शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. मिर्च-मसाला
  4. सुपरहीरो रणबीर कपूर
Written By

सुपरहीरो रणबीर कपूर

सुपरहीरो रणबीर कपूर - सुपरहीरो रणबीर कपूर
वेक अप सिड और ये जवानी है दीवानी जैसी फिल्में रणबीर कपूर को लेकर अयान मुखर्जी बना चुके हैं। अब उनकी हालत ऐसी है कि रणबीर के बिना फिल्म की वे कल्पना नहीं कर सकते। कुछ वर्ष पूर्व करण जौहर भी शाहरुख खान के बारे में ऐसा सोचते थे, लेकिन बाद में उन्होंने शाहरुख के बिना भी सफल फिल्म बनाई और दिखा दिया कि उन्हें सफलता के लिए शाहरुख की जरूरत नहीं है। अयान के मन में ऐसा कोई विचार फिलहाल नहीं है। 
 
रणबीर के साथ तीसरी फिल्म शुरू करने के लिए अयान बेताब हैं, लेकिन रणबीर की व्यस्तता के कारण ऐसा संभव नहीं हो पा रहा है। पिछले दो वर्ष में रणबीर की एकमात्र फिल्म 'रॉय' रिलीज हुई है, जिसमें भी उनका रोल संक्षिप्त था। वे व्यस्त हैं, लेकिन फिल्में रिलीज नहीं हो रही हैं। इस पर रणबीर का बस नहीं है क्योंकि फिल्म इंडस्ट्री बेतरतीब तरीके से काम करने के लिए जानी जाती है।  
 
अनुराग कश्यप की फिल्म 'बॉम्बे वेलवेट' ने रणबीर का बहुत सारा समय ले लिया। इस फिल्म को रणबीर ने इतना समय दिया कि इतने में वे दो से तीन फिल्म कर सकते थे। 'बॉम्बे वेलवेट' के कारण रणबीर की 'जग्गा जासूस' और 'तमाशा' फिल्म की शूटिंग भी प्रभावित हुई है। 
बॉम्बे वेलवेट रिलीज होने के कगार पर है और उसके बाद रणबीर इन दो फिल्मों की शूटिंग खत्म करना चाहते हैं। इसके बाद वे करण जौहर की 'ऐ दिल है मुश्किल' की शूटिंग आरंभ करेंगे। अयान की फिल्म शूटिंग फरवरी 2016 में शुरू होगी। 
 
गौरतलब है कि अयान की इस फिल्म में रणबीर एक सुपरहीरो के रूप में दिखाई देंगे। अयान की अब रिलीज हुईं दो फिल्मों से इसका मिजाज अलग होगा। रणबीर को सुपरहीरो के रूप में देखना उनके फैंस के लिए नया अनुभव होगा। 

 
शाहरुख खान, रितिक रोशन जैसे अभिनेता बॉलीवुड में सुपरहीरो की भूमिका निभा चुके हैं और अब रणबीर यह काम करने वाले हैं। अयान और रणबीर का सौ प्रतिशत की सफलता का रिकॉर्ड है। अयान कुछ नया करने में विश्वास रखते हैं और उनका सुपरहीरो हटकर होगा ऐसी उम्मीद की जा सकती है।