शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. Kamal R Khan, Karan Johar
Written By

कमाल आर खान को करण जौहर ने दिया 25 लाख का ऑफर!

कमाल आर खान को करण जौहर ने दिया 25 लाख का ऑफर! - Kamal R Khan, Karan Johar
कमाल आर खान इतने बड़े फिल्म समीक्षक तो हैं नहीं कि उनके रिव्यू से फिल्म के कलेक्शन पर असर पड़े। न वे इतने समझदार हैं कि उनके कहने से कोई फिल्म महान बन जाए, लेकिन कमाल खान अपनी दुनिया में खोए रहते हैं और उन्हें लगता है कि दुनिया उनके इर्दगिर्द चक्कर लगा रही है। 
 
विवाद उनके चर्चित रहने का ऑक्सीजन है। कोई कमाल के मुंह नहीं लगना चाहता, इसलिए कमाल खुद जाकर बैल से टकराते हैं। सोशल मीडिया के हथियार का वे गलत तरीके से उपयोग करते हैं। आए दिन सेलिब्रिटीज के खिलाफ भद्दे ट्वीट्स करते हैं। कुछ लोग हंसते हैं, कुछ गालियां बकते हैं। कमाल का काम हो जाता है। बदनाम हुए तो क्या हुआ 'नाम' तो हुआ। 
 
हाल ही में कमाल खान ने ट्वीटर के जरिये कह रहे हैं कि करण जौहर ने उन्हें आने वाली फिल्म 'बॉम्बे वेलवेट' को चार स्टार देने के बदले 25 लाख रुपये का ऑफर दिया है। साथ ही उन्होंने यह भी ट्वीट किया है कि करण जौहर और अनुराग कश्यप ने उन्हें धमकाया है कि वे रिव्यू देना बंद करे। अनुराग ने ट्वीट कर स्थिति स्पष्ट कर दी है और यह भी लिखा है कि केआर के का उनके लिए कोई महत्व नहीं है। 
 
सभी जानते हैं कि कमाल खान अर्नगल बातें करते हैं और उनकी बातों में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं होती। वे सिर्फ सुर्खियां बटोरने के लिए ऐसा करते हैं। उन्हें कोई भाव नहीं देता इसलिए वे खुद जाकर लोगों से पंगा मोल लेते हैं। कुछ दिनों पहले उन्होंने कपिल शर्मा से फिजूल में विवाद किया था। 
 
बड़ी-बड़ी बातें करना और फिर मुंह की खाना उनकी आदत बन चुकी है और इसके लिए उन्हें कोई शर्म महसूस नहीं होती। लोकसभा चुनाव के पूर्व उन्होंने जोर-शोर से कहा था कि ‍यदि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बन जाते हैं तो वे देश छोड़ देंगे। मोदी पीएम बन गए और लोगों ने कमाल को यह बात याद दिलाई तो उन्होंने ट्वीट करना आरंभ कर दिया कि वे दुबई चले गए हैं। दस-पंद्रह दिन बाद उन्होंने लिखा कि एक भाजपा नेता ने उन्हें वापस बुला लिया इसलिए वे भारत आ गए। 
 
कमाल का पूरा नाम कमाल रशीद खान है। जिस तरह शाहरुख खान को एसआरके कहा जाता है उसी तरह कमाल अपने आपको केआरके कहते हैं। उन्होंने अब तक एकमात्र फिल्म 'देशद्रोही' बनाई है। बिग बॉस सीजन 3 में वे नजर आए थे जहां उन्हें हिंसात्मक व्यवहार के कारण शो से बाहर कर दिया गया था। शो में उन्होंने अपने अमीरी के बखान किए थे कि वे दूध और पानी भी विदेश का पीते हैं और उनके पास खूब पैसा है। इस शो के दौरान ही उन्होंने शो के होस्ट अमिताभ बच्चन को अपनी एक फिल्म ऑफर कर दी थी। बाद में बिग भी ने कमाल खान की वेबसाइट को लांच किया। 
 
लोकप्रियता की लहर पर सवार रहने का कमाल खान को चस्का लग गया। फिल्में तो एक-दो ही मिली, लेकिन सोशल नेटवर्किंग का सहारा उन्हें मिल गया। ऊंटपटांग ट्वीट्स कर उन्होंने लोगों का ध्यान खींचा और मीडिया में भी जगह मिली। जिस तरह पूनम पांडे हॉट तस्वीर/वीडियो का सहारा लेकर हेडलाइंस में रहती हैं उसी तरह कमाल ये करने के लिए गालियों और विवादों का सहारा लेते हैं। सोशल नेटवर्किंग साइट्स का एक उपयोग ये भी है।