें पार्टी से निकालने की स्थिति नहीं बनेगी।
 
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र वापस लेने की आखिरी तारीख 29 अक्टूबर है। राज्य की 68 सीटों वाली विधानसभा के लिए मतदान 12 नवंबर को होना है। मतगणना 8 दिसंबर को होगी।
 
Edited by: Ravindra Gupta(भाषा)
ये भी पढ़ें
MCD चुनाव, कचरे के पहाड़ पर गरमाई दिल्ली की सियासत, किसे मिलेगा फायदा?