शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
Written By समय ताम्रकर
Last Updated : सोमवार, 10 नवंबर 2014 (14:42 IST)

खान त्रिमूर्ति को टक्कर दे रहे हैं रणबीर कपूर

खान त्रिमूर्ति को टक्कर दे रहे हैं रणबीर कपूर -
बॉलीवुड के रॉकस्टार रणबीर कपूर फिल्म इंडस्ट्री में एकमात्र ऐसे नवोदित अभिनेता हैं जो सही मायनों में खान त्रिमूर्ति को टक्कर दे रहे हैं। 28 सितंबर 1982 को मुंबई में जन्मे रणबीर कपूर को अभिनय की कला विरासत में मिली। रणबीर के पिता ऋषि कपूर और मां नीतू सिंह बॉलीवुड के मशहूर कलाकार हैं। रणबीर ने अपने सिने करियर की शुरुआत वर्ष 2007 में प्रर्दशित फिल्म फिल्म 'सांवरिया' से की। इसी फिल्म से अनिल कपूर की सुपुत्री सोनम कपूर ने भी शुरुआत की थी। 
संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी 'सांवरिया' यूं तो टिकट खिड़की पर कोई खास कमाल नही दिखा सकी, लेकिन रणबीर का अभिनय दर्शकों को बेहद पसंद आया। इस फिल्म के लिए रणबीर कपूर फिल्म फेयर के डेब्यू पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वर्ष 2009 में रिलीज फिल्म 'वेक अप सिड' रणबीर कपूर के करियर की पहली हिट फिल्म साबित हुई। 
 
अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी 'वेक अप सिड' में रणबीर कपूर ने संजीदा अभिनय किया था। इस फिल्म के लिए रणबीर को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्म फेअर क्रिटिक्स पुरस्कार दिया गया। 2010 में रणबीर को प्रकाश झा की फिल्म 'राजनीति' में काम करने का अवसर मिला। इस फिल्म में भी रणबीर कपूर ने संजीदा अभिनय कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 
 
रॉकस्टार (2011) ने रणबीर कपूर को फिल्म इंडस्ट्री में सही पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका दिलाई। इम्तियाज अली के  निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर ने एक बार फिर से शानदार अभिनय किया। इस फिल्म के लिए रणबीर को पहली बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्म फेअर पुरस्कार दिया गया। इसी फिल्म के लिए उन्हें फिल्म फेअर का क्रिटिक्स पुरस्कार भी दिया गया। 
 
बरफी (2012) ने रणबीर कपूर को न सिर्फ भारत में बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी काफी ख्याति दिलाई। अनुराग बासु के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा लिया। इस फिल्म के लिए भी उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्मफेअर पुरस्कार समेत कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। 
 
ये जवानी है दीवानी रणबीर कपूर के करियर की सबसे कामयाब फिल्म साबित हुई। अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर की छवि एक रॉकस्टार की थी। युवाओं को ध्यान में रखकर बनाई गई इस फिल्म में रणबीर और दीपिका पादुकोण की जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया। इस फिल्म ने बॉक्सऑफिस पर लगभग 180 करोड़ रुपये का व्यवसाय किया।  
 
2013 में रणबीर कपूर की फिल्म बेशर्म बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं दिखा पाई। उनकी आने वाली फिल्मों में जग्गा जासूस और बांबे वेलवेट प्रमुख है। अनुराग बासु के साथ मिलकर वे जग्गा जासूस का सहनिर्माण कर रहे हैं।(वार्ता)