• Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. Do you know Salman Khans real name
Written By WD Entertainment Desk
Last Modified: बुधवार, 27 दिसंबर 2023 (14:50 IST)

क्या आप जानते हैं सलमान खान का असली नाम?

क्या आप जानते हैं सलमान खान का असली नाम? | Do you know Salman Khans real name
Salman Khan Birthday: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान 58 वर्ष के हो गए हैं। 27 दिसंबर 1965 को जन्में सलमान खान का मूल नाम अब्दुल राशिद सलीम सलमान खान है और उनके पिता सलीम खान फिल्म इंडस्ट्री के जानेमाने पटकथा एवं संवाद लेखक हैं। सलमान ने अपने करियर की शुरुआत साल 1988 में रिलीज फिल्म 'बीबी हो तो ऐसी' से की। इस फिल्म में उन्होंने छोटी सी भूमिका निभाई थी।
 
साल 1989 में सलमान को राजश्री प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म 'मैंने प्यार किया' में काम करने का अवसर मिला। युवा प्रेम कथा पर आधारित इस फिल्म में सलमान और भाग्यश्री की जोड़ी को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी फिल्म मैंने प्यार किया सुपरहिट साबित हुई। इस फिल्म के लिए सलमान को फिल्म फेयर का सर्वश्रेष्ठ मेल डेब्यू अभिनेता का भी पुरस्कार मिला।
 
फिल्म 'मैंने प्यार किया' की सफलता के बाद सलमान खान दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाने में कुछ हद तक सफल हो गए। वर्ष 1991 में रिलीज फिल्म 'सनम बेवफा' सलमान खान के करियर की अहम फिल्मों में शुमार की जाती है। इसी वर्ष सलमान की फिल्म साजन रिलीज हुई। इस फिल्म में उनकी जोड़ी माधुरी दीक्षित के साथ काफी पसंद की गई। इस फिल्म में सलमान ने रोमांटिक के साथ ही भावपूर्ण अभिनय कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
 
साल 1994 में राजकुमार संतोषी निर्देशित फिल्म 'अंदाज अपना अपना' में सलमान खान के अभिनय का नया रंग देखने को मिला। इस फिल्म के पहले उनके बारे में यह बात की जाती थी कि वह केवल रूमानी भूमिका ही निभा सकते हैं लेकिन सलमान ने आमिर खान के साथ मिलकर अपने हास्य अभिनय से दर्शकों को लोटपोट कर दिया। साल 1994 में ही सलमान को एक बार फिर से राजश्री प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म हम आपके है कौन में काम करने का अवसर मिला। 
 
पारिवारिक पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में उनकी जोड़ी माधुरी दीक्षित के साथ एक बार फिर से काफी पसंद की गयी। फिल्म ने सफलता के नये कीर्तिमान स्थापित किये और ऑल टाइम ग्रेटेस्ट हिट्स में शुमार हो गई। साल 1997 में रिलीज फिल्म जुड़वा में सलमान ने दोहरी भूमिका निभाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। साल 1998 में उन्होंने अपने भाई सोहेल खान के निर्देशन में बनी फिल्म 'प्यार किया तो डरना क्या' में काम किया। इस फिल्म में सलमान खान के अपोजिट काजोल थी। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। 
 
साल 1999 में रिलीज फिल्म हम दिल दे चुके सनम सलमान खान के करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शुमार की जाती है। संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सलमान की जोड़ी ऐश्वर्या राय के साथ काफी पसंद की गई। अजय देवगन जैसे संजीदा अभिनेता की उपस्थिति में भी सलमान के अभिनय को दर्शकों ने जमकर सराहा। साल 2003 में रिलीज फिल्म तेरे नाम सलमान के करियर की एक और सुपरहिट फिल्म साबित हुई। इस फिल्म में सलमान खान ने रोमांटिक के साथ ही भावपूर्ण अभिनय कर दर्शकों को भाव विभोर कर दिया। 
 
