• Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. मिर्च-मसाला
  4. Akshay Kumar, Airlift, Irrfan Khan, Raja Menon, Nikhil Advani
Written By

'एअरलिफ्ट' के लिए अक्षय कुमार नहीं थे पहली पसंद

'एअरलिफ्ट' के लिए अक्षय कुमार नहीं थे पहली पसंद - Akshay Kumar, Airlift, Irrfan Khan, Raja Menon, Nikhil Advani
अक्षय कुमार के फैंस जानकर आश्चर्य में पड़ जाएंगे कि जिस एअरलिफ्ट में रंजीत कटियाल की भूमिका निभा कर उनका प्रिय सितारा प्रशंसा बटोर रहा है वह फिल्म के निर्देशक राजा मेनन की पहली पसंद नहीं था। राजा ने ‍तो किसी दूसरे अभिनेता की छवि गढ़ ली थी, लेकिन 'एअरलिफ्ट' के निर्माताओं में से एक निखिल आडवाणी ने अक्षय का नाम सुझाया और राजा को राजी किया तब जाकर अक्षय की फिल्म में एंट्री हुई। 
 
'एअरलिफ्ट' की जब स्क्रिप्ट पूरी हुई और कलाकारों के चयन की शुरुआत हुई तब राजा के दिमाग में दूर-दूर तक अक्षय का नाम नहीं था क्योंकि अक्षय तो कमर्शियल फिल्म के लिए जाने जाते हैं। 'एअरलिफ्ट' जैसी गंभीर फिल्म उनकी छवि से मेल नहीं खाती। 
 
राजा ने इरफान खान का नाम सोचा था क्योंकि इरफान लोकप्रिय होने के साथ-साथ बेहतरीन कलाकार भी हैं। निर्माता के रूप में जब निखिल आडवाणी जुड़े तो उन्होंने कहा कि फिल्म का बड़े पैमाने पर बनाया जाए और अक्षय कुमार को हीरो लिया जाए। राजा इसके लिए राजी नहीं हुए। उनका ये मानना था कि अक्षय कुमार भी फिल्म करने के लिए राजी नहीं होंगे। यदि राजी भी हुए तो इतनी गंभीरता से काम नहीं करेंगे। 
निखिल ने किसी तरह राजा को मना लिया। अक्षय तक स्क्रिप्ट पहुंचाई गई तो सभी को हैरत में डालते हुए यह फिल्म करने के लिए खिलाड़ी कुमार तुरंत राजी हो गया। निखिल ने बताया कि अक्षय कुमार महंगे सितारे हैं और वे बड़े बजट की फिल्म बनाने में असमर्थ है। अक्षय निर्माता बन गए। उन्होंने मात्र आठ करोड़ रुपये की फीस ली और सत्तर प्रतिशत मुनाफे में भागीदार हो गए। फायदा भी उन्हें जबरदस्त हुआ। अब तक 55 करोड़ रुपये की कमाई अक्षय इस फिल्म से कर चुके हैं। 
 
इरफान को तो पता ही नहीं चला कि एक फिल्म उनकी ओर आ रही थी, लेकिन बीच राह में अक्षय की तरफ मुड़ गई। वैसे अक्षय के अभिनय से राजा बेहद खुश हैं और उनका मानना है कि अक्षय ने फिल्म के लिए अपना सौ प्रतिशत दिया है।