शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
Written By समय ताम्रकर

अक्षय कुमार : एक वर्ष में चार सौ करोड़ पार

अक्षय कुमार : एक वर्ष में चार सौ करोड़ पार -
अक्षय कुमार के लिए वर्ष 2012 बेहतरीन साबित हुआ। उनकी पांच फिल्में रिलीज हुईं जिनमें से चार फिल्म हिट साबित हुईं। निर्माता के ‍रूप में उनकी दोनों फिल्मों ‘ओह माय गॉड’ और ‘खिलाड़ी 786’ को कामयाबी मिली। पर्सनल लाइफ में भी अक्षय के घर बेटी का जन्म हुआ।

अक्षय कुमार ने एक अनोखा रिकॉर्ड बनाया। यदि इस वर्ष रिलीज हुई उनकी पांचों फिल्मों का भारत के थिएटर्स में ‍किए गए कलेक्शन को जोड़ा जाए तो ये चार सौ करोड़ को पार कर जाता है। एक ही वर्ष में चार सौ करोड़ रुपये के आंकड़े को पार करने वाले अक्की बॉलीवुड के एकमात्र हीरो हैं।

PR


वर्ष के शुरुआत में अक्षय की हाउसफुल 2 रिलीज हुई और इस फिल्म ने लगभग 114 करोड़ रुपये कलेक्ट किए। उनकी दूसरी फिल्म राउडी राठौर अक्षय के करियर की सबसे बड़ी हिट साबित हुई और इस फिल्म ने 131 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।

जोकर फिल्म केवल 22 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर पाई और फ्लॉप रही। खास बात ये रही कि अक्षय ने इस फिल्म के प्रमोशन में हिस्सा न लेकर अपने फैंस तक यह संदेश पहुंचा दिया कि फिल्म उनके मन मुताबिक नहीं बनी है। अक्षय के इस कदम की खासी प्रशंसा हुई।

ओह माय गॉड अक्षय कुमार के मिजाज से एकदम अलग थी। अक्षय मसाला फिल्म करने के लिए जाने जाते हैं, लेकिन ओह माय गॉड ने धर्म के नाम पर पाखंड करने वालों की खूब खबर ली। इस फिल्म ने लगभग 82 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया जो कि फिल्म की लागत को देखते हुए बेहतरीन है।

वर्ष के आखिर में अक्षय की ‘खिलाड़ी 786’ रिलीज हुई और इस फिल्म ने अब तक 64 करोड़ करोड का कलेक्शन ‍कर लिया है और सफल फिल्मों की सूची में आ गई है। उम्मीद है कि इसके कलेक्शन 75 से 80 करोड़ के बीच जाएंगे। यदि हम 64 करोड़ भी माने तो सभी फिल्मों के कलेक्शन का योग 413 करोड़ रुपये जाता है। इसमें सैटेलाइट और अन्य राइट्स तथा ओवरसीज़ कलेक्शन शामिल नहीं हैं। अक्षय को हीरो ऑफ द ईयर कहा जा सकता है। वेलडन अक्की।