इसी वर्ष उन्हें अमिताभ बच्चन के साथ बागबान में काम करने का अवसर मिला। छोटी सी भूमिका में भी सलमान दर्शकों का ध्यान अपनी ओर आकृष्ट करने में सफल रहे। साल 2005 में प्रदर्शित फिल्म मैंने प्यार क्यूं किया में सलमान की जोड़ी कैटरीना कैफ के साथ काफी पसंद की गई। इसके बाद उन्होंने साल 2005 में ही रिलीज फिल्म नो इंट्री और वर्ष 2007 में प्रदर्शित फिल्म पार्टनर के जरिए अपनी जबरदस्त कॉमिक टाइमिंग का नजारा दर्शकों के सामने पेश किया।
 
साल 2008 में रिलीज फिल्म वांटेड उनके करियर के लिए अभूतपूर्व परिवर्तन लेकर आई। प्रभुदेवा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सलमान खान ने माचो हीरो की भूमिका निभायी। उनके इस अंदाज को दर्शकों ने सर आंखो पर लिया। साल 2010 में सलमान ने अपने भाई अरबाज खान की फिल्म दबंग में काम किया। अभिनव कश्यप के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सलमान खान ने एक बार फिर से अपनी माचोमैन की छवि दर्शकों के बीच पेश की। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई की।
 
साल 2011 एक बार फिर से सलमान खान के करियर के लिए उपलब्धियों भरा साल साबित हुआ। इस साल सलमान खान की रेडी और बॉडीगार्ड जैसी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर 150 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई कर नया इतिहास रच दिया। वर्ष 2012 में सलमान खान की एक था टाइगर और दबंग 2 जैसी फिल्मों ने भी बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की।
 
सलमान की साल 2014 में जय हो और किक जैसी सुपरहिट फिल्में रिलीज हुई है। किक ने बॉक्स ऑफिस पर 233 करोड़ रुपए की कमाई की। उनकी साल 2015 में बजरंगी भाईजान और प्रेम रतन धन पायो जैसी सुपरहिट फिल्में रिलीज हुई। बजरंगी भाईजान ने 320 करोड़ की कमाई की। प्रेम रतन धन पायो में सलमान खान ने दोहरी भूमिका निभायी है। फिल्म ने 207 करोड़ से अधिक की कमाई की है। साल 2016 में सलमान की फिल्म सुल्तान रिलीज हुई। फिल्म ने 300 करोड़ की कमाई की। 
 
सलमान खान की साल 2017 में ट्यूबलाइट और फिल्म टाइगर जिंदा है प्रदर्शित हुई। टाइगर जिंदा है ने बॉक्स ऑफिस पर 339 करोड़ से अधिक की कमाई की है। सलमान की वर्ष 2018 में फिल्म रेस 3 रिलीज हुयी। फिल्म ने 170 करोड़ की कमाई की है। वर्ष 2019 में सलमान की भारत और दबंग 3 रिलीज हुई। भारत ने 209 करोड़ जबकि दबंग 3 ने 150 करोड़ की शानदार कमाई की। वर्ष 2021 में सलमान की 'राधे : योर मोस्ट वांटेड भाई' और अंतिम रिलीज हुई। 
 
सलमान खान ने अपने सिने करियर में अब तक लगभग 100 फिल्मों में काम किया है। सलमान के करियर की उल्लेखनीय फिल्मों में पत्थर के फूल, दिल तेरा आशिक, करण अर्जुन, खामोशी, जीत, जब प्यार किसी से होता है, बंधन, बीबी नंबर वन, हम साथ साथ है, गर्व, मुझसे शादी करोगी, युवराज, वीर शामिल हैं। सलमान खान की इस वर्ष किसी का भाई किसी की जान और टाइगर 3 जैसी फिल्में रिलीज हुई है। 
Edited By : Ankit Piplodiya 
ये भी पढ़ें
Year Ender 2023 : अदा शर्मा से लेकर दीपिका पादुकोण तक: इन एक्ट्रेस ने शानदार परफॉर्मेंस से जीता दिल